क्‍वेरी कुंजापुरी के लिए तारीख के अनुसार क्रमित पोस्‍ट दिखाए जा रहे हैं. प्रासंगिकता द्वारा क्रमित करें सभी पोस्‍ट दिखाएं
क्‍वेरी कुंजापुरी के लिए तारीख के अनुसार क्रमित पोस्‍ट दिखाए जा रहे हैं. प्रासंगिकता द्वारा क्रमित करें सभी पोस्‍ट दिखाएं

बुधवार, 26 मई 2021

यात्रा वृतांत कैसे लिखें?

                                                      यात्रा वृतांत लेखन के चरण

निश्चित रुप में यात्रा वृतांत का पहला ठोस चरण तो यात्रा के साथ शुरु होता है। व्यक्ति कहाँ की यात्रा कर रहा है, किस भाव और उद्देश्य के साथ सफर कर रहा है और किस तरह की जिज्ञासा व उत्सुक्तता लिए हुए है, इनकी गहनता, गंभीरता एवं व्यापकता एक अच्छे यात्रा वृतांत के आधार बनते हैं तथा यात्रा वृतांत में रोचकता और रोमाँच का रस घोलते हैं और साथ ही ज्ञानबर्धक भी बनाते हैं।

यात्रा वृतांत ज्ञानबर्धक बने इसके लिए यह भी आवश्यक हो जाता है कि यात्रा स्थल या रुट का पहले से कुछ अध्ययन किया गया हो। या कह सकते हैं कुछ रिसर्च की हो। पहले इसका एक मात्र साधन दूसरों के लिखे यात्रा वृतांत पढ़ना या वहाँ से घूम आए लोगों से की गई चर्चा होती थी। लेकिन आज इंटरनेट के जमाने में यह काम बहुत आसान हो गया है। लगभग हर लोकप्रिय ठिकानों पर ब्लॉग से लेकर वीडियोज मिल जाएंगे। बाकि कसर गूगल गुरु पूरा कर देते हैं, जिसमें किसी भी स्थान पर तमाम तरह की जानकारियाँ उपलब्ध रहती हैं।

यहीं से यात्रा वृतांत में नूतनता लाने के सुत्र भी मिल जाते हैं, कि अब तक दूसरे यात्री क्या कवर कर चुके हैं और इसमें कौन से पहलु या एंग्ल अभी बाकि हैं। हो सकता है कि अमुक यात्रा में आपकी रुचि के विषय पर अभी कोई प्रकाश ही न डाला गया हो या जो जानकारियाँ उपलब्ध है वे आपकी जिज्ञासा व उत्सुक्तता का समाधान नहीं कर पा रही हों। ऐसे में यह जानकारी का अभाव या खालीपन आपके यात्रा लेखन के नूतनता का एक प्रेरक तत्व बन जाता है।

उदाहरण के लिए हम एक शैक्षणिक भ्रमण में ऋषिकेश के पास कुंजादेवी शक्तिपीठ से बापसी में नीरझरना घूमना चाहते थे, लेकिन हमें कोई इसकी जानकारी देने वाला नहीं मिला। इंटरनेट खंगालने पर भी नीरझरने की कुछ फोटो या वीडियो के अलावा रुट की कोई जानकारी नहीं मिली। सो शिखर पर बसे कुँजापुरी से बापसी में लोगों से पूछते हुए, बीच में राह भटकते हुए हम इसको कवर किए थे। लेकिन यह स्वयं में एक रोचक एवं रोमाँचक यादगार यात्रा बन गई थी। इसे आप चाहें तो आगे दिए लिंक में पढ़ सकते हैं।यात्रा वृतांत - कुंजापुरी से नीरझरना ट्रैकिंग एडवेंचर।

और यदि स्थान बहुत लोकप्रिय है और इसमें पर्याप्त कवरेज हो चुकी है, तो भी यात्रा लेखक  अपने विशिष्ट नजरिए, अंदाज व शैली के आधार पर इसे नयापन दे सकता है, बल्कि देता है। एक ही स्थान को देखने के अनगिन नजरिए हो सकते हैं। किसी भी स्थान का प्राकृतिक सौंदर्य, भौगोलिक विशेषता, ऐतिहासिक-पौराणिक पृष्ठभूमि, वहाँ का रहन-सहन, खान-पान, लोक संस्कृति, विशिष्टता, राह की खास बातें आदि कितनी बातें, कितने तरीकों से व्यक्त हो सकती हैं। इसमें व्यक्ति के अपने मौलिक अनुभव एक नयापन घोलने में सक्षम होते हैं, जिससे कि यात्रा वृतांत एक ताजगी लिए तैयार होता है।

