म.प्र. लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
म.प्र. लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

गुरुवार, 22 अप्रैल 2021

यात्रा वृतांत – विंध्यक्षेत्र के प्रवेश द्वार में

 

बाबा चौमुखनाथ के देश में

विंध्यक्षेत्र के प्रवेश द्वार सतना में पहुँचने से लेकर इसके आसपास के दर्शनीय स्थलों का अवलोकन पिछले ब्लॉग में हो चुका है। इस कड़ी में अब चित्रकूट एवं चौमुखनाथ का वर्णन किया जा रहा है। हालाँकि इस बार कोरोनाकाल में चित्रकूट की यात्रा संभव न हो सकी, लेकिन चौमुखनाथ के एकांत-शांत ऐतिहासिक तीर्थस्थल की यात्रा, इस बार की विशिष्ट उपलब्धि रही। चित्रकूट तीर्थ का अवलोकन हम दो दशक पूर्व की यात्रा में किए थे, यहाँ उस का भावसुमरण करते हुए इसके प्रमुख स्थलों का जिक्र कर रहा हूँ। शायद नए पाठकों के लिए इसमें कुछ रोचक एवं ज्ञानबर्धक बातें मिले।

चित्रकूट सतना से 78 किमी दूरी पर स्थित है। धार्मिक महत्व के इस तीर्थस्थान का कुछ भाग मप्र में पड़ता है तथा कुछ भाग उप्र में। मालूम हो कि चित्रकूट के घने जंगलों में ही कामदगिरि पर्वत शिखर पर भगवान राम, सीता माता और भाई लक्ष्मण ने वनवास के चौदह वर्षों के साढ़े ग्यारह वर्ष बिताए थे।

इसी पुण्यभूमि में महान ऋषि अत्रि एवं सती अनुसूईया और इनकी गोद में त्रिमूर्ति ब्रह्मा, विष्णु और महेश की लीला कथा घटित हुई थी।


सती अनुसूइया के तप से यहीं पर पयस्विनी नदी (जिसका दूसरा नाम मंदाकिनी भी है) का उद्गम हुआ माना जाता है। इसके साथ भगवान दतात्रेय, महर्षि मार्कंडेय, सरभंगा, सुतीक्ष्ण और अन्य ऋषि, मुनि, भक्त और विचारकों की साधना स्थली के रुप में यह क्षेत्र साधना के प्रचण्ड संस्कार लिए हुए है। हालाँकि मानवीय हस्तक्षेप एवं लापरवाही के चलते इसका स्थूल स्वरुप काफी दूषित हो चला है, लेकिन आस्थावानों के लिए इसका महत्व मायने रखता है।

मंदाकिनी नदी पर आगे रामघाट बना हुआ है। यहीं पर बाबा तुलसीदास को हनुमानजी के माध्यम से अपने आराध्य श्रीराम के दर्शन हुए थे। चौपाई प्रसिद्ध है कि चित्रकूट के घाट में भई संतन की भीड़, तुलसीदास चंदन घिसैं, तिलक देत रघुवीर।


यहीं आसपास रामपंचायत के पात्रों से जुड़े भरत मिलाप मंदिर
, चित्रकूट जलप्रपात, जानकी कुंड, गुप्त गोदावरी, पंपापुर, हनुमान धारा जैसे स्थल मौजूद हैं, जिनका भावभरा दर्शन तीर्थयात्रियों की रामायणकालीन स्मृतियाँ जीवंत हो उठती हैं। इनमें गुप्त गोदावरी की गुफा स्वयं में एक अद्भुत एवं विलक्ष्ण रचना है, जहाँ सीता माता ने कुछ समय बिताया था। माना जाता है कि मय दानव ने इस गुफा का निर्माण किया था। 

पास में ही कामदगिरि पर्वत पड़ता है, जिसकी पावन परिक्रमा श्रद्धालुओं के बीच प्रख्यात है। चित्रकूट में ही भारत रत्न नाना देशमुखजी द्वारा स्थापित भारत का पहला ग्रामीण विश्वविद्यालय, महात्मा गांधी चित्रकूट ग्रामोदय विश्वविद्यालय पड़ता है, जिसे 1991 में स्थापित किया गया था।

