रविवार, 24 अगस्त 2014

सावन में देवभूमि कुल्लू की स्वर्गोपम छटा

            यात्रा का आवाह्न देती कुल्लू की मनोरम वादियाँ


 (सावन के माह में यात्रा का यह संक्षिप्त वृतांत कुल्लु घाटी में प्रवेश से लेकर जाणा-नगर की यात्रा पर आधारित है, जिसका अनुभव इस मौसम में किसी भी पर्वतीय क्षेत्र पर न्यूनाधिक रुप में एक आस्थावान प्रकृति प्रेमी कर सकता है)


सावन माह के चरम पर जहाँ समूची धरती हरयाली की मखमली चादर ओढ लेती है, वहीं पर्वतीय क्षेत्रों में हरी-भरी वादियाँ, झरते झरने, फलों से लदे बागान और अपनी वृहद जलराशी से गर्जन-तर्जन करती हिमनदियाँ घाटी के सौंदर्य में चार-चाँद लगा देती हैं। ऐसे में अगस्त माह में इन घाटियों में यात्रा का आनन्द एवं रोमाँच शब्दों में वर्णन करना कठिन हो जाता है। इसे कोई घुम्मकड़ स्वामी ही इन वादियों के आगोश में खोकर अनुभव कर सकता है।


हालाँकि वर्षा के कारण यह समय खतरों से खाली नहीं रहता। बादल फटने से लेकर, हिमनदियों में बाढ़, भूस्खलन की घटनाएं आम होती हैं। लेकिन रोमाँचप्रेमी घुम्मकड़ों के मचलते पगों को अपनी तय मंजिल की ओर बढ़ने से ये खतरे भला कब रोक पाए हैं। अपने अंतर के अद्मय एडवेंचर प्रेम व अढिग आस्था के चलते सावन में भी कुछ जाबाँज घाटी के आवाहन को ठुकरा नहीं पाते।

एक आस्थावान यात्री के लिए इस माह की यात्रा किसी तीर्थ यात्रा से कम नहीं होती। हरीभरी वादियों के बीच सफर का आनन्द कोई रोमाँचप्रेमी ही बता सकता है। मौसन में न अधिक गर्मी होती है न ठण्ड। तापमान के सम-स्थिर बिंदु पर हवा का झोंका यात्रा के सफर को और सुहाना बना देता है। घाटियों में इधर से उधर तैरते आवारा बादलों की मस्ती देखते ही बनती है। पर्वतशिखरों को अपनी आगोश में लेते काले-सफेद बादल एक मनोरम दृश्य खड़ा करते हैं।

 
आस्थापूरित अंतःकरण के साथ पर्वतीय क्षेत्रों की यात्रा, एक आध्यात्मिक अनुभव से पूरित हो जाती है। प्रकृति के अलौकिक सौंदर्य के बीच चित्त सहज ही ध्यानस्थ हो जाता है। सहजानन्द की इस अवस्था में यात्री आत्मस्थ हो जाता है। जीवन का उच्चस्तरीय दर्शन चिदाकाश पर सूर्य की भाँति आलोकित हो उठता है। जीवन इन पलों में जैसे समाधि सुख ले रहा होता है। जीवन के सारे द्वन्द-विक्षोभ शांत हो जाते हैं। कल तक भौतिक एवं मानसिक संताप में झुलसता जीवन, आज स्वर्गीय सुख की अनुभूति से सराबोर हो जाता है।

कल तक जो पहाड़ी नाले सूखे पड़े थे वे आज दूधिया धार के साथ पग-पग पर झरते हुए, यात्रियों का स्वागत करते नजर आते हैं। इन झरनों व पहाड़ी नालों से पोषित हिम नदियाँ अपने पूरे यौवन में इठलाती हुई सागर की ओर बहती हैं व उनका उत्साह देखते ही बनता है। राह का शायद की कोई अवरोध, बाधा उनकी त्वरा, उनके उद्दाम वेग को रोकने की सोच सके, इनका सामना करने का दुस्साहस कर सके।


पहाड़ी के शिखर पर स्थित देवालय इस यात्रा को नए मायने दे जाते हैं। पिरामिड नुमा शिखर के दोनों ओर से बह रही हिम नदियाँ, ठीक शिखर के नीचे दिव्य संगम की सृष्टि करती हैं। कुल्लू में स्थित शिखर पर विराजमान बिजलेश्वर महादेव और उनके चरणों को पखारती व्यास एवं पार्वती नदियों का संगम कुछ ऐसा ही नजारा पेश करता है। ऐसे संगम स्थल लोक आस्था में एक तीर्थ का रुप लिए हुए होते हैं।

