रविवार, 31 अगस्त 2014

खुद को इस खुमारी से उबारो



 इन शाश्वत सूत्रों पर तनिक विचार, जेहन में उतारो 


कहाँ खोए बेहोशी, मदहोशी में, सुख की खुमारी से बाहर निकलो,

नाव में जल सागर का भर चला, डगमग नैया को संभाल चलो,

नहीं कोई विरोधी बैरी प्रतिद्वन्दी यहाँ, जो किसी को हरा सके,

हैं अपने की छल छिद्र कुकर्म दुश्मन ऐसे, जो खुद को मात दें,

आमदनी चवन्नी खर्च रुपया, तिरस्कार और कष्ट तो तय भैया,

कर लो जितनी होशियारी-चालाकी, चोर-भ्रष्ट की रूह सदा कांपेगी।।

खोज है अगर सच्चे सुख-शांति की, तो अपने भीतर तनि निहारो,

सत्पुरुषों के अमृत वचनों पर, थोड़ा गौर फरमा, जेहन में उतारो।


क्यों कहा गया धर्मो रक्षति धर्मः, क्यों कहा गया सत्यमेव जयते,

क्यों कहा गया मातृवत परदारेषु, क्यों कहा गया परद्रव लोष्टवत्,

क्यों कही गयी बातें यम-नियम, प्रत्याहार, आत्मवत् सर्वभूतेषू की,

क्यों कहा गया काम, क्रोध, लोभ, मोह, अहं को द्वार नरक का,

क्यों कहा गया संसार को दुम कुत्ते की, फूलों ढका सड़ा मुर्दा।

क्यों कहा गया संसार घर दुःख का, समाधान शरणागति प्रभु की,

क्यों विषाद प्रारम्भ योग का, दुःख दूत भक्त-वत्सल प्रभु का।।


ध्यानस्थ हो इन शाश्वत सूत्रों पर, अंतस्थ हो तनिक विचारो, 

कर्तव्य कर्म में हो प्रवृत, जड़ता के अभिशाप से खुद को पार तारो,

ज्ञान के निर्मल जल में लगा डुबकी, सुख की खुमारी से बाहर उबारो,

सद्गुरु से जोड़ तार दिल के, इस कुचक्र से खुद को बाहर तारो।।



रविवार, 24 अगस्त 2014

सावन में देवभूमि कुल्लू की स्वर्गोपम छटा

            यात्रा का आवाह्न देती कुल्लू की मनोरम वादियाँ


 (सावन के माह में यात्रा का यह संक्षिप्त वृतांत कुल्लु घाटी में प्रवेश से लेकर जाणा-नगर की यात्रा पर आधारित है, जिसका अनुभव इस मौसम में किसी भी पर्वतीय क्षेत्र पर न्यूनाधिक रुप में एक आस्थावान प्रकृति प्रेमी कर सकता है)


सावन माह के चरम पर जहाँ समूची धरती हरयाली की मखमली चादर ओढ लेती है, वहीं पर्वतीय क्षेत्रों में हरी-भरी वादियाँ, झरते झरने, फलों से लदे बागान और अपनी वृहद जलराशी से गर्जन-तर्जन करती हिमनदियाँ घाटी के सौंदर्य में चार-चाँद लगा देती हैं। ऐसे में अगस्त माह में इन घाटियों में यात्रा का आनन्द एवं रोमाँच शब्दों में वर्णन करना कठिन हो जाता है। इसे कोई घुम्मकड़ स्वामी ही इन वादियों के आगोश में खोकर अनुभव कर सकता है।


हालाँकि वर्षा के कारण यह समय खतरों से खाली नहीं रहता। बादल फटने से लेकर, हिमनदियों में बाढ़, भूस्खलन की घटनाएं आम होती हैं। लेकिन रोमाँचप्रेमी घुम्मकड़ों के मचलते पगों को अपनी तय मंजिल की ओर बढ़ने से ये खतरे भला कब रोक पाए हैं। अपने अंतर के अद्मय एडवेंचर प्रेम व अढिग आस्था के चलते सावन में भी कुछ जाबाँज घाटी के आवाहन को ठुकरा नहीं पाते।

एक आस्थावान यात्री के लिए इस माह की यात्रा किसी तीर्थ यात्रा से कम नहीं होती। हरीभरी वादियों के बीच सफर का आनन्द कोई रोमाँचप्रेमी ही बता सकता है। मौसन में न अधिक गर्मी होती है न ठण्ड। तापमान के सम-स्थिर बिंदु पर हवा का झोंका यात्रा के सफर को और सुहाना बना देता है। घाटियों में इधर से उधर तैरते आवारा बादलों की मस्ती देखते ही बनती है। पर्वतशिखरों को अपनी आगोश में लेते काले-सफेद बादल एक मनोरम दृश्य खड़ा करते हैं।

