नग्गर लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
नग्गर लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

रविवार, 30 जुलाई 2017

यात्रा वृतांत - बिजली महादेव जीप सफारी वाया नग्गर,जाणा-भाग1



नग्गर से जाणा फाल

नग्गर गाँव – नग्गर कुल्लू घाटी का एक प्रमुख पहाड़ी कस्बा है, जिसकी अपनी समृद्ध सांस्कृतिक, आध्यात्मिक एवं ऐतिहासिक पृष्ठभूमि है। कुल्लू-मनाली घाटी के ठीक बीच ब्यास नदी के बाएं तट पर बसा यह मनोरम स्थल प्रकृति प्रेमी, संस्कृति विशारदों एवं अध्यात्म प्रेमियों के बीच खासा लोकप्रिय है, जिसके अपने विशिष्ट कारण हैं। एक तो यह समुद्रतल से लगभग 6700 फीट ऊँचाई पर बसा होने के कारण हिमालयन टच वाली शीतल आबोहवा लिए हुए है। जहाँ सर्दियों में एक से दो फीट बर्फ गिरती है, तो वहीं गर्मी में भी यहाँ का मौसम खुशनुमा रहता है। 

नग्गर के विशेष आकर्षण
देवदार के घने जंगलों की गोद में बसा नग्गर कभी कुल्लू राजा की राजधानी (राजा विशुद्धपालल द्वारा स्थापित) हुआ करता था। आज भी राजा का महल नग्गर पैलेस (आज से लगभग 500 वर्ष पूर्व निर्मित) के नाम से एक हेरिटज होटल में तवदील है, जहाँ पर्यटक कुल्लवी संस्कृति का विहंगम दर्शन कर सकते हैं। कैसल में ही जगती पोट (एक चौकोर पत्थर की कई इंच मोटी शिला) है, जो देव-किवदंतियों के अनुसार मधुमक्खी का रुप लिए देवताओं के संयुक्त पुरुषार्थ द्वारा बशिष्ठ गांव के समीप जोगनी फॉल से उठाकर लाई गई थी। यह एक पवित्र स्थल है, जहाँ विशिष्ट अवसरों पर घाटी के देवताओं का समागम होता है। 
कैसल के उस पार सुंदर नक्काशी लिए भगवान नृसिंह का मंदिर है। थोड़ी दूरी पर आगे त्रिपुरासुन्दरी का पैगोड़ा शैली में बना सुंदर मंदिर है, जहाँ का वार्षिक शाड़ी मेला प्रख्यात है। कैसल से ही 2 किमी खड़ी चढ़ाई पर ठाऊआ का प्रसिद्ध भगवान कृष्ण मंदिर है, जो अपने वास्तुशिल्प और पुरातनता के लिए मशहूर है, जिसके साथ कई रोचक किवदंतियाँ जुड़ी हुई हैं।