घाटी में फलों के बागान सफर के आनन्द को बहुगुणित कर देते हैं। राह से सटे फलों से लदे ये बगीचे दावत के लिए यात्रियों को खुला आमंत्रण दे रहे होते हैं। नाना प्रकार के फलों से लदे बागानों को देखकर लगता है कि जैसे प्रकृति ने दोनों हाथों से अपनी संपदा इन घाटियों पर लूटा दी हो। शायद ही ऐसा कोई घर हो जिसका अपना फल का वृक्ष न हो। खुमानी, प्लम, नाशपाती, चेरी, अखरोट, जापानी फल व सेब जैसे स्वादिष्ट फल इस क्षेत्र में प्रचुर मात्रा में पाए जाते हैं। सेब के लिए तो यह क्षेत्र विशेषरुप से प्रख्यात है। 


गगनचुम्बी देवदार वृक्षों का उल्लेख किए बिना इस क्षेत्र का वर्णन अधूरा ही माना जाएगा। घाटी में प्रवेश करते ही दशहरा मैदान (ढालपुर) से ही देवदार आगंतुकों का स्वागत करते हैं। आगे जैसे-जैसे घाटी का आरोहण करते हैं, इनके सघन वन यात्रियों को दिव्यलोक में विचरण की अनुभूति देते हैं। ऊँचाई पर बांज, बुराँस के जंगल भी पर्यटकों का ध्यान आकर्षित करते हैं। शिखर से घाटी का विहंगम दृश्य दर्शनीय रहता है। घाटी के बीच में बहती व्यास नदी पतली चाँदी की धार सी प्रतीत होती है।


ऋषियों की तपःस्थली होने के कारण इस भूमि को ऋषि भूमि के नाम से भी जाना जाता है। बशिष्ट, व्यास, मनु, भृगु, जमदग्नि जैसे ऋषियों की तपःस्थलियों से जुड़े इस क्षेत्र का इतिहास आज भी पुरातन युग की ओर ले जाता है। यहाँ हर गाँव का अपना देवता है, जिनकी आज्ञा-आदेश व मार्गदर्शन की छत्रछाया में ही यहाँ का लोकजीवन संचालित होता है। भगवान श्रीराम जिन्हें यहाँ ठाकुर कहा जाता है, इस क्षेत्र के प्रमुख आराध्य हैं, जिन्हें विश्व प्रख्यात दशहरा मेला के अवसर पर श्रद्धाँजलि देने सभी देवगण ढालपुर मैदान पधारते हैं। इसके साथ यह क्षेत्र शिव-शक्ति की विहार भूमि रही है। नाथ गुरुओं के यहाँ से कई स्थल जुडे हैं। सिक्खों के प्रथम गुरु नानक देव जी का भी यहाँ के मणिकर्ण क्षेत्र से जुड़ाव प्रख्यात है। कालांतर में यहाँ स्थापित गोंंपा (बौद्ध मंदिर) भी यात्रियों के लिए आकर्षण का केंद्र रहते हैं।


कुल्लू मनाली के बीच में स्थित नग्गर (कुल्लु की प्राचीन राजधानी) की चर्चा किए बिना यात्रा अधूरी ही मानी जाएगी। नग्गर में रूस के विश्व विख्यात चित्रकार, पुरातत्वविद, यायावर, विचारक, भविष्यद्रष्टा एवं शांतिदूत निकोलस रोरिक की समाधि व शोध केंद्र स्थित है। सन् 1928 में रूस से यहाँ पधारे रोरिक ने जीवन के अंतिम 20 वर्ष गंभीर सृजन साधना में बिताए थे। इनको जानने वाले भावनाशीलो के लिए इनकी समाधि तीर्थ से कम नहीं है। नगर के इर्द-गिर्द कई दर्शनीय स्थल हैं, जिनमें जाणा फाल लोकप्रिय है। इसी की राह में देवदार के सघन वनों के बीच यात्रा व नीचे सुंदर घाटियों का अवलोकन बेजोड़ अनुभव साबित होता है।