 
आस्थापूरित अंतःकरण के साथ पर्वतीय क्षेत्रों की यात्रा, एक आध्यात्मिक अनुभव से पूरित हो जाती है। प्रकृति के अलौकिक सौंदर्य के बीच चित्त सहज ही ध्यानस्थ हो जाता है। सहजानन्द की इस अवस्था में यात्री आत्मस्थ हो जाता है। जीवन का उच्चस्तरीय दर्शन चिदाकाश पर सूर्य की भाँति आलोकित हो उठता है। जीवन इन पलों में जैसे समाधि सुख ले रहा होता है। जीवन के सारे द्वन्द-विक्षोभ शांत हो जाते हैं। कल तक भौतिक एवं मानसिक संताप में झुलसता जीवन, आज स्वर्गीय सुख की अनुभूति से सराबोर हो जाता है।

कल तक जो पहाड़ी नाले सूखे पड़े थे वे आज दूधिया धार के साथ पग-पग पर झरते हुए, यात्रियों का स्वागत करते नजर आते हैं। इन झरनों व पहाड़ी नालों से पोषित हिम नदियाँ अपने पूरे यौवन में इठलाती हुई सागर की ओर बहती हैं व उनका उत्साह देखते ही बनता है। राह का शायद की कोई अवरोध, बाधा उनकी त्वरा, उनके उद्दाम वेग को रोकने की सोच सके, इनका सामना करने का दुस्साहस कर सके।


पहाड़ी के शिखर पर स्थित देवालय इस यात्रा को नए मायने दे जाते हैं। पिरामिड नुमा शिखर के दोनों ओर से बह रही हिम नदियाँ, ठीक शिखर के नीचे दिव्य संगम की सृष्टि करती हैं। कुल्लू में स्थित शिखर पर विराजमान बिजलेश्वर महादेव और उनके चरणों को पखारती व्यास एवं पार्वती नदियों का संगम कुछ ऐसा ही नजारा पेश करता है। ऐसे संगम स्थल लोक आस्था में एक तीर्थ का रुप लिए हुए होते हैं।

घाटी में फलों के बागान सफर के आनन्द को बहुगुणित कर देते हैं। राह से सटे फलों से लदे ये बगीचे दावत के लिए यात्रियों को खुला आमंत्रण दे रहे होते हैं। नाना प्रकार के फलों से लदे बागानों को देखकर लगता है कि जैसे प्रकृति ने दोनों हाथों से अपनी संपदा इन घाटियों पर लूटा दी हो। शायद ही ऐसा कोई घर हो जिसका अपना फल का वृक्ष न हो। खुमानी, प्लम, नाशपाती, चेरी, अखरोट, जापानी फल व सेब जैसे स्वादिष्ट फल इस क्षेत्र में प्रचुर मात्रा में पाए जाते हैं। सेब के लिए तो यह क्षेत्र विशेषरुप से प्रख्यात है। 


गगनचुम्बी देवदार वृक्षों का उल्लेख किए बिना इस क्षेत्र का वर्णन अधूरा ही माना जाएगा। घाटी में प्रवेश करते ही दशहरा मैदान (ढालपुर) से ही देवदार आगंतुकों का स्वागत करते हैं। आगे जैसे-जैसे घाटी का आरोहण करते हैं, इनके सघन वन यात्रियों को दिव्यलोक में विचरण की अनुभूति देते हैं। ऊँचाई पर बांज, बुराँस के जंगल भी पर्यटकों का ध्यान आकर्षित करते हैं। शिखर से घाटी का विहंगम दृश्य दर्शनीय रहता है। घाटी के बीच में बहती व्यास नदी पतली चाँदी की धार सी प्रतीत होती है।