इसके साथ कोई भी स्थान या रुट कितना ही सुंदर, आकर्षक या मनभावन क्यों न हो, वहाँ कि कुछ कमियाँ, राह की दुर्गमताएं, समस्याएं या क्लचरल शॉक्स आदि भी यात्रा वृतांत के रोचक विषय बनते हैं, जो पाठकों के लिए उपयोगी हो सकते हैं। इससे नए यात्री या पर्यटक इनसे परिचित होकर आवश्यक तैयारी या सावधानी के साथ यात्रा का पूरा आनन्द ले पाते हैं। यदि लेखक किसी विषय की जानकारी रखता हो या विशेषज्ञता लिए हो तो स्थानीय समस्याओं के संभावित समाधान पर भी प्रकाश डाल सकता है, जो यात्रा वृतांत में ज्ञानबर्धन आयाम जोड़ते हैं और इसकी पठनीयता बढ़ जाती है। इसमें संवेदनशील व संतुलित रवैया उचित रहता है तथा दोषारोपण या छिद्रान्वेषण आदि से हर हालत में बचना उचित रहता है।

यात्रा वृतांत में राह में मिले अन्य यात्रियों, स्थानीय लोगों के साथ चर्चाएं भी यात्रा वृतांत के अनिवार्य पहलु रहते हैं, जो जानकारी को और प्रामाणिक तथा रोचक बनाते हैं। इससे पाठकों की कई सारी जिज्ञासाओं व प्रश्नों के समाधान बात-बात में मिल सकते हैं। अतः यात्रा में लोगों से संवाद एक महत्वपूर्ण तत्व रहता है, जिसे नजरंदाज नहीं किया जा सकता। यात्रा लेखक यदि घूमने के जुनून व जिज्ञासाओं से भरा हुआ है, तो ऐसे संवाद सहज रुप में ही घटित हो जाते हैं और प्रकृति भी राह में उचित पात्र के साथ मुलाकात में सहायक बनती है। इसमें कई लोगों को थोड़ा अचरज हो सकता है, लेकिन अनुभवी घुम्मकड़ ऐसे संयोगों को सहज रुप में समझ रहे होंगे व ऐसे संस्मरणों से नित्य रुबरु होते रहते हैं।

यात्रा वृतांत में फोटो का अपना महत्व रहता है। सटीक फोटो इसकी पठनीयत को बढ़ा देता है। यात्रा लेखक अपने लेखकीय कौशल के आधार पर जो कह नहीं पाता, वह एक उचित चित्र बखूबी व प्रभावशाली ढंग से स्पष्ट कर देता है, जिससे पाठक को यात्रा के साथ भाव चित्रण में सहायता मिलती है। हालाँकि किसी स्थल के प्राकृतिक सौंदर्य़, भौगोलिक विशेषता या भावों के सुंदर व जीवंत चित्रण को लेखक अपनी कलम से करने में काफी हद तक सक्षम होता है, जिसको पढ़ने का अपना आनन्द रहता है। किसी जमाने में जब फोटोग्राफी का चलन नहीं था, तो लोग पेन या पेंसिल के स्कैच से भी चित्रों का काम चला लिया करते थे।

यात्रा वृतांत लेखन में एक महत्वपूर्ण पहलू राह के पड़ाव व स्थानों के नाम व उनसे जुड़ी मोटी व खास जानकारियाँ भी रहते हैं। इसके लिए एक डायरी व पेन साथ में रहे, तो उचित रहता है। जहाँ भी जो स्थान आए, इनके नाम नोट किए जा सकते हैं। और यदि पहले से कुछ रिसर्च कर रखें हैं, तो इन स्थानों को पहले से ही डायरी में सुचिबद्ध कर रखा जा सकता है तथा साथ में सफर कर रहे लोगों से कुछ खास जानकारियों को बटोरा जा सकता है। फिर अपने अनुभव के आधार पर इनमें अतिरिक्त नयापन जोड़ा जा सकता है। अपनी डायरी या नोटबुक में नोट किए गए ये नाम या बिंदु बाद में लेखन में सहायक बनते हैं।

यात्रा पूरी होने के बाद फिर लेखन की बारी आती है। इसमें लेखन से जुड़े सर्वसामान्य नियमों का अनुसरण करते हुए पहला रफ ड्राफ्ट तैयार किया जाता है, जिसमें अपनी यात्रा के अनुभवों को एक क्रम में कागज या कम्पयूटर-लैप्टॉप पर उतारा जाता है। फिर शांत मन से कुछ और विचार मंथन व शोध के आधार पर दूसरे ड्रॉफ्ट में अतिरिक्त आवश्यक तथ्यों व जानकारियों को शामिल किया जा सकता है तथा इसमें भाषा की अशुद्धियों को ठीक करते हुए इसे पॉलिश किया जाता है। यदि लेखन की इस प्रक्रिया को विस्तार से जानना है तो हमारे ब्लॉग पर लेखन कला - लेखन की शुरुआत करें कुछ ऐसे को पढ़ा जा सकता है।

