सोमवार, 31 मई 2021

कोरोना काल के बीच उभरता जीवन दर्शन

अपनों के वियोग-विछोह की पीड़ा एवं आध्यात्मिक सम्बल

कोरोना काल ने कई मायनों में जीवन की परिभाषा और जिंदगी के मायने बदल दिए हैं, जिनमें एक है अपनों का असामयिक अवसान और इस जीवन की नश्वरता का तीखा बोध।

सबसे पहले ह्दय की गहराई से अपनी संवेदनापूरक श्रद्धाँजलि उन सभी दिवंगत मित्रों, परिवारजनों, परिजनों एवं जीवात्माओं को, जो कोरोना के कारण असमय ही अपनों को बिलखते हुए छोड़ गए। परमात्मा, भगवान, गुरुसत्ता उन सब दिवंगत आत्माओं को शांति दे, सद्गति दे, अपने चरणों में विश्राँति दे। साथ ही परमात्मा शोकाकुल एवं दुःखी परिवारजनों, आत्मीयजनों एवं मित्रों को इनके बिछुड़ने के असह्य दुःख को सहन करने की शक्ति दे।

निश्चित ही कोरोना के रुप में संव्याप्त जानलेवा अदृश्य वायरस ने एक आशंका, भय और आतंक का माहौल पैदा कर दिया है। प्रारम्भ में, पहली लहर के दौर में स्थिति इतनी विकट नहीं थी, जब मात्र बिमार या न्यून इम्यूनिटी बाले बृद्ध-बुजुर्गों को अपना निशाना बनाया था और इसका प्रभाव सीमित था तथा यह उतना घातक नहीं था। कोरोना की दूसरी लहर के साथ इसके घातक स्वरुप ने स्वस्थ लोगों तथा युवाओं को भी अपनी लपेट में ले लिया है। बहुत सारे इससे संक्रमित होकर उबर भी रहे हैं, लेकिन जब कोई अपना अचानक इसके खूनी शिकंजे में फंस जाता है, तो दिल सहम जाता है। प्रार्थना के स्वर उठते हैं, कि भगवान इनको जल्द ठीक कर दें। लेकिन प्रार्थना की भी एक सीमा होती है। हमेशा ही यह काम नहीं कर पाती।

फिर खबर आती है कि अमुक नहीं रहे। कई बार तो अनजाने में ही किसी मित्र को फोन करते हैं, तो जबाव किसी दूसरे  की आबाज में आता है, कि आप कौन बोल रहे हैं। परिचय पाने के बाद जब वो अपरिचित परिजन कहते हैं, कि अमुक तो अब नहीं रहे। ऐसा अनपेक्षित उत्तर सीधे शॉक करता है, पूरे अस्तित्व को हिला डालता है कि यह कैसे हो सकता है। अभी ही तो पिछले दिनों इनसे बातचीत हुई थी, स्वस्थ-सकुशल थे। अभी तो इनकी यात्रा शुरु ही हुई थी, अभी तो फूल को खिलना बाकि था। ऐसे असमय सबको बिलखता हुआ छोड़कर कैसे चले गए, कुछ समझ नहीं आता। परमात्मा के विधान पर भी कुछ पल के लिए तो संशय होता है। यह कैसा नियति का, ईश्वर का क्रूर विधान। लेकिन कुल मिलाकर अन्ततः जीवन-मरण के इस अकाट्य सत्य के सामने सर झुकाना पड़ता है। इस पर आखिर किसका वश।

ऐसे पलों में जीवन की नई परिभाषा, नए मायने, नया दर्शन अस्तित्व की गहराईयों से फूट पड़ता है। जब मृत्यु ही इस जीवन का अंतिम सत्य है, तो फिर इस जीवन के क्या मायने हैं। एक व्यक्ति के असामयिक अवसान पर तो यह सवाल और भी तल्ख हो जाते हैं।

फिर याद आते हैं, अपने बाबा, दादा-दादी, नाना-नानी और घर के बड़े बुजुर्गों की, जो एक-एक कर परिवार-संसार को छोड़ गए थे। कुछ भाई बंधु, मित्र, गुरुजन तो समय से पहले ही। इस मृत्युलोक का गहरा शॉकिंग अहसास इन पलों में हुआ था। जीवन की नश्वरता का गहरा तत्वबोध इन क्षणों में हुआ था। इंसान क्या, हमें याद है घर में हमारी प्यारी बिल्ली को जब घर के कुत्ते ने ही मार डाला था, अपना प्यारी गाय अचानक चल बसी थी या सड़क पर दुर्घटना में पशुओं को असामयिक इस देह से अलग होते देखा तो, बहुत की गहरे प्रश्न कौंधे थे जेहन में कि इस नश्वर जीवन का परमसत्य क्या है, जहाँ मृत्यु, वियोग-वछोह, दुःख, पीड़ा आदि गौण हो जाते हों, इनका उपचार मिल जाता हो। एक शाश्वत जीवन की खोज का जन्म इन पलों में हुआ था।

मित्रो, यह प्रश्न हमारे अध्यात्म के प्रति रुझान का एक बड़ा कारण रहा है। इन प्रश्नों की खोज में, इस नश्वर जीवन में शाश्वत की खोज ने, इस मृत्यु लोक में अमरता की संभाव्यता के दर्शन की पिपासा ने हमें अध्यात्म मार्ग में प्रवृत्त किया है। और यह हमारे विचार में हर संवेदनशील व्यक्ति की कहानी है। प्राय़ः जब कोई अपना बिछुड़ता है तो शमशान घाट पर हर व्यक्ति के ऊपर शमशान वैराग्य तो छा ही जाता है। जीवन की नश्वता का गहरा बोध इन पलों में होता है। यह बात दूसरी है कि कुछ समय बाद फिर जीवन पुराने ढर्रे पर आ जाता है और जीवन-मरण के प्रश्न, एक शाश्वत जीवन की अभिलाषा कहीं गौण हो जाती है।

लेकिन क्या अच्छा होता कि शमशान वैराग्य की लौ आगे भी सुलगती रहती, जीवन का एक हिस्सा बन जाती। व्यक्ति को हर पल जीवन की नश्वरता को बोध होता रहता और वह इसके अनावश्यक पहलुओं में न उलझकर एक सार्थक जीवन जीता। यह प्राय़ः नहीं हो पाता। लेकिन कोरोना काल ने इसे संभव कर दिखाया है। यह एक कटु सत्य है लेकिन इस विकट काल ने जीवन में नश्वरता का अहसास स्थायी सा कर दिया है। जब यदा-कदा कोई अपना अचानक छोड़कर जा रहा हो या अपने ही जीवन की कोरोना की चपेट में आने की नौवत आ रही हो, तो बार-बार विस्मृत कटु सत्य कौंधता है और सोचने के लिए मजबूर कर देता है।