ऋषियों की तपःस्थली होने के कारण इस भूमि को ऋषि भूमि के नाम से भी जाना जाता है। बशिष्ट, व्यास, मनु, भृगु, जमदग्नि जैसे ऋषियों की तपःस्थलियों से जुड़े इस क्षेत्र का इतिहास आज भी पुरातन युग की ओर ले जाता है। यहाँ हर गाँव का अपना देवता है, जिनकी आज्ञा-आदेश व मार्गदर्शन की छत्रछाया में ही यहाँ का लोकजीवन संचालित होता है। भगवान श्रीराम जिन्हें यहाँ ठाकुर कहा जाता है, इस क्षेत्र के प्रमुख आराध्य हैं, जिन्हें विश्व प्रख्यात दशहरा मेला के अवसर पर श्रद्धाँजलि देने सभी देवगण ढालपुर मैदान पधारते हैं। इसके साथ यह क्षेत्र शिव-शक्ति की विहार भूमि रही है। नाथ गुरुओं के यहाँ से कई स्थल जुडे हैं। सिक्खों के प्रथम गुरु नानक देव जी का भी यहाँ के मणिकर्ण क्षेत्र से जुड़ाव प्रख्यात है। कालांतर में यहाँ स्थापित गोंंपा (बौद्ध मंदिर) भी यात्रियों के लिए आकर्षण का केंद्र रहते हैं।


कुल्लू मनाली के बीच में स्थित नग्गर (कुल्लु की प्राचीन राजधानी) की चर्चा किए बिना यात्रा अधूरी ही मानी जाएगी। नग्गर में रूस के विश्व विख्यात चित्रकार, पुरातत्वविद, यायावर, विचारक, भविष्यद्रष्टा एवं शांतिदूत निकोलस रोरिक की समाधि व शोध केंद्र स्थित है। सन् 1928 में रूस से यहाँ पधारे रोरिक ने जीवन के अंतिम 20 वर्ष गंभीर सृजन साधना में बिताए थे। इनको जानने वाले भावनाशीलो के लिए इनकी समाधि तीर्थ से कम नहीं है। नगर के इर्द-गिर्द कई दर्शनीय स्थल हैं, जिनमें जाणा फाल लोकप्रिय है। इसी की राह में देवदार के सघन वनों के बीच यात्रा व नीचे सुंदर घाटियों का अवलोकन बेजोड़ अनुभव साबित होता है।


अपने अप्रतिम प्राकृतिक सौंदर्य़ के साथ स्नो लाइन मनाली के समीप होने के कारण कुल्लू घाटी आज पर्यटन के एक प्रमुख हिल स्टेशन के रुप में लोकप्रिय है, जिसके कारण विदेशी मेहमानों का भी यहाँ आगमन बढ़ रहा है। कुछ काल का प्रवाह तो कुछ आधुनिकता का असर परम्पराओं पर साफ नजर आ रहा है। देववाद के साथ जुड़ी बलिप्रथा एवं शराब का बढ़ता चलन तथा युवाओं की अपनी संस्कृति के प्रति उपेक्षा चिंता का विषय है। लेकिन अपनी समृद्ध प्राकृतिक एवं आध्यात्मिक विरासत के साथ यह क्षेत्र सांस्कृतिक-सामाजिक उत्थान का सबल आधार लिए हुए है। इसे किस तरह से परिमार्जित किया जाए, सुरक्षित रखा जाए व नई पीढ़ी तक हस्तांतरित किया जाए, यह विचारणीय है। इसी में इस देवभूमि के संतुलित एवं समग्र विकास का मर्म छिपा है। 

शुक्रवार, 22 अगस्त 2014

डायरी लेखन के लाभ



 

डायरी लेखन एक बहुत ही वैयक्तिक विधा है, जो शुरु तो खुद से होती है, लेकिन इसकी कोई सीमा नहीं। इसका विस्तार अनन्त है। दिन के महत्वपूर्ण घटनाक्रम, विचार-भावों के उतार-चढ़ाव, विशिष्ट मुलाकातें व यादगार सबक - इन सबका लेखा-जोखा डायरी लेखन के अंग हैं। आत्म मूल्याँकन की एक विधा के रुप में डायरी लेखन अगर आदत में शुमार हो जाए तो इसके लाभ अनेक हैं, और क्रमशः इससे नए-नए आयाम प्रकट होने लगते हैं। लेखन की विविध विधाएं इससे अनायास ही जुड़ती जाती हैं। 

प्रस्तुत है नित्य डायरी लेखन के कुछ लाभ –

1.     स्व मूल्याँकन का एक प्रभावी उपकरण – 

  नित्य डायरी लेखन हमें अपने व्यवहार के साथ विचार-भाव व अंतर्मन की गहराईयों से रुबरु कराती है, जिससे हम क्रमशः अपने व्यक्तित्व की गहरी परतों, इसके पैटर्न से परिचित होते जाते हैं। हमें अपने जीवन का लक्ष्य, ध्येय, मंजिल और स्पष्ट होने लगते हैं, जो जीवन यात्रा के रोमाँच को और बढ़ा देते हैं।