यात्रा वृतांत लेखन में यदि इन बातों का ध्यान रखा जाए व इन चरणों का अनुसरण किया जाए, तो निश्चित ही एक बेहतरीन यात्रा ब्लॉग तैयार हो जाएगा। और पाठक इसको पढ़कर यात्रा के साथ जुडी रोचकता व रोमाँच को अनुभव करेंगे। उनके ज्ञान में इजाफा होगा तथा वे आपके साथ भावयात्रा करते हुए सफर के आनन्द का हिस्सा बनेंगे। शायद यही तो एक यात्रा लेखन का मकसद रहता है।

यात्रा लेखन के ऊपर दिए बिंदुओं को और बेहतर समझने के लिए नीचे दिए कुछ यात्रा वृतांतों को पढ़ा जा सकता है -

यात्रा वृतांत - हमारी पहली झारखण्ड यात्रा

यात्रा वृतांत - सुरकुण्डा देवी का वह यादगार सफर, भाग-1

यात्रा वृतात - कुल्लू से नेहरुकुण्ड-वशिष्ट वाया मानाली लेफ्ट बैंक

यात्रा लेखन से जुड़े कुछ अन्य उपयोगी लेख -

यात्रा लेखन के मूलभूत तत्व

हिंदी यात्रा लेखन की परम्परा एवं यात्रा लेखन के महत्व

गुरुवार, 22 नवंबर 2018

यात्रा वृतांत-सुरकुंडा देवी का वह यादगार सफर, भाग3


गढ़वाल हिमालय के सबसे ऊँचे शक्तिपीठ के दिव्य प्राँगण में


कद्दुखाल से सुरकुंडा देवी तक 3 किमी का ट्रेकिंग मार्ग है, जहाँ हमें 8000 फीट से लगभग 10000 फीट ऊँचाई तक का आरोहण करना था। पूरा रास्ता पक्का, पर्याप्त चौड़ा और सीढ़ीदार है, प्रायः हल्की चढ़ाई लिए समतल, लेकिन बीच-बीच में खड़ी चढ़ाई भी है। जो चल नहीं सकते, उनके लिए घोड़े-खच्चरों की भी व्यवस्था है, लेकिन हमारे दल में कोई ऐसा नहीं था जिसे इनकी जरुरत पड़ती। पहाड़ को चढ़ने का सबका उत्साह और जोश देखते ही बन रहा था। अगले ही कुछ मिनटों में दल का बड़ा हिस्सा दृष्टि से औझल हो चुका था, कुछ ही पथिक साथ में बचे थे।


लगभग आधा पौन घंटे की चढ़ाई के बाद दम फूल रहा था, सो यहाँ एक बड़े से बुराँश पेड़ की छाया तले रेलिंग के सहारे खड़े हो गए, कुछ दम लिए, जल के दो घूंट से सूखे गले को तर किए और फिर आगे चल दिए। इन विशिष्ट पलों को यादगार के रुप में कैमरे में केप्चर किए।