भगवान करे कोरोना काल के ये दुखद पल जल्द ही खत्म हो जाएं और मानवीय जीवन इसके घातक शिकंजे से बाहर आ जाए। आम जीवन पटरी पर सरपट आगे बढ़े, सामाजिक-राष्ट्रीय जीवन विकास पथ पर अग्रसर हो, समूची मानवता स्वस्थ एवं सुरक्षित हो अमन-चैन से रहे। इस विकट काल में मिल रही अमूल्य सीख व सवकों को जीवन में धारण कर हम सभी एक स्वस्थ, सुखी, खुशहाल और उज्जवल भविष्य की ओर बढ़ें।

ओम शाँति, शाँति, शाँति।।

शनिवार, 29 मई 2021

शाश्वत जीवन की अकथ कहानी

                                             कीमत कितने जन्म, युगों है इसने चुकाई


सागर की शांत लहरों को देख,

कहाँ समझ आती है इसकी अतल गहराई।


घाटी से नीले आसमान को निहारते हुए,

कहाँ समझ आता है इसका विस्तार अनन्त।


जंगल के हरे सौंदर्य को दूर से निहारते,

कहाँ समझ आती है उसकी बीहड़ सच्चाई।


ऐसे ही एक शाँत-सौम्य, धीर-गंभीर, सरल-सह्दय रुह को देख,

कहाँ समझ आती है उसकी अथक गहराई, अनन्त विस्तार और बीहड़ सच्चाई।


उसकी सरलता-तरलता, सहजता-फक्कड़पन, वितरागिता, समता-स्थिरता देख,

कहाँ समझ आती है हिमालय से भी उत्तुंग उसके व्यक्तित्व की ऊँचाई।


कितने दुःख, कितने झंझावत, कितने आघात, कितने प्रहार खाकर-सहकर,

पहुँची है यह रुह आज चेतना के शिखर पर, लिए अंतरतम की वह गहराई।


जहाँ शाँति, समता, स्थिरता, निर्दन्दता, निश्चिंतता बसती है हर पल,

कितनी क्राँति, कितनी अशाँति, कितने मंजर, कितने संघर्ष के बाद,

पहुँची है वह सर्वस्व दाँव पर लगा, एकाँतिक निष्ठा के बूते इस मुकाम पर,

जिसकी कीमत हर पल, हर दिन, हर जन्म है युगों उसने भरपूर चुकाई।।

बुधवार, 26 मई 2021

यात्रा वृतांत कैसे लिखें?

                                                      यात्रा वृतांत लेखन के चरण

निश्चित रुप में यात्रा वृतांत का पहला ठोस चरण तो यात्रा के साथ शुरु होता है। व्यक्ति कहाँ की यात्रा कर रहा है, किस भाव और उद्देश्य के साथ सफर कर रहा है और किस तरह की जिज्ञासा व उत्सुक्तता लिए हुए है, इनकी गहनता, गंभीरता एवं व्यापकता एक अच्छे यात्रा वृतांत के आधार बनते हैं तथा यात्रा वृतांत में रोचकता और रोमाँच का रस घोलते हैं और साथ ही ज्ञानबर्धक भी बनाते हैं।

यात्रा वृतांत ज्ञानबर्धक बने इसके लिए यह भी आवश्यक हो जाता है कि यात्रा स्थल या रुट का पहले से कुछ अध्ययन किया गया हो। या कह सकते हैं कुछ रिसर्च की हो। पहले इसका एक मात्र साधन दूसरों के लिखे यात्रा वृतांत पढ़ना या वहाँ से घूम आए लोगों से की गई चर्चा होती थी। लेकिन आज इंटरनेट के जमाने में यह काम बहुत आसान हो गया है। लगभग हर लोकप्रिय ठिकानों पर ब्लॉग से लेकर वीडियोज मिल जाएंगे। बाकि कसर गूगल गुरु पूरा कर देते हैं, जिसमें किसी भी स्थान पर तमाम तरह की जानकारियाँ उपलब्ध रहती हैं।

यहीं से यात्रा वृतांत में नूतनता लाने के सुत्र भी मिल जाते हैं, कि अब तक दूसरे यात्री क्या कवर कर चुके हैं और इसमें कौन से पहलु या एंग्ल अभी बाकि हैं। हो सकता है कि अमुक यात्रा में आपकी रुचि के विषय पर अभी कोई प्रकाश ही न डाला गया हो या जो जानकारियाँ उपलब्ध है वे आपकी जिज्ञासा व उत्सुक्तता का समाधान नहीं कर पा रही हों। ऐसे में यह जानकारी का अभाव या खालीपन आपके यात्रा लेखन के नूतनता का एक प्रेरक तत्व बन जाता है।

उदाहरण के लिए हम एक शैक्षणिक भ्रमण में ऋषिकेश के पास कुंजादेवी शक्तिपीठ से बापसी में नीरझरना घूमना चाहते थे, लेकिन हमें कोई इसकी जानकारी देने वाला नहीं मिला। इंटरनेट खंगालने पर भी नीरझरने की कुछ फोटो या वीडियो के अलावा रुट की कोई जानकारी नहीं मिली। सो शिखर पर बसे कुँजापुरी से बापसी में लोगों से पूछते हुए, बीच में राह भटकते हुए हम इसको कवर किए थे। लेकिन यह स्वयं में एक रोचक एवं रोमाँचक यादगार यात्रा बन गई थी। इसे आप चाहें तो आगे दिए लिंक में पढ़ सकते हैं।यात्रा वृतांत - कुंजापुरी से नीरझरना ट्रैकिंग एडवेंचर।