2.     मनःचिकित्सा की एक प्रभावी तकनीक के रुप में – 

  तनाव, अवसाद के पल यदि जीवन में घनीभूत हो जाएं, तो जीवन एक प्रत्यक्ष नरक बन जाता है। तनावपूर्ण जीवन की घुटन, बैचेनी एवं भाव विक्षोभ को हल्का करने में डायरी लेखन एक प्रभावी भूमिका निभाती है। डायरी लेखन के माध्यम से अंतर का यह वैचारिक-भावनात्मक दबाव हल्का हो जाता है। आश्चर्य नहीं कि, आज मनः चिकित्सा की एक विधा के रुप में डायरी लेखन का उपयोग किया जा रहा है।



3.     स्व प्रेरक, मोटीवेशन शक्ति के रुप में – 

  डायरी लेखन में हम अपनी विशेषताओं, उपलब्धियों, यादगार पलों, मुलाकातों, साक्षात्कारों को भी रिकार्ड करते हैं। अवसाद या हताशा-निराशा के पलों में डायरी के ये पन्ने एक मोटीवेशन शक्ति के रुप में काम करते हैं। जीवन के विकट पलों में इन पन्नों को पलटकर हम एक नयी शक्ति का संचार कर सकते हैं।

4.     लेखन कौशल प्रशिक्षिका के रुप में – 

  नित्य डायरी लेखन, लेखन कौशल का विकास करता है। सहज ही लेखन की एक शैली विकसित होती है। प्रारम्भ में हो सकता है इसका स्वरुप बहुत स्पष्ट न हो, लेकिन समय के साथ शब्दों का सही चयन, विचार-भावों की सही-सटीक अभिव्यक्ति संभव होने लगती है। आश्चर्य नहीं की नित्य डायरी लेखन की आदत व्यक्ति को एक लेखक बना देती है, जो इस विधा का प्रयोग करके जीवन के विविध क्षेत्रों में रचनात्मक लेखन को अंजाम दे सकता है।



5.     रचनात्मक लेखन के प्लेटफोर्म के रुप में – 

  अपने अंतर्मन के मौलिक भावों-विचारों को अभिव्यक्ति देने के साथ डायरी रचनात्मक लेखन की एक उर्वर भूमि का काम करती है, जिसे विविध रुपों में विस्तार दिया जा सकता है। यात्रा वृतांत, सतसंग संकलन से लेकर संस्मरण लेखन आदि डायरी लेखन के ही विभिन्न रुप विस्तार हैं। इंटरनेट के वर्तमान युग में वेब डायरी के रुप में ब्लॉग की लोकप्रियता सर्वविदित है।

6.     एक आध्यात्मिक अनुभव के रुप में – 

  यदि अपने विचार, भाव एवं कर्मों के ईमानदार ऑडिट के रुप में डायरी का उपयोग किया जाए, तो यह एक आध्यात्मिक अनुभव के रुप में प्रकट होती है। इसमें जहाँ आत्म-निरीक्षण, आत्म-सुधार, आत्म-निर्माण और आत्म-विकास की प्रकिया सम्पन्न होती है, वहीं यह अपने ईष्ट-आराध्य से संवाद का एक माध्यम भी बनती है। इसके साथ डायरी आंतरिक परिष्कार के साथ आत्मिक प्रगति की सूचक के रुप में भी काम करती है।

7.     एक अमूल्य धरोहर, विरासत के रुप में – 

  एक वैज्ञानिक की प्रयोगधर्मिता, एक साधक की तत्परता-निष्ठा, एक विद्यार्थी की जिज्ञासा, एक शोधार्थी की शोधदृष्टि के साथ यदि इस सृजनात्मक कार्य में जुटा जाए, तो अपने निष्कर्षों के साथ डायरी लेखन एक ऐसी ज्ञान संपदा देने में सक्षम है, जिसे मूल्यवान कहा जा सके। सृजन के इतिहास में कितनी ही उत्कृष्ट एवं कालजयी कृतियाँ इस आधार पर मानवती की साहित्यिक धरोहर बन चुकी हैं। इस तरह एक सृजन साधक की मौलिक सृजन सृष्टि के रुप में डायरी लेखन साहित्यिक सम्पदा का एक अनमोल उपहार दे सकती है।
    
    लेखन से जुड़े अन्य लेख नीचे पढ़ सकते हैं -
 
 
  ब्लॉगिंग की शुरुआत कैसे करें...
 
 



चुनींदी पोस्ट

पुस्तक सार - हिमालय की वादियों में

हिमाचल और उत्तराखण्ड हिमालय से एक परिचय करवाती पुस्तक यदि आप प्रकृति प्रेमी हैं, घुमने के शौकीन हैं, शांति, सुकून और एडवेंचर की खोज में हैं ...