अपने अप्रतिम प्राकृतिक सौंदर्य़ के साथ स्नो लाइन मनाली के समीप होने के कारण कुल्लू घाटी आज पर्यटन के एक प्रमुख हिल स्टेशन के रुप में लोकप्रिय है, जिसके कारण विदेशी मेहमानों का भी यहाँ आगमन बढ़ रहा है। कुछ काल का प्रवाह तो कुछ आधुनिकता का असर परम्पराओं पर साफ नजर आ रहा है। देववाद के साथ जुड़ी बलिप्रथा एवं शराब का बढ़ता चलन तथा युवाओं की अपनी संस्कृति के प्रति उपेक्षा चिंता का विषय है। लेकिन अपनी समृद्ध प्राकृतिक एवं आध्यात्मिक विरासत के साथ यह क्षेत्र सांस्कृतिक-सामाजिक उत्थान का सबल आधार लिए हुए है। इसे किस तरह से परिमार्जित किया जाए, सुरक्षित रखा जाए व नई पीढ़ी तक हस्तांतरित किया जाए, यह विचारणीय है। इसी में इस देवभूमि के संतुलित एवं समग्र विकास का मर्म छिपा है। 

शुक्रवार, 22 अगस्त 2014

डायरी लेखन के लाभ



 

डायरी लेखन एक बहुत ही वैयक्तिक विधा है, जो शुरु तो खुद से होती है, लेकिन इसकी कोई सीमा नहीं। इसका विस्तार अनन्त है। दिन के महत्वपूर्ण घटनाक्रम, विचार-भावों के उतार-चढ़ाव, विशिष्ट मुलाकातें व यादगार सबक - इन सबका लेखा-जोखा डायरी लेखन के अंग हैं। आत्म मूल्याँकन की एक विधा के रुप में डायरी लेखन अगर आदत में शुमार हो जाए तो इसके लाभ अनेक हैं, और क्रमशः इससे नए-नए आयाम प्रकट होने लगते हैं। लेखन की विविध विधाएं इससे अनायास ही जुड़ती जाती हैं। 

प्रस्तुत है नित्य डायरी लेखन के कुछ लाभ –

1.     स्व मूल्याँकन का एक प्रभावी उपकरण – 

  नित्य डायरी लेखन हमें अपने व्यवहार के साथ विचार-भाव व अंतर्मन की गहराईयों से रुबरु कराती है, जिससे हम क्रमशः अपने व्यक्तित्व की गहरी परतों, इसके पैटर्न से परिचित होते जाते हैं। हमें अपने जीवन का लक्ष्य, ध्येय, मंजिल और स्पष्ट होने लगते हैं, जो जीवन यात्रा के रोमाँच को और बढ़ा देते हैं।

2.     मनःचिकित्सा की एक प्रभावी तकनीक के रुप में – 

  तनाव, अवसाद के पल यदि जीवन में घनीभूत हो जाएं, तो जीवन एक प्रत्यक्ष नरक बन जाता है। तनावपूर्ण जीवन की घुटन, बैचेनी एवं भाव विक्षोभ को हल्का करने में डायरी लेखन एक प्रभावी भूमिका निभाती है। डायरी लेखन के माध्यम से अंतर का यह वैचारिक-भावनात्मक दबाव हल्का हो जाता है। आश्चर्य नहीं कि, आज मनः चिकित्सा की एक विधा के रुप में डायरी लेखन का उपयोग किया जा रहा है।



3.     स्व प्रेरक, मोटीवेशन शक्ति के रुप में – 

  डायरी लेखन में हम अपनी विशेषताओं, उपलब्धियों, यादगार पलों, मुलाकातों, साक्षात्कारों को भी रिकार्ड करते हैं। अवसाद या हताशा-निराशा के पलों में डायरी के ये पन्ने एक मोटीवेशन शक्ति के रुप में काम करते हैं। जीवन के विकट पलों में इन पन्नों को पलटकर हम एक नयी शक्ति का संचार कर सकते हैं।

4.     लेखन कौशल प्रशिक्षिका के रुप में – 

  नित्य डायरी लेखन, लेखन कौशल का विकास करता है। सहज ही लेखन की एक शैली विकसित होती है। प्रारम्भ में हो सकता है इसका स्वरुप बहुत स्पष्ट न हो, लेकिन समय के साथ शब्दों का सही चयन, विचार-भावों की सही-सटीक अभिव्यक्ति संभव होने लगती है। आश्चर्य नहीं की नित्य डायरी लेखन की आदत व्यक्ति को एक लेखक बना देती है, जो इस विधा का प्रयोग करके जीवन के विविध क्षेत्रों में रचनात्मक लेखन को अंजाम दे सकता है।