और यदि स्थान बहुत लोकप्रिय है और इसमें पर्याप्त कवरेज हो चुकी है, तो भी यात्रा लेखक  अपने विशिष्ट नजरिए, अंदाज व शैली के आधार पर इसे नयापन दे सकता है, बल्कि देता है। एक ही स्थान को देखने के अनगिन नजरिए हो सकते हैं। किसी भी स्थान का प्राकृतिक सौंदर्य, भौगोलिक विशेषता, ऐतिहासिक-पौराणिक पृष्ठभूमि, वहाँ का रहन-सहन, खान-पान, लोक संस्कृति, विशिष्टता, राह की खास बातें आदि कितनी बातें, कितने तरीकों से व्यक्त हो सकती हैं। इसमें व्यक्ति के अपने मौलिक अनुभव एक नयापन घोलने में सक्षम होते हैं, जिससे कि यात्रा वृतांत एक ताजगी लिए तैयार होता है।

इसके साथ कोई भी स्थान या रुट कितना ही सुंदर, आकर्षक या मनभावन क्यों न हो, वहाँ कि कुछ कमियाँ, राह की दुर्गमताएं, समस्याएं या क्लचरल शॉक्स आदि भी यात्रा वृतांत के रोचक विषय बनते हैं, जो पाठकों के लिए उपयोगी हो सकते हैं। इससे नए यात्री या पर्यटक इनसे परिचित होकर आवश्यक तैयारी या सावधानी के साथ यात्रा का पूरा आनन्द ले पाते हैं। यदि लेखक किसी विषय की जानकारी रखता हो या विशेषज्ञता लिए हो तो स्थानीय समस्याओं के संभावित समाधान पर भी प्रकाश डाल सकता है, जो यात्रा वृतांत में ज्ञानबर्धन आयाम जोड़ते हैं और इसकी पठनीयता बढ़ जाती है। इसमें संवेदनशील व संतुलित रवैया उचित रहता है तथा दोषारोपण या छिद्रान्वेषण आदि से हर हालत में बचना उचित रहता है।

यात्रा वृतांत में राह में मिले अन्य यात्रियों, स्थानीय लोगों के साथ चर्चाएं भी यात्रा वृतांत के अनिवार्य पहलु रहते हैं, जो जानकारी को और प्रामाणिक तथा रोचक बनाते हैं। इससे पाठकों की कई सारी जिज्ञासाओं व प्रश्नों के समाधान बात-बात में मिल सकते हैं। अतः यात्रा में लोगों से संवाद एक महत्वपूर्ण तत्व रहता है, जिसे नजरंदाज नहीं किया जा सकता। यात्रा लेखक यदि घूमने के जुनून व जिज्ञासाओं से भरा हुआ है, तो ऐसे संवाद सहज रुप में ही घटित हो जाते हैं और प्रकृति भी राह में उचित पात्र के साथ मुलाकात में सहायक बनती है। इसमें कई लोगों को थोड़ा अचरज हो सकता है, लेकिन अनुभवी घुम्मकड़ ऐसे संयोगों को सहज रुप में समझ रहे होंगे व ऐसे संस्मरणों से नित्य रुबरु होते रहते हैं।

यात्रा वृतांत में फोटो का अपना महत्व रहता है। सटीक फोटो इसकी पठनीयत को बढ़ा देता है। यात्रा लेखक अपने लेखकीय कौशल के आधार पर जो कह नहीं पाता, वह एक उचित चित्र बखूबी व प्रभावशाली ढंग से स्पष्ट कर देता है, जिससे पाठक को यात्रा के साथ भाव चित्रण में सहायता मिलती है। हालाँकि किसी स्थल के प्राकृतिक सौंदर्य़, भौगोलिक विशेषता या भावों के सुंदर व जीवंत चित्रण को लेखक अपनी कलम से करने में काफी हद तक सक्षम होता है, जिसको पढ़ने का अपना आनन्द रहता है। किसी जमाने में जब फोटोग्राफी का चलन नहीं था, तो लोग पेन या पेंसिल के स्कैच से भी चित्रों का काम चला लिया करते थे।

यात्रा वृतांत लेखन में एक महत्वपूर्ण पहलू राह के पड़ाव व स्थानों के नाम व उनसे जुड़ी मोटी व खास जानकारियाँ भी रहते हैं। इसके लिए एक डायरी व पेन साथ में रहे, तो उचित रहता है। जहाँ भी जो स्थान आए, इनके नाम नोट किए जा सकते हैं। और यदि पहले से कुछ रिसर्च कर रखें हैं, तो इन स्थानों को पहले से ही डायरी में सुचिबद्ध कर रखा जा सकता है तथा साथ में सफर कर रहे लोगों से कुछ खास जानकारियों को बटोरा जा सकता है। फिर अपने अनुभव के आधार पर इनमें अतिरिक्त नयापन जोड़ा जा सकता है। अपनी डायरी या नोटबुक में नोट किए गए ये नाम या बिंदु बाद में लेखन में सहायक बनते हैं।

यात्रा पूरी होने के बाद फिर लेखन की बारी आती है। इसमें लेखन से जुड़े सर्वसामान्य नियमों का अनुसरण करते हुए पहला रफ ड्राफ्ट तैयार किया जाता है, जिसमें अपनी यात्रा के अनुभवों को एक क्रम में कागज या कम्पयूटर-लैप्टॉप पर उतारा जाता है। फिर शांत मन से कुछ और विचार मंथन व शोध के आधार पर दूसरे ड्रॉफ्ट में अतिरिक्त आवश्यक तथ्यों व जानकारियों को शामिल किया जा सकता है तथा इसमें भाषा की अशुद्धियों को ठीक करते हुए इसे पॉलिश किया जाता है। यदि लेखन की इस प्रक्रिया को विस्तार से जानना है तो हमारे ब्लॉग पर लेखन कला - लेखन की शुरुआत करें कुछ ऐसे को पढ़ा जा सकता है।

यात्रा वृतांत लेखन में यदि इन बातों का ध्यान रखा जाए व इन चरणों का अनुसरण किया जाए, तो निश्चित ही एक बेहतरीन यात्रा ब्लॉग तैयार हो जाएगा। और पाठक इसको पढ़कर यात्रा के साथ जुडी रोचकता व रोमाँच को अनुभव करेंगे। उनके ज्ञान में इजाफा होगा तथा वे आपके साथ भावयात्रा करते हुए सफर के आनन्द का हिस्सा बनेंगे। शायद यही तो एक यात्रा लेखन का मकसद रहता है।

यात्रा लेखन के ऊपर दिए बिंदुओं को और बेहतर समझने के लिए नीचे दिए कुछ यात्रा वृतांतों को पढ़ा जा सकता है -

