सफल-सार्थक विद्यार्थी जीवन लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
सफल-सार्थक विद्यार्थी जीवन लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

रविवार, 24 मार्च 2024

एक सफल सार्थक विद्यार्थी जीवन के व्यवहारिक सुत्र-2

 

एकाग्रता एवं स्मरण शक्ति बढ़ाने के व्यवहारिक सुत्र

एकाग्रता एवं स्मरण शक्ति विद्यार्थी जीवन के आधारभूत घटक हैं। नए ज्ञान के अर्जन व इसे याद रखने के फलस्वरुप ही एक विद्यार्थी जीवन सफल होता है और सार्थकता की ओर बढ़ता है। और दोनों का आपस में अभिन्न सम्बन्ध है। यदि मन की एकाग्रता अच्छी है, तो विषय गहरे अंकित हो जाता है और उसको याद करना सरल हो जाता है।

और इन दोनों का सम्बन्ध रुचि से है। यदि हमारी किसी विषय में रुचि है तो मन सहज रुप से एकाग्र हो जाता है और उससे जुड़े तथ्य व आंकड़े आदि आसानी से याद हो जाते हैं। एक क्रिकेट प्रेमी विद्यार्थी अपने प्रिय खिलाड़ी के सारे रिकॉर्ड उंगली पर याद रखता है औऱ घंटों उसे खेलते हुए देख सकता है, कभी बोअर नहीं होता। लेकिन यदि उसे इतिहास की तिथियों को या गणित के सुत्रों को याद करने को कहें, तो उसे मुश्किल पड़ता है। कारण रुचि की अभाव रहता है।

अतः यहाँ अविभावकों और माता-पिता का भी कर्तव्य बनता है कि बच्चों पर अपनी रुचि, महत्वकाँक्षा को न थोंपें। उन्हें अपनी रुचि के अनुसार विषय को चुनने की आजादी दें। अपनी अधूरी इच्छाओं, कामनाओं, महत्वाकाँक्षाओं का बोझ बच्चों पर लादने पर वे विषय को तो ले लेते हैं, लेकिन आगे उनके लिए बोझ बनना शुरु हो जाता है। रुचि के अभाव में मन एकाग्र नहीं होता, कुछ समझ नहीं आता, कुछ याद नहीं रहता और एक बोझिल जीवन जीने के लिए अभिशप्त होते हैं। जो जीवन में बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकता है।

नई शिक्षा नीति में इस समस्या के निदान का प्रय़ास किया गया है, जहाँ बच्चे अपनी रुचि के अनुरुप विषयों का चयन कर सकते हैं। और यदि विद्यार्थी जीवन में वाइ चान्स भी किसी विषय में प्रवेश हो गया हो तो चिंता की जरुरत नहीं, चान्स से भी चुआइस को खोजा जा सकता है। हर विषय में इतनी शाखाएं रहती हैं कि विद्यार्थी थोड़ा बड़ों के मार्गदर्शन व थोड़ा होमवर्क करके अपनी रुचि का विषय खोज सकता है।

रुचि के साथ पढ़े गए विषय की जीवन में उपयोगिता को समझें। शिक्षकों का भी कर्तव्य बनता है कि उसका प्रेक्टिकल हिस्सा भी कराएं, ताकि टॉपिक बच्चों के मस्तिष्क में, समझ में गहरे अंकित हो जाए। और यदि किसी कारण विषय में रुचि न हो, तो उसके महत्व, उपयोगिता एवं लाभ को समझते हुए रुचि पैदा की जा सकती है।

एकाग्रता एवं स्मृति का मुख्य आधार रहता है शांत, स्थिर और प्रसन्न चित् की अवस्था। अतः ऐसे आहार, विहार, विचार एवं व्यवहार से बचें जो चित्त को अशाँत, उत्तेजित एवं दुःखी-उदास करते हों। कुल मिलाकर एक अनुशासित जीवन शैली को अपनाने की आवश्यकता रहती है। इस संदर्भ में मोबाइल से सावधान रहें, जिसका उपयोग अनुशासित न होने पर यह विद्यार्थी के अधिकाँश समय, ऊर्जा और एकाग्रता को भंग कर सकता है। अतः मोबाइल के उपयोग में अपने विवेक और इच्छा शक्ति का प्रयोग करें तथा इसकी माया को हावी न होने दें, जिससे नित्य निर्धारित लक्ष्य की स्मृति बनी रहेगी तथा मन भी एकाग्र रहेगा।

कहने की आवश्यकता नहीं कि आहार हल्का रखें, मिताहारी बनें। ठुस-ठुस कर खाने से बचें, ऐसे भोजन से बचें, जो तन-मन को उत्तेजित करता हो। ऐसे ही टॉक्सिक संग-साथ से दूर रहें, जो विचार व भावों को दूषित करते हों, मन के फोक्स को कमजोर करते हों। रात को समय पर बिस्तर पर जाएं, तभी सुबह समय पर उठ सकेंगे। और भरपूर नींद संभव होगी, जो स्मरण शक्ति व एकाग्रता का एक महत्वपूर्ण आधार रहती है। आधी अधूरी नींद में मन उचटा रहता है, एकाग्र नहीं हो पाता, यादाश्त भी बुरी तरह से प्रभावित होती है।