5.     रचनात्मक लेखन के प्लेटफोर्म के रुप में – 

  अपने अंतर्मन के मौलिक भावों-विचारों को अभिव्यक्ति देने के साथ डायरी रचनात्मक लेखन की एक उर्वर भूमि का काम करती है, जिसे विविध रुपों में विस्तार दिया जा सकता है। यात्रा वृतांत, सतसंग संकलन से लेकर संस्मरण लेखन आदि डायरी लेखन के ही विभिन्न रुप विस्तार हैं। इंटरनेट के वर्तमान युग में वेब डायरी के रुप में ब्लॉग की लोकप्रियता सर्वविदित है।

6.     एक आध्यात्मिक अनुभव के रुप में – 

  यदि अपने विचार, भाव एवं कर्मों के ईमानदार ऑडिट के रुप में डायरी का उपयोग किया जाए, तो यह एक आध्यात्मिक अनुभव के रुप में प्रकट होती है। इसमें जहाँ आत्म-निरीक्षण, आत्म-सुधार, आत्म-निर्माण और आत्म-विकास की प्रकिया सम्पन्न होती है, वहीं यह अपने ईष्ट-आराध्य से संवाद का एक माध्यम भी बनती है। इसके साथ डायरी आंतरिक परिष्कार के साथ आत्मिक प्रगति की सूचक के रुप में भी काम करती है।

7.     एक अमूल्य धरोहर, विरासत के रुप में – 

  एक वैज्ञानिक की प्रयोगधर्मिता, एक साधक की तत्परता-निष्ठा, एक विद्यार्थी की जिज्ञासा, एक शोधार्थी की शोधदृष्टि के साथ यदि इस सृजनात्मक कार्य में जुटा जाए, तो अपने निष्कर्षों के साथ डायरी लेखन एक ऐसी ज्ञान संपदा देने में सक्षम है, जिसे मूल्यवान कहा जा सके। सृजन के इतिहास में कितनी ही उत्कृष्ट एवं कालजयी कृतियाँ इस आधार पर मानवती की साहित्यिक धरोहर बन चुकी हैं। इस तरह एक सृजन साधक की मौलिक सृजन सृष्टि के रुप में डायरी लेखन साहित्यिक सम्पदा का एक अनमोल उपहार दे सकती है।
    
    लेखन से जुड़े अन्य लेख नीचे पढ़ सकते हैं -
 
 
  ब्लॉगिंग की शुरुआत कैसे करें...
 
 



रविवार, 10 अगस्त 2014

जीवन के अधूरेपन को पूर्णता देता अध्यात्म


अध्यात्म क्या?
आजकल अध्यात्म का बाजार गर्म है। टीवी पर आध्यात्मिक चैनलों की बाढ़ सी आ गई है। रोज मार्केट में अध्यात्म पर एक नई पुस्तक आ जाती है। न्यू मीडिया अध्यात्म से अटा पड़ा है। लेकिन अध्यात्म को लेकर जनमानस में भ्रम-भ्राँतियों का कुहासा भी कम नहीं है। इस ब्लॉग पोस्ट में अध्यात्म तत्व के उस पक्ष पर प्रकाश डालने का एक बिनम्र प्रयास किया जा रहा है, जिससे कि हमारा रोज वास्ता पड़ता रहता है। 

     शाब्दिक रुप में अध्यात्म, अधि और आत्मनः शब्दों से जुड़ कर बना है। जिसका अर्थ है - आत्मा का अध्ययन और इसका अनावरण।

मन एवं व्यक्तित्व का अध्ययन तो आधुनिक मनोविज्ञान भी करता है, लेकिन इसकी अपनी सीमाएँ हैं। इसके अंतर्गत अपना वजूद देह मन की जटिल संरचना और समाज-पर्यावरण के साथ इसकी अंतर्क्रिया से उपजे व्यक्तित्व तक सीमित है। इस सीमा के पार अध्यात्म अपने परामनोवैज्ञानिक एवं पारलौकिक स्वरुप के साथ व्यक्तित्व का समग्र अध्ययन करता है। इसीलिए अध्यात्म को उच्चस्तरीय मनोविज्ञान भी कहा गया है। देह मन के साथ यह व्यक्तित्व के उस सार तत्व से भी वास्ता रखता है, जिसे यह इनका आदिकारण मानता है और इनसे जुड़ी विकृतियों का समाधान भी। 