यात्रा वृतांत - हमारी पहली झारखण्ड यात्रा

यात्रा वृतांत - सुरकुण्डा देवी का वह यादगार सफर, भाग-1

यात्रा वृतात - कुल्लू से नेहरुकुण्ड-वशिष्ट वाया मानाली लेफ्ट बैंक

यात्रा लेखन से जुड़े कुछ अन्य उपयोगी लेख -

यात्रा लेखन के मूलभूत तत्व

हिंदी यात्रा लेखन की परम्परा एवं यात्रा लेखन के महत्व

गुरुवार, 29 अप्रैल 2021

पुस्तक सार - हिमालय की वादियों में

हिमाचल और उत्तराखण्ड हिमालय से एक परिचय करवाती पुस्तक


यदि आप प्रकृति प्रेमी हैं, घुमने के शौकीन हैं, शांति, सुकून और एडवेंचर की खोज में हैं और वह भी पहाड़ों में और हिमालय की वादियों में, तो यह पुस्तक – हिमालय की वादियों में आपके लिए है। यह पुस्तक उत्तराखण्ड हिमालय और हिमाचल प्रदेश की वादियों में लेखक के पिछले तीन दशकों के यात्रा अनुभवों का निचोड़ है, जिसे 36 अध्यायों में बाँटा गया है। इसमें आप यहाँ की दिलकश वादियों, नदियों-हिमानियों, ताल-सरोवरों और घाटियों के प्राकृतिक सौंदर्य से रुबरु होंगे। हिमालय की विरल ऊँचाईयों में ट्रैकिंग, एडवेंचर और पर्वतारोहण का रोमाँचक अहसास भी आपको इसमें मिलेगा।

इसके साथ इन स्थलों की ऐतिहासिक, पौराणिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विशेषताओं से भी आप परिचित होंगे। इन क्षेत्रों की ज्वलंत समस्याओं व इनके संभावित समाधान पर एक खोजी पत्रकार की निहारती दृष्टि भी आपको इसमें मिलेगी। और साथ में मिलेगा घूम्मकड़ी के जुनून को पूर्णता का अहसास देता दिशा बोध, जो बाहर पर्वतों की यात्रा के साथ आंतरिक हिमालय के आरोहण का भी गाढ़ा अहसास दिलाता रहेगा। इस तरह यह पुस्तक आपके लिए एक रोचक, रोमाँचक और ज्ञानबर्धक मानस यात्रा का निमन्त्रण है।

मूलतः हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिला के एक गाँव से सम्बन्ध रखने वाले यात्रा लेखक अपनी मातृभूमि के कई अनछुए पहलुओं का इन यात्रा वृतांत के माध्यम से सघन एवं गहन परिचय करवाते हैं। कुल्लू-मानाली-वशिष्ट-नग्गर-मणिकर्ण जैसे यहाँ के प्रचलित स्थलों के साथ वे बिजली महादेव, जाणा, भौसा-गड़सा घाटी तथा मानाली घाटी के कई कम परिचित तथ्यों से भी सघन परिचय करवाते हैं। 

इस क्रम में मानाली के पास स्थित अटल विहारी पर्वतारोहण संस्थान के साथ सोलाँग घाटी, रोहताँग पास, कैलांग, त्रिलोनाथ, उदयपुर, दारचा, जिंगजिंगवार, सूरजताल, वारालाचा जैसे इलाकों की रोमाँचक यात्राएं पाठकों को हिमालय के बर्फीले टच का गहरा अहसास दिलाती हैं। 

हिमाचल की राजधानी शिमला के अंदर एवं आसपास टैकिंग से लेकर तीर्थाटन (कुफरी, चैयल, मशोवरा, नारकण्डा, सराहन) के रोचक पहलुओं को यहाँ पढ़ा जा सकता है। शोध-अध्ययन प्रेमियों के लिए शिमला स्थित उच्च अध्ययन संस्थान व आसपास के विश्वविद्यालयों का परिचय एक ज्ञानबर्धक अनुभव रहता है। इसके साथ मण्डी जिला के पराशर झील एवं शिमला से कुल्लू वाया जलोड़ी पास जैसे रुट यात्रा एक नया अनुभव देते हैं।

पिछले तीन दशकों से धर्मनगरी हरिद्वार लेखक की कर्मभूमि रही है। यहाँ से कवर हुए उत्तराखण्ड के दर्शनीय स्थलों की यात्राओं के फर्स्टहेंड अनुभव पाठकों का गढ़वाल हिमालय के गाढ़ा परिचय करवाते हैं। खासकर हरिद्वार-ऋषिकेश तथा बद्रीनाथ, केदारनाथ, तुंगनाथ एवं हेमकुण्ड साहिब की राह में पड़ने वाले अहं तीर्थस्थल एवं घाटियाँ इसमें कवर की गई हैं। जिसमें नीलकंठ महादेव से लेकर कुंजा देवी, सुरकुण्डा देवी, टिहरी, मसूरी, देहरादून, श्रीनगर, हरियाली देवी, देवप्रयाग, चोपता जैसे स्थल स्वाभाविक रुप से दर्शकों को राह में मिलेंगे। हिमालय के इस क्षेत्र में पर्यावरण, विकास एवं जैव विविधता को लेकर चल रहे प्रेरक प्रयोगों को पढ़कर पाठक अपना ज्ञानबर्धन कर सकते हैं। इन यात्राओं में अधिकाँश पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग तथा देवसंस्कृति विवि के विद्यार्थियों के संग शैक्षणिक भ्रमण के तहत संम्पन्न हुए थे, अतः ये अपना शैक्षणिक महत्व भी लिए हुए हैं।

इसी कड़ी में कुमाउँ हिमालय का मुयाइना करता सफर भी पुस्तक की खासियत है, जिससे पुस्तक की शुरुआत होती है। अपने शोधछात्र के साथ विकास का मुआइना करता यह सफर कुमाउँ हिमालय के अल्मोड़ा, दोलाघट, मुनस्यारी, रानीखेत, नैनीताल जैसे दर्शनीय स्थलों के साथ राह में पड़ती घाटियों एवं पड़ावों से पाठकों का साक्षात्कार करवाता है।