इन स्थलों के अतिरिक्त सतना जिला में कुछ अन्य रामायणकालीन स्थल हैं। गृद्धराज पर्वत, सतना जिले की रामनगर तहसील के देवराजनगर गाँव में स्थित धार्मिक, पुरातत्व और पारिस्थितिक महत्व की पहाड़ी है। यह रामनगर शहर से 8 किमी दूर स्थित है। इसे गिद्धराज जटायु के भाई संपति का जन्मस्थान माना जाता है। कवि कालिदास ने अपनी पुस्तक गिद्धराज महात्म्य में लिखा है कि 2354 फीट की ऊंचाई पर स्थित गिद्धराज पर्वत से निकलने वाली मानसी गंगा नदी में एक डुबकी लगाने से सभी तरह के पाप खत्म हो जाते हैं। शिव संहिता में भी इसका उल्लेख है। चीनी यात्री फाह्यान ने भी अपने यात्रा विवरण में इसका उल्लेख किया है।

विन्ध्य पर्वत श्रेणियों के बीच सतना से पहले एनएच-75, और फिर नागोद कस्बे के आगे जसो होते हुए एनएच-943 पर पड़ता है - सलेहा क्षेत्र के नचना गाँव में स्थित - चौमुखनाथ शिव मंदिर। जो अपनी तरह का स्वयं में एक अद्वितीय शिवमंदिर है। 

इस परिसर में पार्वती मंदिर भी है, बिना शिखर शैली का स्पाट छत बाला यह मंदिर, सबसे प्राचीन मंदिरों में आता है, जिसे गुप्तकाल में पाँचवी सदी में बनाया गया था। इसी तरह नागरा शैली की शिखर कला से युक्त चौमुखनाथ मंदिर पांचवी से सातवीं सदी में बनाया माना जाता है। माना जाता है कि इसे प्रतिहार राजवंश के काल में बनाया गया था। दोनों मंदिर खालिस पत्थर के बने हैं।

परिसर में गोमुख से पहाड़ों का शुद्ध, शीतल व मीठा जल आता है। आप इस पानी को पी सकते हैं व इसमें नहा भी सकते हैं। विशाल वट, पीपल, ईमली आदि के प्राचीन वृक्षों से घिरा परिसर का प्राकृतिक नजारा बेहद खूबसूरत लगता है। यहां पर एक वॉच टावर भी बना हुआ है, जिससे आप यहां के चारो तरफ के खूबसूरत नजारों का विहंगावलोकन कर सकते हैं।

मंदिर ऊँचे चबूतरे पर बना है। गेट पर दो शेर स्वागत करते हुए प्रतीत होते हैं। द्वार पर विष्णु-लक्ष्मीं एवं द्वारपाल की प्रस्तर प्रतिमाएं दिवार में टंगी हैं। चौमुखनाथ मंदिर के शिवलिंग में चारों और शिव के चार विभिन्न भावों को दर्शाते विग्रह एक ही पत्थर से उकेरे गए हैं। प्रवेश करते ही सामने चंद्रमाँ को धारण किए विवाह के समय के सौम्य शिव, इसके वाईं ओर विषपान के समय का विकराल भाव, इसके आगे समाधि का शांत भाव और अंत में शिव का अर्धनारिश्वर रुप। 

यहाँ के एकांत परिसर में श्रद्धालु भजन-पूजन एवं ध्यान के कुछ यादगार पल बिता सकते हैं। शिव के चारमुखों के साथ जीवन, सृष्टि एवं जीवात्मा के चार आयामी रहस्यों पर चिंतन-मनन करते हुए जीवन का सम्यक दर्शन प्रकट होता है, जिसे अनुभव कर आस्थावान तीर्थयात्री जीवन को सफल एवं धन्य अनुभव करते हैं।