इसीलिए आध्यात्मिक दृष्टि में जीवन का लक्ष्य आत्मजागरण, आत्मसाक्षात्कार, ईश्वरप्राप्ति जैसी स्थिति है, जिनसे उपलब्ध पूर्णता की अवस्था को समाधि, कैवल्य, निर्वाण, मुक्ति, स्थितप्रज्ञता जैसे शब्दों से परिभाषित किया गया है। इस पृष्ठभूमि में अध्यात्म की एक प्रचलित परिभाषा है - अंतर्निहित दिव्यता या देवत्व का जागरण और इसकी अभिव्यक्ति। यह प्रक्रिया खुद को जानने के साथ शुरु होती है, अपनी अंतर्रात्मा से संपर्क साधने और उस सर्वव्यापी सत्ता के साथ जुड़ने के साथ आगे बढ़ती है। 

अध्यात्म की आवश्यकता,
जाने अनजाने में हम अध्यात्म को जी रहे होते हैं। जिन क्षणों में हम शांति, सुकून, अकारण सुख व आनन्द की अवस्था में होते हैं, हम अपने वास्तविक स्व में, गहन अंतरात्मा में जी रहे होते हैं। शांति, स्वतंत्रता व आनन्द के ये अंतस्थ-आत्मस्थ पल हमारा वास्तविक स्वरुप हैं, वास्तविक अवस्था है। इस अवस्था को सचेतन ढंग से हासिल करना, इसे बरकरार रखना, इसे जीना – यही अध्यात्म क्षेत्र का पुरुषार्थ है, प्रयोजन है, प्रावधान है।

मनोवैज्ञानिक मैस्लोव के अनुसार, अध्यात्म व्यक्ति की उच्चतर आवश्यकता (मेटा नीड) है। जब व्यक्ति की शारीरिक, भौतिक, पारिवारिक, सामाजिक जरुरतें पूरी हो जाती हैं, तो उसकी आध्यात्मिक जरुरत शुरु होती है। अर्थात् भौतिक उपलब्धियों के बावजूद जो खालीस्थान रहता है, जो शून्यता रहती है, जो अधूरापन कचोटता है, जो अशांति बेचैन करती है, अध्यात्म उसको भरता है, उसका उपचार करता है, उसको पूर्णता देता है। और ऐसा हो भी क्यों नहीं, आखिर सत्य, ज्ञान और आनन्द रुपी सत्ता ही तो हमारा असली रुप है।

यदि बात भौतिक बुलन्दी की ही करें जो दुनियाँ पर एक नजर डालने से स्पष्ट हो जाता है कि अध्यात्म कालजयी सफलता का आधार है। हम अपने क्षेत्र के चुड़ाँत सफल व्यक्ति ही क्यों न बन जाएं – प्रेज़िडेंट, पीएम, सीएम, मंत्री, नेता, अधिकारी, जनरल, धन कुबेर, स्टार रचनाकार, खिलाड़ी, अभिनेता आदि। यदि इनके साथ भी हमारी आंतरिक शाँति, स्थिरता, संतुलन बरकरार है तो मानकर चल सकते हैं कि हम अपने अध्यात्म तत्व में जी रहे हैं। अन्यथा इन बैसाखियों के हटते ही, रिटायर होते ही जिंदगी नीरस, बोझिल एवं सूनेपन से आक्रांत हो जाती है। स्पष्टतयः अध्यात्म के अभाव में जिंदगी की सफलता, सारी बुलंदी अधूरी ही रह जाती है।

यहीं से अध्यात्म का महत्व स्पष्ट होता है और इसका एक नया अर्थ पैदा होता है। अध्यात्म एक आंतरिक तत्व है, आत्मिक संपदा है, जो हमें सुख, शांति, शक्ति, आनन्द का आधार अपने अंदर से ही उपलब्ध कराता है। बाहरी अबलम्बन के हटने, छूटने, टूटने के बावजूद हमारी आंतरिक शक्ति व संतुलन का स्रोत बना रहता है और तमाम अभाव-विषमताओं के बीच भी व्यक्ति अपनी मस्ती व आनन्द में जीने में सक्षम होता है। अर्थात् अध्यात्म अंतहीन सृजन का आधार है, आगार है, जिसमें जीवन की हर परिस्थिति, हर मनःस्थिति सृजन की संभावनाओं से युक्त रहती है।