इस तरह हिमालय की वादियों में पुस्तक में पाठक उपरोक्त स्थलों के प्राकृतिक सौंदर्य, भौगोलिक विशेषताओं, स्थानीय इतिहास, लोक जीवन, धर्म-अध्यात्म, संस्कृति और विकास सम्बन्धी रोचक, रोमाँचक तथा ज्ञानबर्धक जानकारियों से रुबरु होंगे। हिमाचल और उत्तराखण्ड में सम्पन्न इन यात्राओं में यहाँ के हिमालयन क्षेत्रों के विकास से जुड़े कई प्रश्न, संभावित समाधान एवं अनुत्तरित पहलु पाठकों को कुछ सोचने-विचारने तथा कुछ करने के लिए प्रेरित करेंगे।

पुस्तक की भूमिका में हिंदी के यशस्वी साहित्यकार एवं आचार्य प्रो.(डॉ.) दिनेश चमौला शैलेशजी के शब्दों में -  'हिमालय की वादियों में' पुस्तक कुछ ढूंढने की खोज में निकले सुखननंदन सिंह की जिज्ञासु भटकनों व खोजी पत्रकार के साथ-साथ जीवन व स्थल के रहस्यों की पड़ताल की चाह लिए लोकानुभूतियों का लेखा-जोखा है, जिसमें उनके नसमझे को समझने का प्रयास, देखे हुए को बड़ी भावप्रवणता में कह पाने की छटपटाहट, कहीं भौगोलिकता के परिष्करण के सुझाव, कहीं लोक की कोख से दिग्दर्शित भावों को हूबहू पाठक समुदाय तक पहुंचाने की बेचैनी के परिणामस्वरूप है यह पुस्तक। कहीं सुखनंदन का जोगी मन यात्रा के मूल को तलाशता प्रकृति में ही तल्लीन होता प्रतीत होता है तो कहीं जिज्ञासा का असीम क्षितिज ससीम में बंध जाने के लिए आतुर दिखाई देता है। कहीं देखे को हूबहू न कह पाने तथा कहीं न देखे को देख पाने की बेचैनी यात्रा वृतांत को अधिक रोचक व रहस्यपूर्ण बनाती है। हिमाचल व उत्तराखंड (गढ़वाल हिमालय व कुमांऊ हिमालय) के अनेक पर्यटन स्थलों, मंदिरों, देवतीर्थों तक हो आने का लेखा-जोखा उनकी अध्यात्म प्रेरित प्रवृत्ति को भी द्योतित करता है। कैमरे की आंख से चित्रित रूपकों को अभिव्यक्ति की शब्द-संपदा की रज्जु में पिरोने का यथासंभव प्रयास किया है सुखनंदनजी ने। अनुभव की दमक से अनुभूति की चमक शनै-शनै परिष्कृत होती है।

पुस्तक के संग लेखक हिमालय की वादियों में भ्रमण, घुमक्कड़ी, एडवेंचर और तीर्थाटन के लिए पाठकों का भावभरा आवाह्न करता है, इस कामना एवं प्रार्थना के साथ कि हिमध्वल हिमालय की आत्मस्थ, अंतस्थ एवं अड़िग, भव्य एवं दिव्य उपस्थिति सबको आंतरिक हिमालय के आरोहण की सतत प्रेरणा देती रहे। और इसका दिव्य स्पर्श पाकर इसकी गोद में विचरण करने वाले हर यात्री, तीर्थयात्री, घुम्मकड़, यायावर, खोजी, पर्वतारोही, शोधार्थी, नागरिक एवं प्राणी का जीवन सुख, सौंदर्य, संतुष्टि, आनन्द एवं परमशांति की ओर अग्रसर हो।

एविंससपब पब्लिशिंग (Evincepub Publishing) से प्रकाशित यह पुस्तक अमेजन, बसपकार्ट (BSPKART), फ्लिपकार्ड, गूगल, कोवो, किंडल आदि प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध है।

गुरुवार, 22 अप्रैल 2021

यात्रा वृतांत – विंध्यक्षेत्र के प्रवेश द्वार में

 

बाबा चौमुखनाथ के देश में

विंध्यक्षेत्र के प्रवेश द्वार सतना में पहुँचने से लेकर इसके आसपास के दर्शनीय स्थलों का अवलोकन पिछले ब्लॉग में हो चुका है। इस कड़ी में अब चित्रकूट एवं चौमुखनाथ का वर्णन किया जा रहा है। हालाँकि इस बार कोरोनाकाल में चित्रकूट की यात्रा संभव न हो सकी, लेकिन चौमुखनाथ के एकांत-शांत ऐतिहासिक तीर्थस्थल की यात्रा, इस बार की विशिष्ट उपलब्धि रही। चित्रकूट तीर्थ का अवलोकन हम दो दशक पूर्व की यात्रा में किए थे, यहाँ उस का भावसुमरण करते हुए इसके प्रमुख स्थलों का जिक्र कर रहा हूँ। शायद नए पाठकों के लिए इसमें कुछ रोचक एवं ज्ञानबर्धक बातें मिले।

चित्रकूट सतना से 78 किमी दूरी पर स्थित है। धार्मिक महत्व के इस तीर्थस्थान का कुछ भाग मप्र में पड़ता है तथा कुछ भाग उप्र में। मालूम हो कि चित्रकूट के घने जंगलों में ही कामदगिरि पर्वत शिखर पर भगवान राम, सीता माता और भाई लक्ष्मण ने वनवास के चौदह वर्षों के साढ़े ग्यारह वर्ष बिताए थे।

इसी पुण्यभूमि में महान ऋषि अत्रि एवं सती अनुसूईया और इनकी गोद में त्रिमूर्ति ब्रह्मा, विष्णु और महेश की लीला कथा घटित हुई थी।


सती अनुसूइया के तप से यहीं पर पयस्विनी नदी (जिसका दूसरा नाम मंदाकिनी भी है) का उद्गम हुआ माना जाता है। इसके साथ भगवान दतात्रेय, महर्षि मार्कंडेय, सरभंगा, सुतीक्ष्ण और अन्य ऋषि, मुनि, भक्त और विचारकों की साधना स्थली के रुप में यह क्षेत्र साधना के प्रचण्ड संस्कार लिए हुए है। हालाँकि मानवीय हस्तक्षेप एवं लापरवाही के चलते इसका स्थूल स्वरुप काफी दूषित हो चला है, लेकिन आस्थावानों के लिए इसका महत्व मायने रखता है।