रौरिक गैलरी
कैसल से ही 2 किमी आगे मोटर मार्ग पर रोरिक गैलरी और म्यूजियम मौजूद हैं, जो अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर मान्यता रखते हैं। रुसी लेखक, विचारक, यायावर, पेंटर, गुह्यवादी निकोलाई रोरिक की यह अंतिम 20 वर्षों की कर्मस्थली एवं तपःस्थली रही है। देवदार के घने बनों के बीच लगभग 200 एकड़ में फैला इसका परिसर गहन शाँति लिए हुए है, जहाँ आज भी संत-ऋषि रोरिक की सूक्ष्म चेतना की अनूभुति की जा सकती है।
इनके चित्रों की दुर्लभ प्रदर्शनी भवन में लगी हुई है। ऊपर हिमालयन संग्राहलय में इनकी संग्रहित तमाम तरह की मूर्तियां, पुरातात्विक महत्व की सामग्रियाँ प्रदर्शित हैं। नीचे एकांत में निकोलाई रोरिक की समाधी दर्शनीय है। इस स्थल से नग्गर-कुल्लु घाटी का विहंगम दृश्य देखते ही बनता है। कुछ पल प्रकृति की नीरव गोद में विताने के इच्छुक एकांतप्रेमियों के लिए यह एक आदर्श स्थल है। रुसी पर्यटकों के लिए यह स्थान एक तीर्थस्थल से कम नहीं है।
घाटी का फल-सब्जी उत्पादन
यह घाटी सेब के बागों के लिए प्रख्यात है। घाटी में ढलानदार खेतों में धान की खेती प्रचलित पेशा रहा है, जो अब क्रमशः सब्जी उत्पादन और सेब के बगानों से भरता जा रहा है, जिसका अपना अर्थशास्त्र है। इस क्षेत्र में प्रख्यात जाटू का भूरा चाबल और राजमाह दाल जैसी पारम्परिक फसलें इस परिवर्तन के चलते अब धीरे-धीरे लुप्त हो रही हैं, जो कि चिंता का विषय है। सामने पहाड़ों को लगभग वर्षभर बर्फ की सफेट मोटी चादर ओढ़े हिमालयन की धौलाधार श्रृंखलाओं को देखा जा सकता है।
बिजली महादेव की ओर बढ़ता नग्गर-जाणा मार्ग
नग्गर से बिजली महादेव तक वन विभाग द्वारा घने जंगलों के बीच सड़क मार्ग बनाया गया है, जो जाणा तक पक्का है और आगे कच्चा। मार्ग प्राकृतिक सौंदर्य़ से भरा एक अद्वितीय रुट है, जिसका लुत्फ कुछ साहसिक पर्यटक उठाते हैं। देवदार के घने जंगलों के बीच से गुजरते इस मार्ग की सुंदरता, इसके बीच यात्रा का रोमाँच शब्दों में वर्णन करना कठिन है। जैसे ही नगर से जाणा की ओर अपने वाहन में बढ़ते हैं, रास्ते में दोनों और देवदार के गगनचुम्बी वृक्ष जैसे यात्रियों का स्वागत करते प्रतीत होते हैं। टेढे-मेढ़े बलखाते मार्ग से बढ़ता सफर बीच-बीच में हिम झरनों, पहाड़ी नालों के बीच यात्रा के रोमाँच को और बढ़ा देता है। कुछ ही मिनटों में खुली घाटी के दर्शन होते हैं, जिसके ऊपरी छोर पर है नशाला घाटी। 
नशाला घाटी-
अपने प्राकृतिक सौंदर्य के कारण इस घाटी को मिनी स्विटजरलैंड की संज्ञा भी दी जाती है। घाटी में सीढ़ीदार खेतों में सब्जियों की खेती, सेब के बागान, धान के रोपे एक दिलकश नजारा पेश करते हैं। साथ ही अगर महीना सावन का हो तो घाटी में ऊपर नीचे तैरते बादलों के फाहे कब यात्री को अपने आगोश में ले लें, पता ही नहीं चलता। लेकिन इनका शीतल स्पर्श इनके आलिंग्न का अहसास दे जाता है। नशाला गाँव में ही सड़क के ऊपर माँ चामुण्डा का सुंदर एवं भव्य मंदिर है। गगनचुम्बी देवदार वृक्षों के बीच मंदिर में बिताए कुछ पल आस्थावान यात्रियों के लिए यागदार पल साबित होते हैं। 
यहाँ से आगे का पड़ाव निर्मल जल के झरनों-नालों से होता हुआ आगे बढ़ता है। रास्ते का विशेष आकर्षण रहते हैं फल से लदे हुए सेब के बागान, जो क्रमश बढ़ती ऊँचाई के बीच यात्रियों का स्वागत करते हैं। यह नजारा विशेष रुप में जुलाई-अगस्त से सितम्बर-अक्टूबर तक दर्शनीय रहता है, जब यहाँ फलों का सीजन अपने पूरे शबाब पर होता है।
घाटी के बीच में ब्यास नदी एक सफेद धारा के रुप में अपना परिचय देती है। यहाँ से ब्यास नदी के पार कटराईं पतलीकुहल शहरों के दर्शन और उत्तर में सुदूर मनाली घाटी के दर्शन एक अलग ही नजारा पेश करते हैं। गगनचुम्बी पर्वत शिखरों को ढ़के व इनके आर-पार उड़ान भरते अवारा बादलों की अठखेलियों का नजारा चित्त को रामाँचित करता है। रास्ते में देवदार वृक्षों की छाँव तले खुले में वृहद स्तर पर शहद उत्पादन को देखा जा सकता है। आधे घंटे बाद देवदार के जंगलों व फलों के बगानों के बीच सफर जाणा गाँव पहुँचता है, जो यहाँ का एक जाना-माना हुआ गाँव है। यहाँ पर्यटक गर्मी में भी ठंडक का खासा अहसास पाते हैं। 
जाणा फाल
जाणा गाँव से 2 किमी आगे आता है जाणा फाल, जिसे एक स्थानीय गांववासी ने विकसित किया है। इस मानव निर्मित झरने के साथ इनका ढाबा है, जिसकी खासियत है बहुत ही बाजिब दाम में स्थानीय-पारम्परिक प्राकृतिक व्यंजनों से भरी लजीज डिश, जिसमें जाटू के चावल, राजमाह की दाल, लिंगड़ी की सब्जी, देसी घी, सिड्डू, मक्के की रोटी, लोकल आर्गेनिक जड़ी-बूटियों की चटनी-अचार जैसे पौष्टिक एवं स्वादिष्ट व्यंजन शुमार रहते हैं।
एक ओर जहाँ देवदार के साथ आसमान को चूमते रई-तोस जैसे हिमालयन वृक्षों की हरियाली दिलो-दिमाग को सुकून देती है, साथ ही निर्मल जल व इसकी जलराशि की कल-कल ध्वनि, प्रकृति के अनहद नाद में मन के लय की अनुभूति देती है। यहाँ बिताए कुछ पल राहगीरों के लिए एक चिरस्मरणीय अनुभव सावित होते हैं, जिसका कोई दाम नहीं लगाया जा सकता। (...जारी)
इसका अगला भाग आगे दिए लिंक पर पढ़ सकते हैं - नग्गर से बिजली महादेव जीप सफारी, भाग-2