चोमुख्ननाथ मन्दिर के सामने ही पहाड़ी के बीच प्राचीन जैन गुफा मंदिर श्रेयांसगिरी भी मौजूद है। समय हो तो इसके दर्शन किए जा सकते हैं। यहाँ चाय व लंगर आदि की उचित व्यवस्था रहती है। कोई चाहे तो सतना के साथ पन्ना, खजूराहो आदि दिशा से भी चौमुखनाथ आ सकते हैं। 


यहाँ से सतना की ओर बापसी के सफर में रास्ते भर कई सौ साल पुराने पेड़ों को देख मन श्रद्धा भाव से भरता उठता है। रास्ते में पक रही गैंहूँ-जौ की फसल, इनके किनारे बीच-बीच में जल से भरे तालाब और सड़क के दोनों ओर पलाश या टेसू के चटक लाल-पीले फूलों से लदे पेड़ – सब मिलाकर सफर को खुशनुमा बनाते हैं।   

शुक्रवार, 16 अप्रैल 2021

यात्रा वृतांत - कोरोना काल में हमारी पहली रेल यात्रा

हरिद्वार से सतना वाया लखनउ-चित्रकूट


मार्च 2021 का तीसरा सप्ताह, कोरोना काल के बीच यह हमारी पहली रेल यात्रा थी। देसंविवि से हरिद्वार रेल्वे स्टेशन के लिए ऑटो में चढ़ते हैं, ऑटो के रेट 20 रुपए से बढ़कर 30 रुपए मिले। लगा कोरोना की आर्थिक मार सब पर पड़ रही है। कोरोनाकाल के साथ कुछ असर कुंभ का भी रहा होगा। गंगाजी की पहली धारा को पार करते ही टापुओं में तम्बुओं की सजी कतारों व विभिन्न नगरों को सजा देखकर कुम्भ की भव्य तैयारियों का अहसास हो रहा था, हालाँकि इस बार इसका विस्तार सिमटा हुआ दिखा। नहीं तो सप्तसरोवर से लेकर आगे ऋषिकेश पर्यन्त गंगा किनारे टापुओं में कुंभ नगर बसे होते, जिसके हम वर्ष 1998 और 2010 के हरिद्वार कुंभ के दौरान साक्षी रहे हैं। हाल ही में बने फ्लाइ ऑवर, इनकी दिवालों पर उकेरी गई रंग-बिरंगी सुंदर कलाकृतियों के बीच गंगनहर को पार करते हुए ऑटो-रिक्शा रेल्वे स्टेशन तक पहुँचाता है।

रेल्वे स्टेशन में प्रवेश साइड से हो रहा था। मुख्य द्वार से प्रवेश बन्द था। इसके गेट पर पुलिस की चाक चौबंद व्यवस्था दिखी। कोरोनाकाल में प्रशासन की इस सजगता एवं सावधानी को समझ सकते हैं। अधिकाँश लोग मास्क पहने दिखे, लेकिन कुछ इससे बेपरवाह भी मिले। हमारी ट्रेन स्टेशन पर खड़ी थी। हम निर्धारित समय से आधा घण्टा पहले पहुँच चुके थे। खाली समय में अंकल चिप्स और चाय के साथ रिफ्रेश होते हैं।

कोरोना काल के बीच हमारी पहली रेल यात्रा की उत्सुकता स्वाभाविक थी। मैं अपनी मिसेज के साथ ससुराल जा रहा था, जिसका संयोग अठारह वर्षों के बाद बन रहा था। यह हमारी चौथी यात्रा थी। पिछली यात्राओं में सतना के साथ आसपास चित्रकूट, मैहर, रामवन जैसे दर्शनीय तीर्थस्थल देखे थे। इस बार कोरोना काल के बीच ऐसी यात्राओं की संभावना कम थी, लेकिन कुछ यादगार लम्हे बटोरने का मन तो घुम्मकड़ दिल बना चुका था, जिसका वर्णन आप अगली ब्लॉग पोस्ट में पढ़ सकते हैं।