मंदाकिनी नदी पर आगे रामघाट बना हुआ है। यहीं पर बाबा तुलसीदास को हनुमानजी के माध्यम से अपने आराध्य श्रीराम के दर्शन हुए थे। चौपाई प्रसिद्ध है कि चित्रकूट के घाट में भई संतन की भीड़, तुलसीदास चंदन घिसैं, तिलक देत रघुवीर।


यहीं आसपास रामपंचायत के पात्रों से जुड़े भरत मिलाप मंदिर
, चित्रकूट जलप्रपात, जानकी कुंड, गुप्त गोदावरी, पंपापुर, हनुमान धारा जैसे स्थल मौजूद हैं, जिनका भावभरा दर्शन तीर्थयात्रियों की रामायणकालीन स्मृतियाँ जीवंत हो उठती हैं। इनमें गुप्त गोदावरी की गुफा स्वयं में एक अद्भुत एवं विलक्ष्ण रचना है, जहाँ सीता माता ने कुछ समय बिताया था। माना जाता है कि मय दानव ने इस गुफा का निर्माण किया था। 

पास में ही कामदगिरि पर्वत पड़ता है, जिसकी पावन परिक्रमा श्रद्धालुओं के बीच प्रख्यात है। चित्रकूट में ही भारत रत्न नाना देशमुखजी द्वारा स्थापित भारत का पहला ग्रामीण विश्वविद्यालय, महात्मा गांधी चित्रकूट ग्रामोदय विश्वविद्यालय पड़ता है, जिसे 1991 में स्थापित किया गया था।

इन स्थलों के अतिरिक्त सतना जिला में कुछ अन्य रामायणकालीन स्थल हैं। गृद्धराज पर्वत, सतना जिले की रामनगर तहसील के देवराजनगर गाँव में स्थित धार्मिक, पुरातत्व और पारिस्थितिक महत्व की पहाड़ी है। यह रामनगर शहर से 8 किमी दूर स्थित है। इसे गिद्धराज जटायु के भाई संपति का जन्मस्थान माना जाता है। कवि कालिदास ने अपनी पुस्तक गिद्धराज महात्म्य में लिखा है कि 2354 फीट की ऊंचाई पर स्थित गिद्धराज पर्वत से निकलने वाली मानसी गंगा नदी में एक डुबकी लगाने से सभी तरह के पाप खत्म हो जाते हैं। शिव संहिता में भी इसका उल्लेख है। चीनी यात्री फाह्यान ने भी अपने यात्रा विवरण में इसका उल्लेख किया है।

विन्ध्य पर्वत श्रेणियों के बीच सतना से पहले एनएच-75, और फिर नागोद कस्बे के आगे जसो होते हुए एनएच-943 पर पड़ता है - सलेहा क्षेत्र के नचना गाँव में स्थित - चौमुखनाथ शिव मंदिर। जो अपनी तरह का स्वयं में एक अद्वितीय शिवमंदिर है। 

इस परिसर में पार्वती मंदिर भी है, बिना शिखर शैली का स्पाट छत बाला यह मंदिर, सबसे प्राचीन मंदिरों में आता है, जिसे गुप्तकाल में पाँचवी सदी में बनाया गया था। इसी तरह नागरा शैली की शिखर कला से युक्त चौमुखनाथ मंदिर पांचवी से सातवीं सदी में बनाया माना जाता है। माना जाता है कि इसे प्रतिहार राजवंश के काल में बनाया गया था। दोनों मंदिर खालिस पत्थर के बने हैं।

परिसर में गोमुख से पहाड़ों का शुद्ध, शीतल व मीठा जल आता है। आप इस पानी को पी सकते हैं व इसमें नहा भी सकते हैं। विशाल वट, पीपल, ईमली आदि के प्राचीन वृक्षों से घिरा परिसर का प्राकृतिक नजारा बेहद खूबसूरत लगता है। यहां पर एक वॉच टावर भी बना हुआ है, जिससे आप यहां के चारो तरफ के खूबसूरत नजारों का विहंगावलोकन कर सकते हैं।

मंदिर ऊँचे चबूतरे पर बना है। गेट पर दो शेर स्वागत करते हुए प्रतीत होते हैं। द्वार पर विष्णु-लक्ष्मीं एवं द्वारपाल की प्रस्तर प्रतिमाएं दिवार में टंगी हैं। चौमुखनाथ मंदिर के शिवलिंग में चारों और शिव के चार विभिन्न भावों को दर्शाते विग्रह एक ही पत्थर से उकेरे गए हैं। प्रवेश करते ही सामने चंद्रमाँ को धारण किए विवाह के समय के सौम्य शिव, इसके वाईं ओर विषपान के समय का विकराल भाव, इसके आगे समाधि का शांत भाव और अंत में शिव का अर्धनारिश्वर रुप। 

यहाँ के एकांत परिसर में श्रद्धालु भजन-पूजन एवं ध्यान के कुछ यादगार पल बिता सकते हैं। शिव के चारमुखों के साथ जीवन, सृष्टि एवं जीवात्मा के चार आयामी रहस्यों पर चिंतन-मनन करते हुए जीवन का सम्यक दर्शन प्रकट होता है, जिसे अनुभव कर आस्थावान तीर्थयात्री जीवन को सफल एवं धन्य अनुभव करते हैं।

चोमुख्ननाथ मन्दिर के सामने ही पहाड़ी के बीच प्राचीन जैन गुफा मंदिर श्रेयांसगिरी भी मौजूद है। समय हो तो इसके दर्शन किए जा सकते हैं। यहाँ चाय व लंगर आदि की उचित व्यवस्था रहती है। कोई चाहे तो सतना के साथ पन्ना, खजूराहो आदि दिशा से भी चौमुखनाथ आ सकते हैं। 


यहाँ से सतना की ओर बापसी के सफर में रास्ते भर कई सौ साल पुराने पेड़ों को देख मन श्रद्धा भाव से भरता उठता है। रास्ते में पक रही गैंहूँ-जौ की फसल, इनके किनारे बीच-बीच में जल से भरे तालाब और सड़क के दोनों ओर पलाश या टेसू के चटक लाल-पीले फूलों से लदे पेड़ – सब मिलाकर सफर को खुशनुमा बनाते हैं।   