इस रास्ते की खासियत ये बुराँश के पेड़ भी हैं, जो पर्याप्त मात्रा में लगे हैं। गुच्छों में लगी लम्बी हरि पत्तियाँ इनकी पहचान है। अप्रैल-मई माह में इनमें सुर्ख लाल रंग के फूल लगते हैं, जिनसे तैयार किया गया जूस औषधीय गुणों से भरपूर रहता है, विशेषरुप से ह्दय के स्वास्थ्य के लिए उपयोगी।
इसी रास्ते में खट्टे-मीठे जंगली फलों की झाडियां भरपूर मात्रा में लगी हैं, बल्कि बीच में तो सड़क इन्हीं से घिरी हुई दिखीं। इनमें कांटेदार पत्तों बाली दारू हल्दी(शाम्भल), आंछा आदि विशेषरुप में दिखी। कुछ नए पौधे व झाड़ियां भी थीं। लगा, इनके जानकार किसी जड़ी-बूटी विशेषज्ञ के साथ इस इलाके की यात्रा यहाँ की दुर्लभ वनस्पतियों पर रोचक प्रकाश डाल सकती है।
काफिले के साथ बीच में मुख्य मार्ग से हटकर हमनें कुछ चढ़ाईदार शॉर्टकट्स भी मारे, जिसकी राह में वाचा घास के दर्शन हुए। इसको देखते ही जैसे बचपन आंखों के सामने तैर उठा, जब हमारे नानाजी अपने कपड़े की थैली से लोहे की कमानी निकालकर चकमक पत्थर पर चोट मारते और इसकी चिंगारी वाचा घास को सुलगा देती, जिसे चिल्म की तम्बाकू पर रखकर आग सुलगते हुए उनकी चिल्म तैयार हो जाती। तब नानाजी यह घास स्थानीय जंगलों से लाते थे। यहाँ यह अग्नि प्रज्जवल्क घास हमें प्रचुर मात्रा में ढलानों में उगी दिखी। लगा नहीं कि यहाँ कोई इसके इस गुण, धर्म व प्रयोग से परिचित है, क्योंकि यह निर्बाध रुप से ढलानों पर फैली थी।
रास्ते में चाय-नाश्ते आदि की व्यवस्था ढाबों में थी, लेकिन आज समय अभाव के चलते यहाँ रुकने की गुंजाइश नहीं थी। बाकि, साथ में रखी पानी की बोटल से काम चल रहा था। जहाँ थक जाते दो पल दम भरते और आगे चल देते। रास्ते में हमें हर उमर के सैलानी, तीर्थयात्री मिले, जिनमें बच्चे, बुढ़े, जवान, कप्पल, स्टुडेंट व प्रौढ़ शामिल थे। सबसे आश्चर्य नन्हें बच्चों को पैदल ट्रैकिंग करते हुए देखकर हुआ, जिनमें एक-ड़ेढ़ साल से लेकर 3 साल तक के बच्चे दिखे। इनको देखते ही मन रोमाँचित हो उठता, इनके जीवट को सलाम करते हुए इनसे हेंडशैक करते, इनको टॉफियाँ देते और लगता कि येही दुर्गम शिखरों पर शौर्य एवं जीवट का झंड़ा फहराने वाले भावी कर्णधार हैं।
मंजिल के लगभग अंतिम शॉर्टकट के दौरान रास्ते में हमें हेलीकॉप्टर के दर्शन हुए, जो घाटी में हमसे काफी नीचे उड़ रहे थे। अहसास हुआ, जिन हेलीकॉप्टर को हम मैदान में नीचे से निहारते हैं, आज वो हमसे कितना नीचे हैं और जैसे वो हमको निहार रहे हों। लगा, यह ऊँचाईयों के साथ दोस्ती का परिणाम था। जितना हम ऊँचाईयों का संग-साथ करते हैं, उतना ही निचाईयां पीछे छूटती जाती हैं और अनायास ही हम ऊच्चता एवं महानता के संवाहक बन जाते हैं।
लेकिन अपनी उच्चता का मुगालता पालने की भी जरुरत नहीं। प्रभु की सृष्टि में हर इंसान व प्राणी अपनी मौलिक विशेषता के बावजूद अधूरा है और सबको मिलकर ही सर्वसमर्थ पूर्ण सत्ता बनती है। इन्हीं क्षणों में टीम के जागरुक सदस्यों ने  सर पर काफी ऊँचाईयों में मंडराते हुए ड्रोन कैमरे की ओर ईशारा किया। लगा सब प्रभु की माया है, हेलीकोप्टर नीचे और ड्रोन कैमरा हमारे ऊपर, हम बीच में कहीं। काहे का तथाकथित महानता का मुगालता-काहे का दंभ, काहे की तुलना और काहे का कटाक्ष। हम तो माता के दर्शन के लिए निकले थे, मंजिल पास थी, सो उस पर ध्यान केंद्रित कर सामने खड़ी मंजिल की ओर बढ़ चले।
हम उस बिंदु पर थे, जहाँ से उड़न खटोले का काम चल रहा था। अगले कुछ ही महीनों में इसके तैयार होने के आसार हैं। कमजोर, बुजुर्ग और बीमार लोगों के लिए यह सुविधा वरदान सावित होने वाली है, जो पैदल चलकर या खच्चरों पर बैठकर यहाँ तक नहीं आ सकते। साथ ही यह भी लगा कि इस सुविधा के चलते कई स्वस्थ-सक्षम किंतु आरामतलब लोग इस राह के रोमाँच व सुंदर नजारों से बंचित रह जाएंगे। 

