यात्रा वृतांत लेखन लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
यात्रा वृतांत लेखन लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

सोमवार, 22 नवंबर 2021

यात्रा लेखन के मूलभूत तत्व

 यात्रा लेखन में इन बातों का रहे ध्यान

यात्रा वृतांत क्या है, यात्रा के रोचक, रोमाँचक एवं ज्ञानबर्धक अनुभवों का सांगोपांग वर्णन।

जो आपने अनुभव किया, उसको पाठकों के साथ साझा करने का उत्कट भाव, ताकि वे भी कुछ बैसा ही आनन्द ले सकें। साथ ही कुछ ऐसी मूलभूत जानकारियाँ पा सके, जो उनकी यात्रा को सरल व सुखद बनाए।

यात्रा वृतांत के तत्व निम्नलिखित तत्व एक यात्रा लेखन को प्रभावशाली बनाते हैं -

1. भाव-प्रवण्ता - जितना आप उस स्थल व यात्रा को फील कर पाएंगे, उसी अनुपात में आप उसे शब्दों में संप्रेषित कर पाएंगे। आपके उत्साह, उत्सुकतता, रोमाँच, आनन्द, विस्मय आदि के भाव आपके लेखन के माध्यम से पाठकों तक संचारित होंगे। इस तरह घुमक्कड़ी का जुनून Wander lust, Passion for travel, यात्रा लेखन में ईंधन का काम करते हैं। किसी ने सही ही कहा है कि यात्रा लेखन is All about the experience writer has during the journey and Sharing your joy. 

2. रोचकता Interesting, entertaining – जो पाठकों को रुचिकर लगे, जिससे पाठकों का मनोरंजन हो, ऐसे तथ्यों, जानकारियों तथा अनुभवों का प्रस्तुतिकरण, जिनको पाठक रुचि के साथ पढ़ते हुए उसका हिस्सा बनकर यात्रा का आनन्द ले सकें।

3. रोमाँचकता elements of Adventure – यात्रा में रुचि के साथ रहस्य व रोमाँच के पहलु व तथ्य भी पाठकों को बाँधे रखते हैं। यात्रा के बीच की चुनौतियाँ, इनका साहस व दृढ़ता के साथ सामना व पार करने के साहसिक किस्से पाठकों को रोमाँचक लगते हैं व पढ़ते-पढ़ते उनके अनुभव का हिस्सा बनते हैं।

4. ज्ञानबर्धक, Informative, adding value to reader life, useful info - यात्रा वृतांत पाठकों के ज्ञान का बर्धन करते हैं, अतः यहाँ पर रिसर्च का महत्व स्पष्ट हो जाता है, जिसे एक यात्रा लेखक यात्रा से पहले, इसके बाद और यात्रा के साथ अपने ढंग से अंजाम देता है। किसी स्थान से जुड़े नए ऐतिहासिक, पौराणिक, भौगोलिक व अन्य जानकारियाँ निसंदेह रुप में वृतांत को ज्ञानबर्धक बनाती हैं व पाठकों के ज्ञान भण्डार में इजाफा करती हैं।

5. खोजी दृष्टि - अमुक स्थल, घटना, परिवेश में क्या कुछ छिपा है, आप अपनी खोजी दृष्टि के आधार पर उभार सकते हैं, प्रकट कर सकते हैं। यह पाठकों के लिए ज्ञानबर्धक अनुभव सावित होता है। ऐसे में यहाँ पर एक खोजी पत्रकार की निहारती दृष्टि महत्वपूर्ण हो जाती है। साथ ही जीवन के प्रति आपकी दृष्टि जितनी व्यापक होगी, यात्रा लेखन का विस्तार भी उतना ही व्यापकता को समेटे होगा।