रविवार, 31 अगस्त 2014

शांतिदूत, सौंदर्य उपासक और हिमालय के चितेरे – महर्षि रोरिक

मानव एकता एवं उज्जवल भविष्य के दिव्यद्रष्टा


निकोलस रोरिक, रुस के सेंट पीटसबर्ग में पैदा, धरती माँ के ऐसे सपूत थे, जो सौंदर्य, कला और रुहानियत की खोज में निमग्न शांति के मूर्तिमान प्रतीक थे। रोरिक का जीवन किसी देश काल जाति धर्म या राष्ट्रीयता की सीमा में नहीं बंधा था, पूरा विश्व उनका घर था। वे एक विश्वमानव थे, विश्व नागरिक बनकर वे एक सौंदर्य उपासक, विचारक एवं सृजनधर्मी के रुप में जीवन के उच्चतम मूल्यों का प्रचार-प्रसार करते रहे। कला को उन्होंने इसका प्रमुख माध्यम चुना। उनकी विरासत आज भी प्रेरक है। प्रस्तुत है बहुमुखी प्रतिभा के धनी महर्षि रोरिक के व्यक्तित्व के प्रेरक आयाम –

एक चित्रकार के रुप में रोरिक – लगभग सात हजार चित्रों के रचनाकार रोरिक के प्रारम्भिक चित्र जहाँ पुरातात्विक खोज एवं इतिहास से प्रभावित रहे, वहीं परवर्ती काल में जीवन की उच्चतर प्रेरणा एवं जीवन दर्शन, प्रेरक रहा। रोरिक आलौकिक सौंदर्य से मंडित हिमालय के चित्रों के लिए विशेष रुप से जाने जाते हैं, जो कि उनके प्रकृति प्रेम और आध्यात्मिक सौंदर्य की खोज को अभिव्यक्त करते हैं। इन चित्रों में हिमालय की आत्मा बेजोड़ ढंग से प्रकाशित होती है। चित्रकार के साथ ही रोरिक एक कुशल मुरल पेंटर और डिजायनर भी थे।


पुरातत्वविद एवं वैज्ञानिक – बचपन से ही इतिहास और संस्कृति का अध्ययन उनका प्रिय विषय रहा और कालेज में भर्ती होने से पहले ही आर्कियोलॉजिकल सोसायटी के सदस्य बन चुके थे। शीध्र ही वे रूस के एक प्रख्यात पुरातत्वविद बन चुके थे। रूस के बाहर वे जहाँ भी गए पुरातात्विक अध्ययन करते रहे। उनके एशिया के कई खोजी अभियान विशुद्ध रुप से वैज्ञानिक उद्देश्यों को लेकर थे। अमेरिका की सरकार ने गोबी रेगिस्तान में सूखारोधी वनस्पति की खोज के लिए रोरिक की सेवा ली थी। 1929 में हिमालय रिसर्च इंस्टीच्यूट की स्थापना हिमालय के पर्वतीय क्षेत्र की वनस्पति, भाषा, इतिहास एवं संस्कृति के वैज्ञानिक अध्ययन के उद्देश्य से की गई।