सुरकुंडा देवी के दिव्य प्रांगण में
जुत्ताघर में जुता उताकर हम मंदिर के पावन परिसर में प्रवेश किए। आगे पहुँचे हुए सदस्य सब इधऱ-उधर तितर-बितर हो चुके थे। हम मंदिर की परिक्रमा कर मंदिर में प्रवेश किए, माता का दर्शन किए, आशीर्वाद लिए और बाहर मंदिर के पीछे एक कौने पर आसन जमाकर बैठ गए। सामने बर्फ से ढकी हिमालय की विराट ध्वल श्रृंखलाएं अपने दिव्य वैभव के साथ अटल तपस्वी जैसी खड़ीं थी, उस ओर मुंह कर कुछ पल चिंतन-मनन व ध्यान के विताए। 
हमारे विचार से सुरकुंडा शक्तिपीठ से हिमालय का पावन सान्निध्य इस स्थल को विशिष्ट बनाता है। यहाँ विताए कुछ पल बैट्री चार्ज जैसा अनुभव रहते हैं।
काफिले का फोटो और सेल्फी अभियान जारी था। आग्रह पर हम भी बीच में शामिल हो गए और अंत में सबको बटोरकर एक ग्रुफ फोटो के बाद भगवती को अपना भाव निवेदन करते हुए बापिस चल दिए।
ज्ञातव्य हो कि सुरकुंडा माता वह शक्तिपीठ है, जहाँ सती माता का सर व कंठ बाला हिस्सा गिरा था, इसलिए इसका नाम सरकंठ पड़ा, जो क्रमशः बदलते-बदलते सुरकुंडा हो गया। यहाँ नवरात्रियों व ज्येष्ठ माह के गंगा दशहरा के दौरान विशेष भीड़ रहती है। आज यहाँ भीड़ उतनी अधिक नहीं थी। 
मंदिर परिसर में हनुमान, शिव-परिवार सहित अन्य देवी-देवताओं के विग्रह स्थापित हैं, जो हिमालय की पृष्ठभूमि में विशिष्ट भाव जगाते हैं।
     मंदिर का नवनिर्माण पिछले ही वर्षों हुआ है, जो एक विशेष शैली में है। इस शैली का मंदिर हम पहली वार देखे। यह इस क्षेत्र के सबसे ऊँचे शिखर पर स्थापित है, जहाँ से देहरादून, ऋषिकेश, प्रतापनगर एवं चकराता साइड के सुंदर दृश्यों को निहारा जा सकता है। मौसम साफ होने पर कुंजादेवी, चंद्रबदनी सहित केदारनाथ, बद्रीनाथ, गंगोत्री, यमुनोत्री क्षेत्र की समस्त चोटियों के दर्शन किए जा सकते हैं। 
सामने बर्फ से ढकी सफेद चोटियों के दर्शंन तो हमें भी हो रहे थे, लेकिन ये कौन सी चोटियां हैं, बताने वाला यहाँ भी कोई नहीं मिला, सो इस अनुतरित प्रश्न के साथ हम बापिस चल पड़े।
बापसी का रास्ता
इस जिज्ञासा के साथ हम बापिस कद्दुखाल तक नीचे उतरे। उतरने में अधिक समय नहीं लगा। चढ़ाई जहाँ लगभग 2 घंटे में तय हुई थी, उतराई महज पौने घंटे में पूरी हो गयी। उतराई में हम अघोषित नियमानुसर सबसे आगे थे। रास्ते में बुराँश के पेड़ हमें विशेष रुप में प्रभावित करते रहे, लगा कि अप्रैल-मई में फूलने पर इनके सुर्ख लाल फूलों से गुलजार इनके जंगल कितने सुंदर लगते होंगे।
जहाँ थोड़ा दम भरना होता, वहाँ खड़ा होकर नीचे की घाटी के विहंगम दृश्य को निहारते, जो स्वयं में अद्भुत, मनोरम एवं बेजोड़ हैं। लगता इन्हें निहारते हुए यहीं ठहर जाएं, लेकिन समय की सीमा इसकी इजाजत नहीं दे रही थी। 
पूरा काफिला धीरे-धीरे उस बिंदु तक आ रहा था, जहाँ से ट्रेक शुरु हुआ था। यहाँ भूखे खच्चर सड़क किनारे घास चर रहे थे।
नीचे कद्दुखाल उतरकर पूरे समूह ने भोजन किया। महज 60 रुपए में पूरी थाली और गर्मागर्म रोटियाँ। भूख लगने पर भोजन का आनन्द कई गुणा बढ़ गया था। बाहर छत से नीचे घाटी का नजारा देखने लायक था। यहाँ तेज हवा चल रही थी, ठंड़ काफी बढ़ चुकी थी, बंद पड़े स्वाटर-जैकेट अब काम आ रहे थे। साथ में दूसरे पाठयक्रमों के बच्चों के साथ धीरे-धीरे जान-पहचान हो रही थी और इनकी बालसुलभ जिज्ञासाओं का समाधान करते-करते एक आत्मीयतापूर्ण भाव स्थापित हो चुका था तथा कुछ नाम याद भी हो गए थे। पूरे ग्रुप का अनुशासन व सहयोग काबिले तारीफ रहा। पूरा ट्रिप एक यादगार सफर के रुप में कई सुखद अनुभवों के साथ स्मृतिपटल पर अंकित रहेगा।
ढलती शाम और अंधेरे में बापसी का सफर
शाम को साढ़े चार तक हम कद्दुखाल से चल चुके थे। ढलती शाम के साथ सफर आगे बढ़ रहा था। रास्ते में अँधेरा हावी हो चुका था। रात को सेलुपानी स्थान पर बस चाय के लिए रुकी। आधी सवारियाँ दिन भर की ट्रेकिंग से थकी निद्रादेवी की गोद में थीं। आगे रास्ते में कब हेंवल नदी पार हो गयी और आगराखाल पहुँचे, पता ही नहीं चला। अंधेरा होने के कारण बापसी में कुंजापुरी के दर्शन अब संभव नहीं थे। 
यहाँ से नीचे डोईबाला और ऋषिकेश साइड के मैदानी इलाकों की शहरी रोशनियाँ ऐसे जगमगा रहीं थीं, जैसे कि दिपावली का नजारा हो। जब हम नरेंद्रनगर से नीचे उतर रहे थे, तो नीचे देखकर ऐसा लग रहा था कि जैसे आसमान के तारे जमीं पर उतर आए हों।
शहर के रोशन नजारे को निहारते हुए हम क्रमशः 8 बजे तक ऋषिकेश पहुँचे और अगले आधे घंटे में देसंविवि के गेट पर थे। इस तरह पूरे 12 घंटे में हम सुरकुंडा देवी का यह यादगार सफर पूरा कर रहे थे
पहली बार दिन के उजाले में तय किया गया यह रास्ता हमारे ऑल टाइम फेवरेट रास्तों में शुमार हो चुका है। शायद इसका प्रमुख कारण इतना नजदीक से बर्फ से ढके हिमालय के दीदार थे, जो दूर होते हुए भी हमें बहुत पास लगे और हिमालय की गोद में सफर के अनुभव हमें कहीं गहरे अपने अंदर भावों की सुरम्य घाटियों व शिखरों के बीच विचरण के रोमाँचक अहसास जगा रहे थे, जो यात्रा वृतांत की तीन कड़ियों के रुप में आपके सामने प्रस्तुत हैं।
इस यात्रा के पहले दो भाग यदि न पढ़े हों, तो नीचे लिंक्स पर देख सकते हैं -