6. सामयिकता - सामयिक संदर्भ में यात्रा की उपयोगिता को उभारा जा सकता है, यदि आप देश - दुनियाँ और जमाने की समकालीन घटनाओं से वास्ता रखते हों और उस स्थान विशेष से जुडी घटनाओं के प्रति अपडेट हों। इसके साथ आप वहाँ के सामान्य ज्ञान के साथ तात्कालिक घटनाओं को अपने यात्रा वृतांत से जोड़ पाएंगे तथा यात्रा वृतांत जानकारियों की दृष्टि से उतना ही पठनीय बनेगा।

7. चित्रात्मकता – यह यात्रा वृतांत का एक महत्वपूर्ण तत्व है, कि एक लेखक परिवेश को कितनी जीवंतता के साथ शब्दों के माध्यम से उकेर पाता है। यात्रा का जीवंत चित्रण महत्वपूर्ण रहता है, जिसमें आप दृश्य को बताने की वजाए दिखाते हैं, इसके विस्तार एवं बारीकियों को उभारते हुए। वाकि जो आप नही कह पा रहे हों, वह एक सटीक फोटो के माध्यम से स्पष्ट हो जाता है।

8. भाषायी सरलता-तरलता - भाषा की सरलता लेख को ग्राह्य बनाती है, पठनीय बनाती है, जिसको पाठक का दिलो-दिमाग आसानी से ह्दयंगम कर सके। यही पाठक को शुरु से लेकर अन्त तक बाँधे रखती है और एक प्रभावशाली यात्रा लेखन को संभव बनाती है। वास्तव में यह भावों से जुड़ा मामला है। भाव जितना गहरे होंगे, शब्द उतने ही सरल होंगे व लेखन में एक प्रवाह होगा।

9. मौलिक प्रस्तुतीकरण – हर सृजन की तरह यात्रा लेखन में भी लेखक के व्यक्तित्व की छाप होती है, जो ईमानदारी व संवेदनशीलता के साथ यात्रा से जुड़े अपने अनुभवों को साँझा करते-करते स्वतः ही प्रस्फुटित होती है। आप किसी भी विशिष्ट कोण से यात्रा वृतांत को उठा सकते हैं, बस ध्यान पाठकों का हित साधन रहे, अनुभवों की सत्यं-शिवं एवं सुन्दरं अभिव्यक्ति रहे।

10. यात्रा से जुड़ा दार्शनिक एवं आध्यात्मिक आयाम अर्थात् जीवन संदेश का तत्व – यात्रा से जुडे कई पहलु ऐसे होते हैं, जिनमें गहरे जीवन संदेश छिपे होते हैं, जीवन के दार्शनिक आयाम प्रकट होते हैं व आध्यात्मिक अनुभव लिए होते हैं। इनके साथ पाठकों को सामान्य से दृश्यों व घटनाक्रम में देखने का एक नया नजरिया मिलता है, जीवन के प्रति एक गहरी समझ विकसित होती है। इन्हें यथासम्भव अपनी समझ के आधार पर उभारा जा सकता है, प्रकट किया जा सकता है।

11. समाधान परक दृष्टि – यात्रा में कई तरह के समस्या प्रधान पहलुओं से रुबरु होना पड़ता है। इनको संतुलित व सकारात्मक ढंग से प्रस्तुत करना ही यात्रा लेखन का कौशल है। यहाँ पर, समाधान का हिस्सा बनें, समस्या का नहीं, एक प्रेरक पथ-प्रदर्शक वाक्य हो सकता है। अतः समस्या पर चर्चा करते हुए, इसके संभावित समाधान को प्रस्तुत कर सकते हैं। तथ्य कितने ही कटु हों, इनके प्रति ईमानदार किंतु संवेदनशील प्रस्तुतीकरण महत्वपूर्ण हो जाता है। इसके लिए क्षेत्रीय परिजनों के साक्षात्कार या संवाद के आधार पर पुष्ट तथ्यों को जोड़ा जा सकता है।