यायावर और खोजी – एक कलाकार-पुरातत्वविद के साथ रोरिक एक साहसिक यायावर और खोजी भी थे। अपने शोध एवं खोजी अभियान के लिए रोरिक ने रूस के बाहर यूरोप, अमेरिका और एशिया में कई यात्राएं की। इनमें मध्य एशिया की यात्रा सबसे रोमाँचक और खतरनाक थी। मध्य एशिया के बीहड़ पहाड़ों एवं दुर्गम क्षेत्रों से होते हुए यह यात्रा पाँच वर्ष चली। जिसमें मंगोलिया, तिब्बत और चीन होते हुए रोरिक भारत पहुँचे। राह में लुटेरों का सामना, खतरनाक घाटियोँ और मौसम की विषमता का सामना करते हुए बढ़ते गए और अपनी खोज, अनुभव एवं विचारों को चित्रों के माध्यम से संजोते रहे।


एक शिक्षाविद – 23 वर्ष की आयु से ही रोरिक शिक्षण कार्य करते रहे, जब सेंट पीटसबर्ग के इंपीरियल संस्थान में पुरातत्व के प्रोफेसर नियुक्त हुए। कुछ वर्षों बाद वे इसके निर्देशक बने। बाद के दिनों में अमेरिका में रोरिक ने मास्टर इंस्टीच्यूट ऑफ यूनाइटेड आर्टस की स्थापना की, जहाँ एक ही छत के नीचे सभी कलाएं सीखाई जाती थी। रोरिक म्यूजियम में सौंदर्य के माध्यम से शिक्षा दी जाती थी। रोरिक के शिक्षा सम्बन्धी बिचार बहुत ही प्रबुद्ध और प्रगतिशील थे। रोरिक अमेरीका, एशिया और यूरोप जहाँ भी गए, विविध विषयों पर व्याख्यान दिए, जो कला से लेकर पुरातत्व, मानवतावाद और दर्शन पर थे। श्रोता जहाँ रोरिक के आदर्शवादी और उत्कृष्ट विचारों से आकर्षित होते,  वहीं उनके एक प्रख्यात कलाकार और पुरातत्वविद् रुप से प्रभावित होते थे। शिक्षक के साथ रोरिक जीवनपर्यन्त एक जिज्ञासु विद्यार्
थी ही बने रहे।

एक कवि और लेखक – रोरिक को एक ऐसा कवि माना जाता है जो चित्रों के माध्यम से खुद को व्यक्त करते थे, लेकिन वे अपनी गुह्य अनुभूतियों की अभिव्यक्ति कविता के माध्यम से भी करने में सक्षम थे। उनकी कविताओं का संकलन 1929 में फ्लेम इन चालिके नाम से प्रकाशित हुईँ। साथ ही रोरिक एक सिद्धहस्त लेखक भी थे। वे विभिन्न देशों की प्रतिष्ठित पत्रिकाओं में लिखते रहे। उनके लेखों का पहला संकलन वर्ष 1914 में प्रकाशित किया गया और उनका कुल लेखन लगभग 30 खण्डों में संकलित है। उनका लेखन संस्कृति, दर्शन और मानवीय पहलुओं पर रहा। कुल्लू हिमालय की नग्गर वादियों में रोरिक अंतिम 20 वर्ष सृजन साधना में लीन रहे।

मानवतावादी एवं विश्व-शांतिदूत – इन सबके ऊपर रोरिक एक मानवतावादी थे। उनकी शैक्षणिक और कलात्मक गतिविधियाँ आम जीवन को बेहतरीन और कलात्मक बनाने के भाव से प्रेरित रहती थी। स्कूल हों या फैक्टरी, अस्पताल हों या जेल – रोरिक आम जनता से जुड़कर, संस्कृति के प्रति उत्साह जगाते रहे। युद्ध के सतत खतरों के बीच वे शांति और एकता के लिए काम करते रहे। प्रतिद्वन्दता और कलह से ध्यान बंटाने व इसे सृजन की ओऱ मोड़ने के लिए उन्होंने शांति का रोरिक पैक्ट शुरु किया और संस्कृति के विश्व संघ की स्थापना की। उनकी दृढ़ धारणा थी कि संस्कृति की रक्षा से ही शांति संभव है। रोरिक का शांतिध्वज (बैनर ऑफ पीस) काफी लोकप्रिय हुआ। वस्तुतः रोरिक की शाँति की कल्पना सौंदर्य पर आधारित थी। सौंदर्य ही जीवन के ऊबड़खाबड़पन को दूर करती है। सौंदर्य मन, वचन और कर्म हर स्तर से व्यक्त होता है।
रोरिक भारत को सौंदर्य़ की भूमि मानते थे। उनके शब्दों में – सौंदर्यमय भारत! तेरे नगरों, मंदिरों, खेतों और वनों में, पवित्र नदियों और तेरे हिमालय में जो महानता और संदेश छिपा है, उसके लिए तेरा हार्दिक नमन।