इस तरह अध्यात्म एक प्रभावी जीवन का एक अनिवार्य पहलू है, जिसकी उपेक्षा किसी भी तरह हितकर नहीं। जीवन में इसके महत्व को निम्न बिंदुओं के तहत समझा जा सकता है -

अध्यात्म का महत्व -
1.  जीवन की समग्र समझ - जितना हम खुद को जानने लगते हैं, उतना ही हमारी मानव प्रकृति की समझ बढ़ती है। व्यक्तित्व की समग्र समझ के साथ जीवन की जटिलताओं का निपटारा उतने ही गहनता एवं प्रभावी ढंग से संभव बनता है।

2.    एकतरफा भौतिक विकास का संतुलक–अध्यात्म एकतरफे भौतिक विकास को एक संतुलन देता है। आज की प्रगति की अँधी दौड़ से उपजी विषमता व असंतुलन का परिणाम आत्मघाती-सर्वनाशी संकट है, जिसका जड़ मूल से समाधान अध्यात्म में निहित है।

3. अपने भाग्य विधाता होने का भाव – अध्यात्म जीवन की समग्र समझ देता है। व्यक्तित्व की सूक्ष्म जटिलताओं से रुबरु कराता है, इन पर नियंत्रण का कौशल सिखाता है और क्रमशः खुद पर न्यूनतम कंट्रोल एवं शासन का विश्वास देता है कि हम अपने भाग्य के विधाता आप हैं।

4.  द्वन्दों से पार जाने की शक्ति व सूझ – अध्यात्म जीवन की अनिश्चितता के बीच एक सुनिश्चितता का भाव देता है। जीवन के द्वन्दों के बीच सम रहने और विषमताओं को पार करने की शक्ति देता है। घोर निराशा के बीच भी आशा का संचार करता है।

5.  खुद से रुबरु कर, विराट से जोड़े – खुद के जानने की प्रक्रिया से शुरु अध्यात्म व्यक्ति को अंतर्रात्मा से जोड़ता है और एक जाग्रत विवेक तथा संवेदी ह्दय के साथ व्यक्ति परिवार, समाज एवं विश्व से जुड़ता है और विराट का एक संवेदी घटक बन जीता है।
6.   विश्वसनीयता और प्रामाणिकता का आधार – अध्यात्म विवेक को जाग्रत करता है,  जो सहज स्फूर्त नैतिकता को संभव बनाता है, और हम जीवन मूल्यों के स्रोत से जुड़ते हैं। इससे व्यक्तित्व में दैवीय गुणों का विकास होता है और एक विश्वसनीयता एवं प्रमाणिकता व्यक्तित्व में जन्म लेती है।

7.  व्यक्तित्व की चरम संभावनाओं को साकार करे – अध्यात्म अंतर्निहित दिव्य क्षमताओं एवं शक्तियों के जागरण-विकास के साथ व्यक्तित्व की चरम सम्भावनाओं को साकार करता है। आज हम जिन महामानवों-देव मानवों को आदर्श के रुप में देखते हैं वे किसी न किसी रुप में इसी विकास का परिणाम होते हैं।
अतः अध्यात्म जीवन का ऐसा सत्य है, एक ऐसी अनिवार्यता है, जो देर-सवेर जीवन का सचेतन हिस्सा बनती है और लौकिक अस्तित्व को पूर्णता देती है। इस तरह यह बहस, विश्लेषण, विवेचन व चर्चा से अधिक जीने का अंदाज है जिसे जीकर ही जाना व पाया जा सकता है। प्राण वायु की तरह हर पल अध्यात्म तत्व को जीवन में धारण कर हम अपने जीवन की खोई जीवंतता और लय को पुनः प्राप्त करते हैं।


चुनींदी पोस्ट

पुस्तक सार - हिमालय की वादियों में

हिमाचल और उत्तराखण्ड हिमालय से एक परिचय करवाती पुस्तक यदि आप प्रकृति प्रेमी हैं, घुमने के शौकीन हैं, शांति, सुकून और एडवेंचर की खोज में हैं ...