रविवार, 24 मार्च 2024

एक सफल सार्थक विद्यार्थी जीवन के व्यवहारिक सुत्र-2

 

एकाग्रता एवं स्मरण शक्ति बढ़ाने के व्यवहारिक सुत्र

एकाग्रता एवं स्मरण शक्ति विद्यार्थी जीवन के आधारभूत घटक हैं। नए ज्ञान के अर्जन व इसे याद रखने के फलस्वरुप ही एक विद्यार्थी जीवन सफल होता है और सार्थकता की ओर बढ़ता है। और दोनों का आपस में अभिन्न सम्बन्ध है। यदि मन की एकाग्रता अच्छी है, तो विषय गहरे अंकित हो जाता है और उसको याद करना सरल हो जाता है।

और इन दोनों का सम्बन्ध रुचि से है। यदि हमारी किसी विषय में रुचि है तो मन सहज रुप से एकाग्र हो जाता है और उससे जुड़े तथ्य व आंकड़े आदि आसानी से याद हो जाते हैं। एक क्रिकेट प्रेमी विद्यार्थी अपने प्रिय खिलाड़ी के सारे रिकॉर्ड उंगली पर याद रखता है औऱ घंटों उसे खेलते हुए देख सकता है, कभी बोअर नहीं होता। लेकिन यदि उसे इतिहास की तिथियों को या गणित के सुत्रों को याद करने को कहें, तो उसे मुश्किल पड़ता है। कारण रुचि की अभाव रहता है।

अतः यहाँ अविभावकों और माता-पिता का भी कर्तव्य बनता है कि बच्चों पर अपनी रुचि, महत्वकाँक्षा को न थोंपें। उन्हें अपनी रुचि के अनुसार विषय को चुनने की आजादी दें। अपनी अधूरी इच्छाओं, कामनाओं, महत्वाकाँक्षाओं का बोझ बच्चों पर लादने पर वे विषय को तो ले लेते हैं, लेकिन आगे उनके लिए बोझ बनना शुरु हो जाता है। रुचि के अभाव में मन एकाग्र नहीं होता, कुछ समझ नहीं आता, कुछ याद नहीं रहता और एक बोझिल जीवन जीने के लिए अभिशप्त होते हैं। जो जीवन में बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकता है।

नई शिक्षा नीति में इस समस्या के निदान का प्रय़ास किया गया है, जहाँ बच्चे अपनी रुचि के अनुरुप विषयों का चयन कर सकते हैं। और यदि विद्यार्थी जीवन में वाइ चान्स भी किसी विषय में प्रवेश हो गया हो तो चिंता की जरुरत नहीं, चान्स से भी चुआइस को खोजा जा सकता है। हर विषय में इतनी शाखाएं रहती हैं कि विद्यार्थी थोड़ा बड़ों के मार्गदर्शन व थोड़ा होमवर्क करके अपनी रुचि का विषय खोज सकता है।

रुचि के साथ पढ़े गए विषय की जीवन में उपयोगिता को समझें। शिक्षकों का भी कर्तव्य बनता है कि उसका प्रेक्टिकल हिस्सा भी कराएं, ताकि टॉपिक बच्चों के मस्तिष्क में, समझ में गहरे अंकित हो जाए। और यदि किसी कारण विषय में रुचि न हो, तो उसके महत्व, उपयोगिता एवं लाभ को समझते हुए रुचि पैदा की जा सकती है।

एकाग्रता एवं स्मृति का मुख्य आधार रहता है शांत, स्थिर और प्रसन्न चित् की अवस्था। अतः ऐसे आहार, विहार, विचार एवं व्यवहार से बचें जो चित्त को अशाँत, उत्तेजित एवं दुःखी-उदास करते हों। कुल मिलाकर एक अनुशासित जीवन शैली को अपनाने की आवश्यकता रहती है। इस संदर्भ में मोबाइल से सावधान रहें, जिसका उपयोग अनुशासित न होने पर यह विद्यार्थी के अधिकाँश समय, ऊर्जा और एकाग्रता को भंग कर सकता है। अतः मोबाइल के उपयोग में अपने विवेक और इच्छा शक्ति का प्रयोग करें तथा इसकी माया को हावी न होने दें, जिससे नित्य निर्धारित लक्ष्य की स्मृति बनी रहेगी तथा मन भी एकाग्र रहेगा।