12. इसके साथ ही यात्रा वृतांत की लेखन शैली एक महत्वपूर्ण तत्व है, जो समय के साथ विकसित होती है। और यह हर व्यक्ति की उसके स्वभाव, प्रकृति एवं पृष्ठभूमि के अनुरुप विशिष्ट होती है, भिन्न होती है व उसके व्यक्तित्व की छाप लिए होती है। और यही क्रमशः उसका अपना एक अलग लेखन का अंदाज व शैली भी बन जाती है।

उपरोक्त तत्वों को ध्यान में रखते हुए यदि यात्रा लेखन होता है तो कोई कारण नहीं आपका यात्रा वृतांत रोचक, ज्ञानबर्धक एवं रोमाँचक न होगा, जो पाठकों के जीवन में कुछ सकारात्मक मूल्य जोड़ रहा होगा।

बुधवार, 26 मई 2021

यात्रा वृतांत कैसे लिखें?

                                                      यात्रा वृतांत लेखन के चरण

निश्चित रुप में यात्रा वृतांत का पहला ठोस चरण तो यात्रा के साथ शुरु होता है। व्यक्ति कहाँ की यात्रा कर रहा है, किस भाव और उद्देश्य के साथ सफर कर रहा है और किस तरह की जिज्ञासा व उत्सुक्तता लिए हुए है, इनकी गहनता, गंभीरता एवं व्यापकता एक अच्छे यात्रा वृतांत के आधार बनते हैं तथा यात्रा वृतांत में रोचकता और रोमाँच का रस घोलते हैं और साथ ही ज्ञानबर्धक भी बनाते हैं।

यात्रा वृतांत ज्ञानबर्धक बने इसके लिए यह भी आवश्यक हो जाता है कि यात्रा स्थल या रुट का पहले से कुछ अध्ययन किया गया हो। या कह सकते हैं कुछ रिसर्च की हो। पहले इसका एक मात्र साधन दूसरों के लिखे यात्रा वृतांत पढ़ना या वहाँ से घूम आए लोगों से की गई चर्चा होती थी। लेकिन आज इंटरनेट के जमाने में यह काम बहुत आसान हो गया है। लगभग हर लोकप्रिय ठिकानों पर ब्लॉग से लेकर वीडियोज मिल जाएंगे। बाकि कसर गूगल गुरु पूरा कर देते हैं, जिसमें किसी भी स्थान पर तमाम तरह की जानकारियाँ उपलब्ध रहती हैं।

यहीं से यात्रा वृतांत में नूतनता लाने के सुत्र भी मिल जाते हैं, कि अब तक दूसरे यात्री क्या कवर कर चुके हैं और इसमें कौन से पहलु या एंग्ल अभी बाकि हैं। हो सकता है कि अमुक यात्रा में आपकी रुचि के विषय पर अभी कोई प्रकाश ही न डाला गया हो या जो जानकारियाँ उपलब्ध है वे आपकी जिज्ञासा व उत्सुक्तता का समाधान नहीं कर पा रही हों। ऐसे में यह जानकारी का अभाव या खालीपन आपके यात्रा लेखन के नूतनता का एक प्रेरक तत्व बन जाता है।

उदाहरण के लिए हम एक शैक्षणिक भ्रमण में ऋषिकेश के पास कुंजादेवी शक्तिपीठ से बापसी में नीरझरना घूमना चाहते थे, लेकिन हमें कोई इसकी जानकारी देने वाला नहीं मिला। इंटरनेट खंगालने पर भी नीरझरने की कुछ फोटो या वीडियो के अलावा रुट की कोई जानकारी नहीं मिली। सो शिखर पर बसे कुँजापुरी से बापसी में लोगों से पूछते हुए, बीच में राह भटकते हुए हम इसको कवर किए थे। लेकिन यह स्वयं में एक रोचक एवं रोमाँचक यादगार यात्रा बन गई थी। इसे आप चाहें तो आगे दिए लिंक में पढ़ सकते हैं।यात्रा वृतांत - कुंजापुरी से नीरझरना ट्रैकिंग एडवेंचर।