ठीक चार बजकर बीस मिनट पर हमारी ट्रेन - हरिद्वार-जबलपुर फेस्टिवल स्पेशल चल पड़ती है, जो अगले दिन सुबह साढे आठ बजे सतना स्टेशन पहुँचाने वाली थी। हरिद्वार से सतना सीधे यही एक ट्रेन है, बाकि दिल्ली से होकर इलाहावाद तक जाती हैं और फिर दूसरी ट्रेन पकड़नी पड़ती है। फेस्टिवल ट्रेन हरिद्वार से सतना-जबलपुर की सवारियों के लिए वरदान से कम नहीं, लेकिन इसकी एक कमी भी है। यह सप्ताह में एक ही बार चलती है। गुरुवार को हरिद्वार से छूटती है और गुरुवार को ही वापिस पहुँचती है अर्थात बुधवार को जबलपुर से वापिस आती है।

इस तरह दोपहर 4 बजकर 20 मिनट के बाद शाम 7 बजे तक, अंधेरा होने से पहले के दो-अढ़ाई घण्टे पहले दिन के उजाले में और फिर ढलती शाम के साथ बीते। रास्ते में लक्सर, नजीबाबाद, मुरादाबाद आदि स्टेशन पड़े। छोटे कस्बों, गाँव और खेतों के बीच सफर आगे बढ़ता रहा। खेतों में गन्ने की खेती वहुतायत में दिखी, साथ में गैंहूँ की फसल भी पक रही थी। गन्ना कहीं कट रहे थे, कुछ ट्रैक्टरों में लदे थे तथा कहीं-कही गन्ने की बुआई तक होते दिखी। 

कुछ खेतों में पराली जल रही थी, तो कुछ खेतों में राख का काला रंग इसकी चुगली कर रहा था। खेतों की मेड़ पर सफेदा के पेड़ दिखे। पाप्लर के पेड़ों का चलन कम मिला। मवेशियों में भैंस और बकरियों के दर्शन अधिक हुए, गाय कम दिखीं। हालाँकि बैलगाड़ियों के दर्शन होते रहे।

जल स्रोत के नाम पर ज्वालापुर के पास गंगनहर के दर्शन होते हैं। आगे रास्ते में एक नदी भी पड़ी, जो मौसमी अधिक लगी। लम्बे पुल से होते हुए हम इसको पार किए। 

रास्ते में तालाबों-पोखरों का रुका हुआ जल कई जगह मिला। कहीं कहीं कारखानों का गंदला जल खेतों के किनारे बहता दिखा, जिसका विषाक्त स्वरुप देखकर चिंता हो रही थी कि यह मिट्टी, फसलों व जीव-जंतुओं पर क्या असर डाल रहा होगा। रास्ते में खेतों की सिंचाई भी होती दिखी। कहीं-कहीं पानी उगलते मोटर-पम्पों के आसपास बच्चों व युवाओं को खेलते व जलक्रीड़ा करते देखा।

आम के बगीचे कहीं-कहीं खेतों के बीच खड़े दिखे। फलों का चलन इस रूट पर कम दिखा। कुछ जगह हरे-भरे बाग मिले। कुछ में छोटी पौध तैयार हो रही थी। सब्जियों के नाम पर कुछ स्थानों पर पत्ता गोभी के खेत दिखे। यहाँ कैश क्रोप का भी अधिक चलन नहीं दिखा। रास्ते में नदियों के किनारे सब्जी उत्पादन वहुतायत में होते दिखा।

रेल्वे क्रॉसिंग पर फाटक के दोनों ओर इंतजार करते लोग बीच-बीच में मिलते गए। लोगों की भीड़ को देखकर लगा कि कोरोना काल में भी जीवन गतिशील है। गुरुवार की हाट भी शाम के समय रास्ते में सजी दिखीं। खेतों में काम करते किसान, निराई-गुड़ाई करती महिलाएं, फसल काटते व ढोते लोग, खेतों में खेलते बच्चे-युवा सब मिलाकर एक प्रवाहमय लोक जीवन के दर्शन करा रहे थे।