अपने विचारों को भी सकारात्मक बनाए रखें। इसके लिए श्रेष्ठ विचारों में रमण करें। प्रेरक साहित्य का स्वाध्याय करें। इसके साथ स्नान के बाद नित्य कुछ जप-ध्यान व पाठ आदि की न्यूनतन आध्यात्मिक व्यवस्था रखें। प्रातः स्वच्छ वायु में भ्रमण मस्तिष्क को सक्रिय करता है, उपरोक्त दोनों क्षमताओं को सशक्त करता है। इसके साथ रोज कुछ व्यायाम या खेल में भाग लें। आखिर स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मन वास करता है।

अपने कार्य स्थल व टेवल को साफ-सुथरा व सुव्यवस्थित रखें। कमरे में पर्याप्त हवा, धूप आदि की व्यवस्था हो। काम करते समय टेवल खाली हो, जो कार्य करना हो, वही सामने रहे। वाकि कार्य क्षेत्र को अपनी रुचि के अनुरुप अनुकूल बनाया जा सकता है।

टाइम टेबल बनाकर पढ़ने से भी पढाई अधिक प्रभावी ढंग से संभव होती है और अधिकाँश विषय कवर हो जाते हैं और एक साथ कई काम करने के मल्टिटास्किंग की समस्या से भी बच जाते हैं, जिसके कारण एकाग्रता और स्मरण शक्ति दोनों प्रभावित होते हैं। निर्धारित समय के बाद कुछ मिनट का ब्रेक ले सकते हैं। बौद्धिक श्रम से थकने पर कुछ शारीरिक श्रम वाले काम निपटा सकते हैं। कमरे में या वाहर प्रकृति में घूम टहल सकते हैं। जल या कुछ हेल्दी ड्रिंक ले सकते हैं।

इसके साथ ब्राह्मी, शंखपुष्पी, बच जैसे मस्तिष्क को पुष्ट करने वाली जड़ी-बुटियों का सेवन किया जा सकता है, जो स्मरण शक्ति व एकाग्रता में सहायक होते हैं। अखरोट व वादाम की गिरियाँ भिगों कर लेने पर टॉनिक का काम करती हैं।

इन सर्वसामान्य सुत्रों का ध्यान रखते हुए, एकाग्र चित्त के साथ पढते हुए, विषय को ह्दयंगम कर सकते हैं, लम्बे समय तक याद रख सकते हैं और परीक्षा में अच्छे अंकों को सुनिश्चित करते हुए एक सफल-सार्थक विद्यार्थी जीवन जी सकते हैं।

रविवार, 3 मार्च 2024

एक सफल-सार्थक विद्यार्थी जीवन के व्यवहारिक सुत्र, भाग-1

विद्यार्थी जीवन के महत्व की समझ

विद्यार्थी जीवन किसी भी व्यक्ति के जीवन का स्वर्ण काल होता है, जिसकी यादें जीवन भर गुदगुदाती रहती हैं, सुखद अहसासों के सागर में डूबने इतराने का कारण रहती हैं। साथ ही यह समय जीवन का निर्णायक दौर भी होता है। यदि सही संगत व मार्गदर्शन मिला तो जीवन संवर जाता है, भविष्य उज्जवल की दिशाधारा तय हो जाती है और यह मानव जीवन धन्य हो जाता है। अन्यथा यदि संग-साथ गलत रहा, सही मार्गदर्शन का अभाव रहा और विद्यार्थी जीवन के प्रति लापरवाही बरती गई तो यही जीवन नरक तुल्य बन जाता है, जिसके दंश से जीवन भर व्यक्ति उबर नहीं पाता। पग-पग पर इसके खामियाजे को भोगने के लिए व्यक्ति विवश-वाध्य महसूस करता है।

लेकिन बीत गया समय फिर बापिस नहीं आता। एक पश्चाताप के अतिरिक्त हाथ में कुछ नहीं बचता। विद्यार्थी जीवन की लापरवाहियों का दंश व्यक्ति स्वयं ही नहीं झेलता, पूरा परिवार, समाज, राष्ट्र एवं विश्व तथा मानवता इसको भुगतने के लिए अभिशप्त होती है। दुःखी, हैरान-परेशान, अशांत-क्लांत, बेरोजगार, आशंकित-आतंकित, आत्म-विश्वास से हीन पीढ़ी इसका दुष्परिणाम। जो अपने पतन की पराकाष्ठा में भ्रष्टाचार एवं अपराधों में लिप्त व्यक्तियों-नागरिकों की आत्मघाती पीढ़ी का कारण बन जाती है।