सुरकुण्डा देवी का यादगार सफर, भाग-1 (ऋषिकेश-नरेंद्रनगर-चम्बा)

सुरकुण्डा देवी का यादगार सफर, भाग-2 (चम्बा, कानाताल,कद्दुखाल)

 
 

शुक्रवार, 16 नवंबर 2018

य़ात्रा वृतांत - सुरकुंडा देवी का वह यादगर सफर, भाग-1

गढ़वाल हिमालय की गोद में सफर का रोमाँच
 

जनरल इलेक्टिव के पाठ्यक्रम में यात्रा वृताँत के तहत विद्यार्थियों के साथ जिस तरह से अचानक शैक्षणिक भ्रमण का प्लान बना, लगा कि जैसे माता का बुलावा आ गया। 28 अक्टूबर की सुबह 25 छात्र-छात्राओं और शिक्षकों का दल देवसंस्कृति विवि से प्रातः 8:20 बजे रवाना हुआ। इस टूर के प्रति सबकी उत्सुकता एवं उत्साह का भाव चेहरे पर स्पष्ट झलक रहा था। टूर की विशेषता थी ऋषिकेश-चम्बा से होकर सुरकुंडा की यात्रा, जिसे हम पहली बार कर रहे थे। अतः एक नए मार्ग पर यात्रा के रोमाँच व जिज्ञासा भरे उत्साह के साथ सफर शुरु होता है। काफिले के सभी सदस्य इस रुट पर पहली बार सफर कर रहे थे और संभवतः अधिकाँश तो पहली बार पहाड़ों की यात्रा कर रहे थे, वह भी हिमालय की गोद में।
लगभग आधा घंटे में हम ऋषिकेश पहुंच चुके थे, इसके पुल को पार करते ही सामने खड़े, आसमान की ऊँचाईयों को छूते गढ़वाल हिमालय के उत्तुंग शिखर जैसे हाथ पसारकर हमारा स्वागत कर रहे थे। इनके सबसे ऊंचे शिखर पर माता कुंजा देवी का शक्तिपीठ स्थित है, जिसके दूरदर्शन ऋषिकेश से सहज रुप में किए जा सकते हैं। आपकी जानकारी के लिए बता दें कि गढ़वाल के तीन शिखरों पर तीन प्रमुख शक्तिपीठ स्थापित हैं, जिन्हें दिव्य शक्ति त्रिकोण भी कह सकते हैं। जो हैं क्रमशः कुंजादेवी, चंद्रबदनी और सुरकुंडा। आज का हमारा सफर कुंजादेवी के चरणों से होकर सुरकुंडा देवी तक का था।

ऋषिकेश पुल को पार करते ही प्राचीन काली मंदिर से होकर वाईं ओर का रास्ता नरेंद्रनगर-चम्बा की ओर मुड़ता है, जबकि दाईं ओर का रास्ता देवप्रयाग के लिए जाता है। यहीं से चढ़ाई भी शुरु हो जाती है। पूरा मार्ग हरे-भरे वृक्षों से घिरा है, जिनको निहारते हुए प्रकृति की गोद में सफर का एक अलग ही आनन्द रहता है। बीच-बीच में टेकोमा के पीले फूलों से लदी झाड़ियों को देखकर सुखद आश्चर्य हुआ। जैसे-जैसे बस पहाड़ों का आरोहण कर रही थी, नीचे घाटी का दृश्य क्रमशः निखर रहा था। एक प्वाइंट पर आकर ऋषिकेश का विहंगम दृश्य देखते ही बन रहा था। 