ढलती शाम के साथ सूर्य भगवान अस्तांचल की ओर बढ़ रहे थे। सूर्यास्त की लालिमा ढलती शाम का सुंदर नजारा पेश कर रही थी। पक्षी जहाँ अपने आशियानों की ओर आकाश में उड़ान भर रहे थे। खेतों में अलसाए अंदाज में काम कर रही महिलाएं व किसान, खेतों की पतली पगडंडियों के संग घर बापिस लौट रहे थे और ये सब मिलकर ग्रामीण जीवन के रोमाँचक भाव जगा रहे थे।

इस बीच ट्रेन में चाय-कॉफी, बिस्कुट-नमकीन की फेरी लगती रही। चाय के साथ बीच-बीच में रिफ्रेश होते रहे। डिब्बे में सवारियाँ कम ही थी। कोरोना काल का असर साफ दिख रहा था। पूरे डिब्बे में मुश्किल से 10-15 सवारियाँ रही होंगी। मास्क व सोशल डिस्टेंसिंग के प्रति जागरुकता का अभाव दिखा। कहने पर कुछ लोग मान जाते। वहीं कुछ इस पर बुरा मान जाते व बड़बड़ाते हुए आगे बढ़ते।

ट्रेन एप्प व्हेयर इज माई ट्रेन से आ रहे व पीछे छूट रहे स्टेशनों का पता चल रहा था। ज्वालापुर से ही ट्रेन समय पर थी व कहीं-कहीं कुछ एडवांस में भी पहुँच रही थी। बीच में थोडा लेट भी हो जाती। अगले दिन तक इसे कवर करते हुए आधा घण्टा ही लेट रही। दौड़ती ट्रेन की स्पीड में फोटो कैप्चर करना मुश्किल हो रहा था, जो ब्लर्र(धूंधले) आ रहे थे। इसलिए जहाँ ट्रेन थोड़ा धीमे होती, वहाँ फोटो खींचते। ऐसे लगता जैसे बीच-बीच में ट्रेन हमें मौका दे रही हो। जब रेल रफ्तार पकड़ती तो बाहर दृश्यों को निहारते हुए इनके विविधपूर्ण रंग व रुप को ह्दयंगम करते रहते।

पूरे रेल रुट में दोनों ओर के खेतों को देखकर लगा कि यहाँ की भूमि पर्याप्त उर्बर है। लहलहाती फसल एवं यहाँ के हरे-भरे आँचल को देख खुशहाल ग्रामीण आँचल का अहसास होता रहा। हालाँकि इनसे जुड़े कई सबाल भी जेहन में उठते रहे, लेकिन ट्रेन में ऐसा कोई किसान, युवा या प्रबुद्ध लोकल सवारी नहीं दिखी, जिससे इन विषयों पर कुछ समाधानपरक चर्चा होती। लगा अभी ऐसी चर्चा का समय नहीं आया होगा, अगली किसी यात्रा में शायद ऐसा संयोग बने।

रात को आठ बजे के करीव हम मुरादाबाद पहुँच चुके थे। अब बाहर के नजारे नदारद थे। अतः खाली समय में साथ ले गई पुस्तकों का स्वाध्याय करते रहे। इसी बीच घर से पैक किया डिनर करते हैं। रात 9,30 बजे तक बरेली शहर पार होता है। कुछ देर में नींद के झौंके आने लगते हैं। सो अपने साइड अप्पर बर्थ में बिस्तर जमाकर लेट जाते हैं। मालूम हो कि रेलवे की ओर से कोविड काल में चादर, कम्बल व तकिए आदि नहीं मिलते। अपने साथ ले गए कपडों से काम चलाना पड़ता है। रात को 1,30 बजे ट्रेन लखनऊ पहुँच चुकी थी। थोड़ा चेंज के लिए कौतुहलवश बाहर निकलते हैं, स्टेशन पर सवारियों को ढोता इलेक्ट्रिक वाहन देखकर आश्चर्य हुआ, जो इन्हें स्टेशन पर ईधर से ऊधर ले जा रहा था। ऐसे वाहन के दर्शन हम फ्रेंक्फर्ट एयरपोर्ट पर कर चुके थे। यहाँ ऐसे ही कुछ वाहन का दर्शन कर अच्छा लगा, कि भारतीय रेलवे धीरे-धीरे अपग्रेड हो रही है।