विद्या के अर्जन के लिए समर्पित व्यक्ति, दो प्रयोजन को पूरा करता है – 1. उन क्षमताओं-योगयताओं का अर्जन करता है, उस ज्ञान को प्राप्त करता है, जिससे अपने पैरों पर खड़ा हो सके। अर्थात किसी नौकरी के माध्यम से अपनी रोजगार को सुनिश्चित करता है। यदि नौकरी नहीं मिलती तो अपने कौशल व समझदारी के आधार पर स्वालबम्बी जीवन जीता है। 2. उन जीवन-कौशल की क्षमताओं का विकास करता है, जिनसे जीवन सफलता के साथ सार्थकता की अनुभूति लिए हो। युगऋषि के शब्दों में शिक्षा के साथ विद्या का अर्जन करता है। जीवन जीने की कला को सीखता है।

इसके लिए विद्यार्थी कैरियर गोल के साथ जीवन लक्ष्य की भी समझ को विकसित करता है। जिसमें अपने व परिवार के कल्याण के साथ समाज राष्ट्र एवं विश्व के कल्याण का भी भाव निहित हो। इसके लिए विद्यार्थी निम्न चरणों का चिंतन-मनन करते हुए अपने जीवन में अपना सकता है –

1.      अपनी रुचि, क्षमता एवं योग्यता के अनुरुप कोर्स का चयन, कैरियर गोल का निर्धारण।

2.      कक्षा में नियमितता, जो पढ़ाया गया, उसका घर आकर अध्ययन व नोट्स तैयार करना।

3.      अगले दिन प्रातः रिवीजन, जो समझ न आए, उसको क्लास में शिक्षक से पूछना व स्पष्ट करना।

4.   नित्य पुस्तकालय में कुछ समय बिताना, नोट्स को समृद्ध करना। यदि रोज कुछ छूट जाए तो, सप्ताह अंत व छुट्टियों में उसे पूरा करना।

5.      अपनी पढ़ाई के प्रति ईमानदार, एकनिष्ठ, लक्ष्य केंद्रित, फोक्सड जीवन। अर्जुन की तरह लक्ष्य केंद्रित।

6.      राग-रंग, फैशनवाजी, दुर्व्यसनों से दूर रहना। बिगड़ैल विद्यार्थियों के कुसंग से सावधान, सुरक्षित दूरी।  बुरी संगत से अकेला भला।

7.     अपने विषय से अपडेटिड, नित्य अखबार, मैगजीन व इंटरनेट के माध्यम से विषय की नवीनतम जानकारियों से रुबरु रहना। उसे भी नोट्स में जोड़ते जाना।

8.      अपनी पढ़ाई के साथ, कुछ समय सतसंग, स्वाध्याय व प्रेरक पुस्तकों के लिए भी।

9.      नित्य न्यूनतम जप-ध्यान (उपासना, प्रार्थना, पूजा) आदि का क्रम, प्रातः स्नान के बाद, उसी के साथ स्वाध्याय।

10.   रात को सोने से पहले दिन भर की समीक्षा, एक डायरी में लेखा जोखा।

11.   समय सारिणी बनाकर अध्ययन, जिससे पढ़ाई के हगर विषय कवर हों, साथ ही व्यक्तित्व का समग्र विकास सुनिश्चित हो।

12.   पढ़ाई, खेल-कूद-व्यायाम-शारीरिक श्रम, स्वाध्याय-पूजा-ध्यान, स्वस्थ मनोरंजन।

नित्य आत्म-निरीक्षण, आत्म-समीक्षा, आत्म-सुधार, आत्म-निर्माण।

13.   एक अनुशासित, संयमित जीवन शैली (आहार-विहार-विचार-व्यवहार) का पालन।

14.   संवेदनशील व्यवहार, जरुरतमंदो की सहायता, वाणी का संयम। विनम्र-शालीन व्यवहार।

15.   श्रमशीलता (अथक श्रम), स्वच्छता-सुव्यवस्था, मितव्ययिता (सादा जीवन उच्च विचार), शालीनता, सहकारिता जैसे सद्गुणों का अभ्यास।

16.   ईमानदारी-समझदारी-जिम्मेदारी-बहादुरी जैसे सद्गुणों का अभ्यास

17.   मोबाइल की माया से सावधान। इसके लिए समय निर्धारित। अपनी पढ़ाई में इसका अधिकतम उपयोग। मोटिवेशनल कंटेट।

18.   इसके साथ आएगा जीवन के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण, आशावादी रुख एव आत्म-विश्वास। साथ ही एक सफल विद्यार्ती जीवन सुनिश्चित होगा, जो सार्थकता की अनुभूति से सरोवार होगा।


चुनींदी पोस्ट

पुस्तक सार - हिमालय की वादियों में

हिमाचल और उत्तराखण्ड हिमालय से एक परिचय करवाती पुस्तक यदि आप प्रकृति प्रेमी हैं, घुमने के शौकीन हैं, शांति, सुकून और एडवेंचर की खोज में हैं ...