सफर के इन खुबसूरत नजारों के साथ सफर का रफ-टफ दौर भी शुरु हो चुका था।  ऑल वेदर रोड़ का कार्य निर्माणाधीन होने के चलते शुरुआती सफर हिचकोले खाते हुए आगे बढ़ा, जो अगले लगभग दो घंटे तक हमारा साथ छोड़ने वाला नहीं था। बरसात में पहाड़ियों को काटकर बही मिट्टी ड्राइविंग रुट को चुनौतीपूर्ण बना चुकी थी। हालाँकि ड्राइवर पहाडी रास्तों से परिचित था और अपने पूरे ड्राइविंग कौशल के साथ सफर को आरामदायक बनाने की कोशिश कर रहा था। संयोग से हमारी बस के सारथी गंगोत्री क्षेत्र के थे व इनका सहयोगपूर्ण रवैया व शांत स्वभाव हमारे सफर का एक सुखद अहसास रहा।
ठीक एक घंटे बाद 9:20 पर हम नरेंद्रनगर कस्बे से गुजर रहे थे। मालूम हो कि यह गढ़वाल के राजा का निवास स्थान रहा है, जिनका पुश्तैनी महल आज फाइव स्टार होटल आनन्दा रिजॉर्ट के रुप में यहाँ कुछ दूरी पर विराजमान है। देश की फिल्मी एवं उद्योगजगत की हस्तियों व राजनेताओं का यह छुट्टियां बिताने की लोकप्रिय ठिकाना रहता है। इसी वर्ष विराट-अनुष्का, अमिताभ बच्चन परिवार, अंंवानी परिवार आदि यहाँ पधार चुके हैं।
थोड़ी ही देर में हम कुंजापूरी माता के चरणों से गुजर रहे थे। नेशनल हाईवे-94 से महज 3 किमी की दूरी पर, शिखर पर भगवती का सुंदर मंदिर विराजमान है। अभी समय अभाव के कारण हम माथा नवाते हुए सफर पर आगे बढ़े। बापसी में यदि शाम न हुई तो इसका दर्शन करेंगे, यह तय हुआ। 

पिछले आधे घंटे के मार्ग में, रास्ते में जगह-जगह सड़कों के किनारे रिस रही नमी, पानी के नल्के व प्राकृतिक जल स्रोत हमें रोचक लगे। इसका कारण आप समझ सकते हैं, ऊपर बांज के घने जंगल पहाड़ियों पर लगे हैं, जिनकी जड़ों में पानी को रोकने व छोड़ने की विशेषता के कारण यह संभव हो पा रहा है। बांज के साथ दूसरे हरे-भरे पेड़ भी प्रचुरता में इन जंगलों में लगे हैं। हालांकि, मानवीय हस्तक्षेप के चलते क्रमशः इनका सफाया हो रहा है, जो चिंता का विषय है और आगे चलकर यह इस क्षेत्र में जल संकट का कारण बने, तो कोई आश्चर्य नहीं होगा।
कुंजापूरी से आगे का सफर हमारे लिए व्यैक्तिगत रुप से भी विशेष था। क्योंकि कुंजापूरी तक तो हम कईयों वार आ चुके हैं, लेकिन यहाँ के आगे के रुट से हम अनभिज्ञ प्रायः थे। इस रास्ते के नक्शे को क्लीयर करने की चिर जिज्ञासा आज पूरा हो रही थी। सो आज दिन के ऊजाले में होशोहबाश में इस रुट को देखने, समझने, निहारने व अनुभव करने की पूरी तत्परता के साथ आगे बढ़ रहे थे। संयोग से बस की केबिन में सीट मिलने के कारण रास्ते का सांगोपांग दर्शन आज हमारे हिस्से में था। कुंजापुरी से लगभग आधा घंटे बाद हम आगराखाल के पहाड़ी स्टेशन पर थे। यहाँ बस चाय-नाश्ता के लिए रुकी। 
यहाँ के अन्नपूर्णा ढाबे में हम चाय के साथ हल्का नाश्ता लिए। अधिकाँश विद्यार्थी फोटोज व सेल्फीज में ही मश्गूल थे। शायद कुछ तो पहली बार पहाड़ों को इतना नजदीक से देख रहे थे। इनका उत्साह देखते ही बन रहा था। यहाँ 10-15 मिनट्स में फ्रेश होने के बाद काफिला ठीक 1020 पर आगे बढ़ता है। आगे का रास्ता पहाड़ियों की गोद में कुछ उतराई भरा था। आल वेदर रोड़ के निर्माण के चलते बीच-बीच में ट्रेपिक जाम का सामना करना पड़ा। लेकिन सामने गगनचुम्बी पहाड़ों के नजारे मन को सुकून दे रहे थे। रास्ते में चट्टानों को काटकर जिस तरह से सड़कें बनी हैं व बन रही हैं, देखकर लगा कि इंसानी जीवट भी क्या चीज है, उसके लिए क्या असंभव है। वह ठान ले तो क्या नहीं कर सकता।