कहने की आवश्यकता नहीं कि आहार हल्का रखें, मिताहारी बनें। ठुस-ठुस कर खाने से बचें, ऐसे भोजन से बचें, जो तन-मन को उत्तेजित करता हो। ऐसे ही टॉक्सिक संग-साथ से दूर रहें, जो विचार व भावों को दूषित करते हों, मन के फोक्स को कमजोर करते हों। रात को समय पर बिस्तर पर जाएं, तभी सुबह समय पर उठ सकेंगे। और भरपूर नींद संभव होगी, जो स्मरण शक्ति व एकाग्रता का एक महत्वपूर्ण आधार रहती है। आधी अधूरी नींद में मन उचटा रहता है, एकाग्र नहीं हो पाता, यादाश्त भी बुरी तरह से प्रभावित होती है।

अपने विचारों को भी सकारात्मक बनाए रखें। इसके लिए श्रेष्ठ विचारों में रमण करें। प्रेरक साहित्य का स्वाध्याय करें। इसके साथ स्नान के बाद नित्य कुछ जप-ध्यान व पाठ आदि की न्यूनतन आध्यात्मिक व्यवस्था रखें। प्रातः स्वच्छ वायु में भ्रमण मस्तिष्क को सक्रिय करता है, उपरोक्त दोनों क्षमताओं को सशक्त करता है। इसके साथ रोज कुछ व्यायाम या खेल में भाग लें। आखिर स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मन वास करता है।

अपने कार्य स्थल व टेवल को साफ-सुथरा व सुव्यवस्थित रखें। कमरे में पर्याप्त हवा, धूप आदि की व्यवस्था हो। काम करते समय टेवल खाली हो, जो कार्य करना हो, वही सामने रहे। वाकि कार्य क्षेत्र को अपनी रुचि के अनुरुप अनुकूल बनाया जा सकता है।

टाइम टेबल बनाकर पढ़ने से भी पढाई अधिक प्रभावी ढंग से संभव होती है और अधिकाँश विषय कवर हो जाते हैं और एक साथ कई काम करने के मल्टिटास्किंग की समस्या से भी बच जाते हैं, जिसके कारण एकाग्रता और स्मरण शक्ति दोनों प्रभावित होते हैं। निर्धारित समय के बाद कुछ मिनट का ब्रेक ले सकते हैं। बौद्धिक श्रम से थकने पर कुछ शारीरिक श्रम वाले काम निपटा सकते हैं। कमरे में या वाहर प्रकृति में घूम टहल सकते हैं। जल या कुछ हेल्दी ड्रिंक ले सकते हैं।

इसके साथ ब्राह्मी, शंखपुष्पी, बच जैसे मस्तिष्क को पुष्ट करने वाली जड़ी-बुटियों का सेवन किया जा सकता है, जो स्मरण शक्ति व एकाग्रता में सहायक होते हैं। अखरोट व वादाम की गिरियाँ भिगों कर लेने पर टॉनिक का काम करती हैं।

इन सर्वसामान्य सुत्रों का ध्यान रखते हुए, एकाग्र चित्त के साथ पढते हुए, विषय को ह्दयंगम कर सकते हैं, लम्बे समय तक याद रख सकते हैं और परीक्षा में अच्छे अंकों को सुनिश्चित करते हुए एक सफल-सार्थक विद्यार्थी जीवन जी सकते हैं।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

चुनींदी पोस्ट

पुस्तक सार - हिमालय की वादियों में

हिमाचल और उत्तराखण्ड हिमालय से एक परिचय करवाती पुस्तक यदि आप प्रकृति प्रेमी हैं, घुमने के शौकीन हैं, शांति, सुकून और एडवेंचर की खोज में हैं ...