सुबह 6 बजे भोर होते-होते हम उत्तर प्रदेश के अंतिम छोर की ओर पहुँच चुके थे। बाहर के नजारे पिछले दिन से एक दम अलग थे। बांदा पहुँचते पहुँचते सुबह हो चुकी थी। आगे रास्ते में गैंहूं की फसल सुखी व भूरी दिखी, जो लगभग पक चुकी थी। कई जगह तो यह कट चुकी थी व कई जगह कटकर कतारों में इसकी ढेरी लगी थी। लगा कि फसल के पकने का सिलसिला दक्षिण से उत्तर की ओर क्रमिक रुप में होता है। इस सीजन में आम दक्षिण में पक रहे होते हैं, जबकि उत्तरी भारत में बौर निकले होते हैं।

खेतों में काट कर रखी गैंहूँ की पकी फसल

अब साइड में पहाड़ के दर्शन भी शुरु हो गए थे। इनके दर्शन करते हुए 8 बजे हम चित्रकूट पहुँचते हैं। रास्ते में पलाश के गुलावी-लाल फूलों से लदे पेड़ तथा इनके जंगलों के नजारों को रोमाँचित भाव से निहारते रहे। यह हमारे लिए एक नया अनुभव था। यथासंभव इनको केप्चर करते रहे, लेकिन ट्रेन की तेज रफ्तार के कारण अधिकाँश फोटो धुँधले निकले। ट्रेन के धीमें होने पर कुछ काम के फोटो हाथ लगे। जो भी हो पहाड़ों की गोद में इनके जंगलों के बीच सफर एक यादगार अनुभव रहा, जिसका भरपूर आनन्द लेते रहे।

ट्रेन लगभग आधा घंटा लेट थी, सो 9 बजे के आसपास सतना में प्रवेश होता है। सीमेंट फेक्ट्रियों के दर्शन शुरु होते हैं। रास्ते में फ्लाइऑवर पार करते ही रेल्वे स्टेशन आता है। स्टेशन पिछले 18 सालों में पूरी तरह से अपग्रेड हो चुका है। साफ सूथरा और एकदम नया। कोविड को लेकर किसी तरह का कोई भय बाहर नहीं दिखा। कोई रिक्शा व ऑटोवाला मास्क नहीं पहने था। पूछने पर जबाव मिला कि यह मप्र का सबसे कम प्रभावित शहर है और सबसे सुरक्षित भी। खैर इस दावे को जाँचने का हम नवांगुतक के पास कोई पैमाना नहीं था। थोडी देर में मास्क पहने हमारे बड़े साले साहब शैलेंद्र भाई साहब आते हैं। समझ आया कि कोरोना जिस तेजी से फैल रहा है, सावधानी आवश्यक है। भाई साहब अपने वाहन में हमें गन्तव्य स्थल की ओर ले जाते हैं। शहर के बीच गुजरते हुए पुरानी यादें ताजा होती हैं, जिसको आप सतना शहर एवं आसपास के दर्शनीय स्थल की अगली ब्लॉग पोस्ट में पढ़ सकते हैं।

चुनींदी पोस्ट

पुस्तक सार - हिमालय की वादियों में

हिमाचल और उत्तराखण्ड हिमालय से एक परिचय करवाती पुस्तक यदि आप प्रकृति प्रेमी हैं, घुमने के शौकीन हैं, शांति, सुकून और एडवेंचर की खोज में हैं ...