रास्ते में गाँव-कस्वों को यथासंभव नोट करने की कवायद चलती रही, जिनका बाद में यात्रा वृतांत में प्रयोग कर सकें। अब हम फकोट गाँव से गुजर रहे थे। संभवतः हिमाच्छादित हिमालय की पहली झलक हमें इस मार्ग में मिल चुकी थी। इस राह में भी जल स्रोत्रों की प्रचुरता हमें सुखद अहसास देती रही। यहाँ की विशेषता व अंतर यह दिखा कि यहाँ सड़क के किनारे जल-संचयन के टैंक बने मिले, जिनसे पाईप के माध्यम से आगे गांवों में पानी सप्लाई हो रहा है।

आगे हम जाजल क्षेत्र में प्रवेश कर चुके थे, जहाँ रास्ते में हमें पानी का दनदनाता हुआ नाला बहता मिला। थोड़ी ही देर में उस नदी को पार कर रहे थे, जो हमें पहाड़ों में दूर से घाटी के बीचों-बीच बहती दिख रही थी। बाद में पता चला कि यह हेंवल नदी है। इस पर बने पुल को पार करते ही हम एक संकरी सी किंतु सुंदर घाटी में प्रवेश कर चुके थे।

रास्ते में हमें सेलुपानी, आमसेरा, नागनी जैसे पहाड़ी स्टेशन मिले, जहाँ नदी के किनारे धान की खेती दिखी, सरसों के लहलहाते खेत मिले। कुछ-कुछ सब्जियों के उत्पादन के चलन की झलक मिली। इसी रास्ते में जड़धारी गाँव के दर्शन हुए। संभवतः यह इस रुट का सबसे सुंदर प्वाइंट लगा, जहाँ से सुंदर घाटी सामने दूर तक फैली मिली। बीच में इसके ऊर्बर खेत और इनमें लहलहाती खेती, सब सफर को खुशनुमा अहसास दे रहे थे। स्वतंत्रता संग्राम सेनानी के नाम पर इस गाँव का नाम पड़ा समझ में आया। यहाँ से चम्बा मात्र 8 किमी है, जो इस मार्ग का एक मुख्य शहर है। और यह शहर पहाड़ी पर बसा हुआ है।
यहाँ तक का रास्ता चढ़ाई भरा रहा, जो काफी सुंदर व रोमाँचक लगा। रास्ते भर दूर हरे-भरे और सुंदर पहाड़ों के सौंदर्य को निहारते हुए यहाँ के टेढ़े मेढ़े रास्ते से सफर आगे बढ़ता रहा। नकदी फसलों से कुछ-कुछ प्रयोग रास्ते के खेतों में दिखे। 
रास्ते में ही चम्बा शहर का विहंगम नजारा सामने प्रकट हुआ, थोड़ी ही देर में हम शहर में प्रवेश कर चुके थे। चम्बा शहर के बीचों-बीच चौराहे से दाईं ओर का रास्ता टिहरी शहर की ओर जाता है तथा वांयां सुरकुंडा-मसूरी की ओर। इसकी तंग और भीड़भरी गलियों को पार करते हुए हम सुरकुंडा की ओर बढ़ रहे थे।

रास्ते में अराकोट स्थान से हमें चलती बस से विराट हिमालय श्रृंखला की पहली झलक मिली। निसंदेह हिमाच्छादित हिमालय के दर्शन सभी के लिए एक आलौकिक अनुभव था। जिस गंगा की गोद, हिमालय की छाया का ध्यान देसंविवि में नित्य होता रहता है, उसकी प्रत्यक्ष झलक निसंदेह रुप में ध्यान की गहराईयों में उतरने का अनुभव दे रही थी। आगे राह में बाँज और देवदार के वृक्षों के दर्शन हिमालय की ऊँचाईयों में प्रवेश का गाढ़ा अहसास दिला रहे थे, जहाँ बर्फवारी सर्दी के मौसम का नित्य सच रहता है। चलती बस में ठंडी हवा के साथ हिमालयन टच के तीखे किंतु सुखद झौंके हमें हिमालय की वादियों में अपनी मंजिल के समीप होने सुखद अहसास दिला रहे थे। (जारी,.......शेष अगली पोस्ट में - गढ़वाल हिमालय की सबसे मनोरम राहों में एक (चम्बा से कद्दुखाल, सुरकुण्डा))
 

चुनींदी पोस्ट

पुस्तक सार - हिमालय की वादियों में

हिमाचल और उत्तराखण्ड हिमालय से एक परिचय करवाती पुस्तक यदि आप प्रकृति प्रेमी हैं, घुमने के शौकीन हैं, शांति, सुकून और एडवेंचर की खोज में हैं ...