रविवार, 18 अप्रैल 2021

सतना के आसपास के दर्शनीय स्थल

इतिहास को समेटे विन्ध्यक्षेत्र का यह प्रवेश द्वार

सतना म.प्र. के एक जिला के साथ मुख्यालय शहर भी है, जो प्रमुखतया सीमेंट फेक्ट्रियों के लिए माना जाता है। पास की पहाड़ियों में लाइमस्टोन और डोलोमाइट की प्रचुरता के कारण यहाँ लगभग आधा दर्जन सीमेंट फेक्ट्रियाँ हैं। इसके अतिरिक्त सतना अपने आँचल में कई हजार साल पुराने इतिहास को भी समेटे हुए है। रामायण-महाभारत काल से इसके तार जुड़े मिलते हैं। पुरातात्विक साक्ष्य बौद्ध काल के शक्तिशाली शासकों से भी इसका सम्बन्ध जोड़ते हैं। सतना अंग्रेजों के भी प्रभाव में रहा। यहाँ बहने वाली नदी सतना के नाम पर शहर का नाम सतना पड़ा, जहाँ यह शहर एक और सोन नदी, तो दूसरी ओर तमस नदी से घिरा हुआ है। हालाँकि आज जलवायु परिवर्तन के कारण इन नदियों का अस्तित्व संकट में है, जबकि आज से दो-तीन दशक पूर्व तक ये पूरे वेग के साथ बहा करती थीं।

सतना के मुख्त्यारगंज इलाके में व्यंकटेश मंदिर अपने विशिष्ट वास्तुशिल्प और प्राचीनता के चलते खास है। माना जाता है कि इसका निर्माण 1876 और 1925 के बीच देवराजनगर के शाही परिवार द्वारा किया गया था। 

यहाँ के मंदिर में तिरुपतिवालाजी के व्यंकटेश स्वामी की प्रतिकृति स्थापित हैं, जिसकी दिवारें लाल संगमरमर से बनी हुई हैं। मंदिर के प्रवेश द्वार के सामने ही विष्णू भगवान के वाहन गरुढ़ की प्रतिमा स्थापित है। बाहर से मंदिर का विशाल एवं भव्य परिसर एक अलग ही छाप छोड़ता है। 

अंदर भगवान व्यंकटेश की भव्य प्रतिमा के उत्तर की ओर लक्ष्मी-नारायण तथा दक्षिण की ओर श्रीरंगनाथ भगवान के मंदिर हैं। मंदिर परिसर में ही एक तलाब भी है, जिसका हरा-भरा परिसर शांतिदायी लगता है, जहाँ प्रकृति की गोद में क्वालिटी समय विताया जा सकता है। इस बार के टूर में परिसर में भ्रमण कर रही गौमाता का विशेष सान्निध्य मिला था।

सतना के ही अंदर शिव मंदिर, जगतदेव तालाब, संतोषी माता मंदिर, सिंधी मंदिर, जैन मंदिर, धवारी साई मंदिर आदि के साथ अन्य धर्माबलम्वियों के चर्च, गुरुद्वारा, मस्जिद आदि आस्था स्थल भी विद्यमान हैं। रामकृष्ण मिशन जहाँ रीवा रोड़ पर पड़ता है, वहीं गायत्री शक्तिपीठ शहर के बीच स्थित है। 

मैत्री पार्क प्रातः सांय भ्रमण एवं आपसी मिलन का एक लोकप्रिय स्थल हैं। पार्क परिसर में बच्चों के खेलने के लिए झूलों की व्यवस्था है। इनका हरा-भरा फूलों से भरा परिसर नागरिकों के लिए शांति-सुकून भरे कुछ बेहतरीन पल उपलब्ध कराता है। मैत्री पार्क के एक ओर हवाई पट्टी है, तो दूसरी ओर एक भव्य तालाब भी है, जिसके किनारे शिव मंदिर बना है। इस पार्क में जानवरों की बहुत सारी मूर्तियां देखने के लिए मिलती हैजो बच्चों के लिए बहुत रोचक एवं ज्ञानबर्धक रहती हैं। इसी के साथ रेल्वे स्टेशन के पास सिविल लाइन पार्क भी शहरवासियों के लिए प्रातः-सांय भ्रमण से लेकर बच्चों के खेलने-कूदन व प्रकृति की गोद में विचरण का अवसर देता है।

सतना शहर में पन्नीलाल चौक मार्केटिंग का प्रमुख केंद्र है। यह रेल्वे स्टेशन के पास पड़ता है। रोजमर्रा की आवश्यकता का हर सामान यहाँ उपलब्ध रहता है। यहाँ किशोरी हल्वाई की दुकान में खोआ की जलेबी और पेड़े प्रख्यात है। ऐसी जलेबी तो शायद ही कहीं और बनती हो। सीमेंट फेक्ट्री के कारण सतना हालाँकि एक औद्योगिक शहर है, लेकिन इसको स्मार्ट सिटी के रुप में तैयार करने की कवायद जोरों पर है और एक हिस्सा इस रुप में तैयार भी हो चुका है। रीवा रोड़ पर ही यहाँ का बस स्टैंड पड़ता है, जहाँ से अंतर्राजीय बसें पकड़ी जा सकती हैं।

बस स्टैंड से ही लगभग 4 किमी दूर रीवा रोड़ पर माधवगढ़ किला पडता है। यह तमस नदी के किनारे बसा है। हालाँकि सामान्यतया इसमें पानी कम रहता है, लेकिन बरसात में पानी बढ़ने पर नदी अपने पूरे शबाव पर होती है। फिल्हाल किला खण्डहर अवस्था में है, जो यहाँ के वैभवशाली इतिहास की झलक देता है। किले के अंदर से नदी का दृश्य बहुत ही अच्छा दिखता है। खंडहर में तब्दील होते इस किले के संरक्षण की आवश्यकता है, जिस पर अभी सरकार का अधिक ध्यान नहीं दिखता। यह किला हाईवे रोड से भी अपनी भव्य उपस्थिति दर्ज करवाता है। 

इसी रास्ते पर सतना से 16 किमी दूरी पर रामवन का शांत-एकांत सुंदर परिसर है, जिसके मुख्य आकर्षण हैं, कई फीट ऊँची बज्ररंगबली हनुमानजी की लाल सिंदूर से रंगी गगनचुम्बी प्रतिमा।