और यदि स्थान बहुत लोकप्रिय है और इसमें पर्याप्त कवरेज हो चुकी है, तो भी यात्रा लेखक  अपने विशिष्ट नजरिए, अंदाज व शैली के आधार पर इसे नयापन दे सकता है, बल्कि देता है। एक ही स्थान को देखने के अनगिन नजरिए हो सकते हैं। किसी भी स्थान का प्राकृतिक सौंदर्य, भौगोलिक विशेषता, ऐतिहासिक-पौराणिक पृष्ठभूमि, वहाँ का रहन-सहन, खान-पान, लोक संस्कृति, विशिष्टता, राह की खास बातें आदि कितनी बातें, कितने तरीकों से व्यक्त हो सकती हैं। इसमें व्यक्ति के अपने मौलिक अनुभव एक नयापन घोलने में सक्षम होते हैं, जिससे कि यात्रा वृतांत एक ताजगी लिए तैयार होता है।

इसके साथ कोई भी स्थान या रुट कितना ही सुंदर, आकर्षक या मनभावन क्यों न हो, वहाँ कि कुछ कमियाँ, राह की दुर्गमताएं, समस्याएं या क्लचरल शॉक्स आदि भी यात्रा वृतांत के रोचक विषय बनते हैं, जो पाठकों के लिए उपयोगी हो सकते हैं। इससे नए यात्री या पर्यटक इनसे परिचित होकर आवश्यक तैयारी या सावधानी के साथ यात्रा का पूरा आनन्द ले पाते हैं। यदि लेखक किसी विषय की जानकारी रखता हो या विशेषज्ञता लिए हो तो स्थानीय समस्याओं के संभावित समाधान पर भी प्रकाश डाल सकता है, जो यात्रा वृतांत में ज्ञानबर्धन आयाम जोड़ते हैं और इसकी पठनीयता बढ़ जाती है। इसमें संवेदनशील व संतुलित रवैया उचित रहता है तथा दोषारोपण या छिद्रान्वेषण आदि से हर हालत में बचना उचित रहता है।

यात्रा वृतांत में राह में मिले अन्य यात्रियों, स्थानीय लोगों के साथ चर्चाएं भी यात्रा वृतांत के अनिवार्य पहलु रहते हैं, जो जानकारी को और प्रामाणिक तथा रोचक बनाते हैं। इससे पाठकों की कई सारी जिज्ञासाओं व प्रश्नों के समाधान बात-बात में मिल सकते हैं। अतः यात्रा में लोगों से संवाद एक महत्वपूर्ण तत्व रहता है, जिसे नजरंदाज नहीं किया जा सकता। यात्रा लेखक यदि घूमने के जुनून व जिज्ञासाओं से भरा हुआ है, तो ऐसे संवाद सहज रुप में ही घटित हो जाते हैं और प्रकृति भी राह में उचित पात्र के साथ मुलाकात में सहायक बनती है। इसमें कई लोगों को थोड़ा अचरज हो सकता है, लेकिन अनुभवी घुम्मकड़ ऐसे संयोगों को सहज रुप में समझ रहे होंगे व ऐसे संस्मरणों से नित्य रुबरु होते रहते हैं।

यात्रा वृतांत में फोटो का अपना महत्व रहता है। सटीक फोटो इसकी पठनीयत को बढ़ा देता है। यात्रा लेखक अपने लेखकीय कौशल के आधार पर जो कह नहीं पाता, वह एक उचित चित्र बखूबी व प्रभावशाली ढंग से स्पष्ट कर देता है, जिससे पाठक को यात्रा के साथ भाव चित्रण में सहायता मिलती है। हालाँकि किसी स्थल के प्राकृतिक सौंदर्य़, भौगोलिक विशेषता या भावों के सुंदर व जीवंत चित्रण को लेखक अपनी कलम से करने में काफी हद तक सक्षम होता है, जिसको पढ़ने का अपना आनन्द रहता है। किसी जमाने में जब फोटोग्राफी का चलन नहीं था, तो लोग पेन या पेंसिल के स्कैच से भी चित्रों का काम चला लिया करते थे।