एक दर्शनिक – रोरिक एक व्यवहारिक आदर्शवादी थे। उनका जीवन ही उनके दर्शन की सटीक व्याख्या करता है। रोरिक का दर्शन कर्म, प्रेम और सौंदर्य से मंडित था, जो निरतंर सक्रियता में आस्था रखता था। उनका श्रम निस्वार्थ प्रेम और सौंदर्य़ की उपासना पर आधारित था, जिसे वे दिव्यता का सोपान मानते थे। इन अर्थों में रोरिक एक सच्चे कर्मयोगी भी थे।

एक गुह्यवादी, भविष्यद्रष्टा – रोरिक के चित्रों एवं लेखों से स्पष्ट होता है कि वे एक धार्मिक से अधिक आध्यात्मिक व्यक्ति थे। उन्होंने सभी धर्मों एवं दर्शनों के तत्वों को ग्रहण किया। उनके चित्रों में ईसा, बुद्ध, मुहम्मद, कृष्ण, लाओत्से, कन्फयूशिस से लेकर अन्य संत एवं महामानव आते हैं। उनकी रचनाएं एक गहन अंतर्दृष्टि और आध्यात्मिक भाव से मंडित रहीं। समकालीन विश्वप्रख्यात साहित्यकार गोर्की, रोरिक को अपने समय का सबसे महान इंट्यूटिव माईंड बताते थे। आश्चर्य नहीं कि, रोरिक एक भविष्यद्रष्टा भी थे। दोनों विश्वयुद्धों के पूर्व रोरिक को विश्व पर मंडराते काले बादलों का आभास हो गया था। इसी तरह आ रहे उज्जवल भविष्य का भी उन्हें आभास था, जो उनकी रचनाओं व लेखों में प्रकट होता रहा।


जीवन विद्या के आचार्य के रुप में – रोरिक का जीवन एक ऋषि जीवन था। जीवन जीने की कला के वे मर्मज्ञ थे। बंगाल स्कूल शैली के प्रवतकों में एक श्री अवनीद्रनाथ ठाकुर के शब्दों में – रोरिक सब कलाओं में सबसे कठिन जीवन जीने की कला को भी बखूवी जानते थे। अत्यंत मधुरभाषी और करुणाशील प्रो. रोरिक ने भयंकर कठिनाइयों के बीच भी अपना शोध अनुसंधान एवं गवेषणा जारी रखी और प्रभावशाली रचनाओं को अंजाम देते रहे।

इस तरह रोरिक एक भविष्यद्रष्टा, मानवता के अग्रदूत थे, जो एक बेहतरीन दुनियाँ के लिए एकाग्रचित्त होकर शांतिमय ढंग से काम करते रहे। मानव इतिहास के एक महानतम कलाविद के रुप में अमिट छाप छोड़ गए। उनके कलाकार पुत्र स्वतोसलाव रोरिक के शब्दों में – पिता एक महान दार्शनिक थे, सत्य के सतत अन्वेषी। शाश्वत ही उनका सतत प्रकाश स्तम्भ रहा। वे जो भी किए, वह सदा उनके अंतरभावों की अभिव्यक्ति रहा। उनके चित्रों की तरह उनका लेखन भी उनके सतत आंतरिक अन्वेषण और अनुभूतियों को व्यक्त करता रहा।




चुनींदी पोस्ट

प्रबुद्ध शिक्षक, जाग्रत आचार्य

            लोकतंत्र के सजग प्रहरी – भविष्य की आस सुनहरी    आज हम ऐसे विषम दौर से गुजर रहे हैं, जब लोकतंत्र के सभी स्तम्...