माना जाता है कि भगवान राम सीता माता एवं भाई लक्ष्मण सहित इस वन से होकर गुजरे थे। यहीं पर तुलसी संग्राहलय भी हैं, जो जिला का प्रमुख विरासत स्थल है। तुलसी संग्रहालय में प्राचीन काल की कई स्थानीय कलात्मक मूर्तियाँ हैं, जिसे 1977 में स्थापित किया गया था। इसमें मिररकोट्टा, बर्च संदूक, ताड़ का पत्ता, दुर्लभ ताँबे के सिक्के व प्लेट, सोने व चाँदी की मूर्तियाँ आदि प्रदर्शित हैं। यह पुरातात्विक संग्रहालय सतना शहर के गौरवशाली अतीत का दिग्दर्शन कराता है। इस परिसर में रुकने व रिफ्रेश होने के लिए विश्राम गृह के साथ कैंटीन भी है, जिसमें चाय-काफी आदि की उम्दा व्यवस्था रहती है। पास में ही एक पार्क भी है। परिवार के साथ यहाँ के प्राकृतिक परिवेश में शाम को क्वालिटी समय बिताया जा सकता है।

इसी मार्ग पर बीच में दक्षिण की ओर मैहर के लिए सड़क जाती है, जो सतना से लगभग 40 किमी दूर पड़ता है। यहाँ त्रिचूट पर्वत पर 600 फीट की ऊँचाई पर माँ शारदा का सिद्ध शक्तिपीठ है। 

By LRBurdak - Own work, CC BY-SA 3.0, https://commons.wikimedia.org/w/index.php?curid=3023734

शिखर तक पहुँचने के लिए 1001 सीढ़ियाँ चढ़नी पड़ती हैं। मान्यता है कि माँ के चरणों में यौद्धा भक्त आल्हा आज भी अपनी श्रद्धांजलि अर्पित करने आते हैं। (मालूम हो कि आल्हा-ऊदल बुंदेलखण्ड के महान यौद्धा भाई रहे हैं, जिनकी वीरता की गाथाएं आज भी बड़े रोमाँच के साथ गाई जाती हैं। ऊदल जहाँ पृथ्वीराज चौहान से युद्ध में वीरगति को प्राप्त हुए, वहीं माँ शारदा से अमरता का वरदान प्राप्त आल्हा पृथ्वीराज चौहान को निर्णायक युद्ध की ओर ले जाते हैं। गुरु गोरखनाथ के आदेश पर आल्हा पृथ्वीराज को प्राणदान देते हैं और फिर वैराग्य धारण करते हैं। माना जाता है कि वे अमर हैं और आज भी सबसे पहले प्रातः भगवती को शीष नवाने आते हैं।) यहाँ आधी दूरी तक रोपवे द्वारा जाया जा सकता है, बाकि रास्ता पैदल चलना पड़ता है। यहाँ से चारों ओर पहाड़ियों व नीचे शहर व मैदान-घाटियों का नजारा देखने योग्य रहता है।

सतना जिला में ही लगभग 23 किमी दूर भरहुत नामक बौद्ध संस्कृति का एक प्राचीन केंद्र है, जहाँ बौद्ध धर्म से जुड़े कई साक्ष्य प्राप्त हुए हैं। 

By LRBurdak - Own work, CC BY-SA 3.0, https://commons.wikimedia.org/w/index.php?curid=2903171

सन 1873 में भारतीय पुरातत्व के जनक कहे जाने वाले सर अलेक्जेंडर कनिंघम ने इनकी खोज की थी। यहाँ प्राप्त सतूप को तीसरी शताब्दी ईसा पूर्व मौर्य सम्राट अशोक द्वारा स्थापित माना जाता है। यहाँ दूसरी सदी ई.पू. में शुंग शासकों द्वारा परिबर्धित साक्ष्य भी मिलते हैं। यहाँ से प्राप्त अवशेष भारत और विश्व के कई संग्रहालयों में प्रदर्शित हैं। इन्हें देख स्पष्ट होता है कि यहाँ कई शक्तिशाली सम्राटों का शासन रहा। 

मैहर के पास ही लगभग 11 किमी पहले नीलकंठ आश्रम पड़ता है, जहाँ सिद्ध बाबा नीलकंठजी महाराज ने तपस्या की थी। यहां प्रकृति के बहुत ही मनोरम परिवेश में राधा-कृष्ण सहित गणेश, शंकर व अन्य देवी-देवताओं के मंदिर हैं। यहाँ पर आप परिवार व दोस्तों के साथ आध्यात्मिक परिवेश में एक नया अनुभव लेकर जा सकते हैं।  यहाँ चाय व लंगर आदि की उचित व्यवस्था भी रहती है।

इसी की राह में कला को समेटे आर्ट इचोल पड़ता है, जो कलाप्रेमियों के लिए एक आदर्श स्थल है। यहां आप धातुमिट्टीपत्थर एवं लकडी से बनी कई तरह की कलात्मक वस्तुएं देख सकते हैं। यदि आपमें कलात्मक प्रतिभा है, तो आप भी यहाँ के सृजन का हिस्सा बनकर अपना योगदान दे सकते हैं। यह जगह देश-दुनियाँ से आए कलाकारों द्वारा निर्मित अद्भुत कलाकृतियों से भरी हुई हैं। आर्ट इचोल मैहर की ओर से करीब 10 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है। आप यहां पर सृजन एवं शांति के कुछ बेहतरीन पल बिता सकते हैं।

इस तरह सतना इतिहास, धर्म और कला-संस्कृति में रुचि रखने वालों के लिए एक महत्वपूर्ण पड़ाव हैजहां प्राचीनकाल से लेकर मध्यकाल तक के इतिहास को साक्षी बनकर देखा जा सकता है। और अपनी आस्था के अनुरुप तीर्थस्थलों में भ्रमण करते हुए अपनी श्रद्धा-आस्था क्षेत्र को सिचित किया जा सकता है। सतना के आसपास चित्रकूट एवं चौमुखनाथ जैसे अन्य ऐतिहासिक एवं पौराणिक स्थल भी हैं, जो विंध्यप्रदेश के द्वार सतना को और खास बनाते हैं। इन तीर्थ स्थलों का को आप अगली ब्लॉग पोस्ट - बाबा चौमुख नाथ के देश में, पढ़ सकते हैं।

चुनींदी पोस्ट

पुस्तक सार - हिमालय की वादियों में

हिमाचल और उत्तराखण्ड हिमालय से एक परिचय करवाती पुस्तक यदि आप प्रकृति प्रेमी हैं, घुमने के शौकीन हैं, शांति, सुकून और एडवेंचर की खोज में हैं ...