यात्रा वृतांत लेखन में एक महत्वपूर्ण पहलू राह के पड़ाव व स्थानों के नाम व उनसे जुड़ी मोटी व खास जानकारियाँ भी रहते हैं। इसके लिए एक डायरी व पेन साथ में रहे, तो उचित रहता है। जहाँ भी जो स्थान आए, इनके नाम नोट किए जा सकते हैं। और यदि पहले से कुछ रिसर्च कर रखें हैं, तो इन स्थानों को पहले से ही डायरी में सुचिबद्ध कर रखा जा सकता है तथा साथ में सफर कर रहे लोगों से कुछ खास जानकारियों को बटोरा जा सकता है। फिर अपने अनुभव के आधार पर इनमें अतिरिक्त नयापन जोड़ा जा सकता है। अपनी डायरी या नोटबुक में नोट किए गए ये नाम या बिंदु बाद में लेखन में सहायक बनते हैं।

यात्रा पूरी होने के बाद फिर लेखन की बारी आती है। इसमें लेखन से जुड़े सर्वसामान्य नियमों का अनुसरण करते हुए पहला रफ ड्राफ्ट तैयार किया जाता है, जिसमें अपनी यात्रा के अनुभवों को एक क्रम में कागज या कम्पयूटर-लैप्टॉप पर उतारा जाता है। फिर शांत मन से कुछ और विचार मंथन व शोध के आधार पर दूसरे ड्रॉफ्ट में अतिरिक्त आवश्यक तथ्यों व जानकारियों को शामिल किया जा सकता है तथा इसमें भाषा की अशुद्धियों को ठीक करते हुए इसे पॉलिश किया जाता है। यदि लेखन की इस प्रक्रिया को विस्तार से जानना है तो हमारे ब्लॉग पर लेखन कला - लेखन की शुरुआत करें कुछ ऐसे को पढ़ा जा सकता है।

यात्रा वृतांत लेखन में यदि इन बातों का ध्यान रखा जाए व इन चरणों का अनुसरण किया जाए, तो निश्चित ही एक बेहतरीन यात्रा ब्लॉग तैयार हो जाएगा। और पाठक इसको पढ़कर यात्रा के साथ जुडी रोचकता व रोमाँच को अनुभव करेंगे। उनके ज्ञान में इजाफा होगा तथा वे आपके साथ भावयात्रा करते हुए सफर के आनन्द का हिस्सा बनेंगे। शायद यही तो एक यात्रा लेखन का मकसद रहता है।

यात्रा लेखन के ऊपर दिए बिंदुओं को और बेहतर समझने के लिए नीचे दिए कुछ यात्रा वृतांतों को पढ़ा जा सकता है -

यात्रा वृतांत - हमारी पहली झारखण्ड यात्रा

यात्रा वृतांत - सुरकुण्डा देवी का वह यादगार सफर, भाग-1

यात्रा वृतात - कुल्लू से नेहरुकुण्ड-वशिष्ट वाया मानाली लेफ्ट बैंक

यात्रा लेखन से जुड़े कुछ अन्य उपयोगी लेख -

यात्रा लेखन के मूलभूत तत्व

हिंदी यात्रा लेखन की परम्परा एवं यात्रा लेखन के महत्व

चुनींदी पोस्ट

पुस्तक सार - हिमालय की वादियों में

हिमाचल और उत्तराखण्ड हिमालय से एक परिचय करवाती पुस्तक यदि आप प्रकृति प्रेमी हैं, घुमने के शौकीन हैं, शांति, सुकून और एडवेंचर की खोज में हैं ...