शुक्रवार, 27 नवंबर 2026

जन्मशताब्दी का पावन अवसर, वंदनीया माताजी का भाव सुमरण एवं आत्म-निवेदन

वंदनीया माता भगवती देवी शर्मा - संक्षिप्त जीवन परिचय एवं प्रेरणा प्रवाह

वंदनीया माता भगवती देवी शर्मा, युगऋषि पं.श्रीराम शर्मा आचार्यजी की सहधर्मिणी के रुप में इस युग की नारी शक्ति का एक ऐसा जीवंत उदाहरण हैं, जो अपने सेवा, समर्पण, ममता-करुणा और तप-त्याग के साथ युग की दिशा को सृजन एवं समाधान की दिशा में ले जाने वाला प्रचण्ड प्रवाह रहीं। वंदनीया माताजी के बिना युगऋषि की तप-साधना एवं युग निर्माण आंदोलन अभियान की कल्पना भी नहीं की जा सकती, वे इसकी नींव थीं। ऋषियुग्म के रुप में दोनों ने वैदिक ऋषि परम्परा को पुनर्जीवित कर इस धरा-धाम को धन्य कर दिया और इस प्रवाह से जुड़ने वाले परिजन निहाल होते गए।

वर्ष 1926 में जन्मीं वंदनीया माताजी के इस वर्ष 2026 में सौ वर्ष पूरे हो रहे हैं, उनकी जन्म शताब्दी पर प्रस्तुत है वंदनीया माताजी के वहुआयामी व्यक्तित्व पर प्रकाश डालता संक्षिप्त परिचय -

दिव्य बचपन, जन्म के समय ही लाली के रुप में वंदनीया माताजी का बचपन अनुपम रहा। उनकी माँ को जन्म से पूर्व स्वप्न में उनके आगमन के दिव्य दर्शन हुए थे। ज्योतिषों ने कुंडली देखकर इनके आलौकिक भविष्य का भविष्यकथन कर दिया था। तदनुरुप वंदनीया माताजी का आदर्श बचपन खेल-कूद के साथ शिव अराधाना, ध्यान एवं सेवा में बीता, जिसमें तप-साधना और श्रद्धा के बीज स्पष्ट थे।

युगऋषि की सहधर्मिणी, आदर्श गृहिणी, युगऋषि की सहधर्मिणी के रुप में वंदनीया माताजी की श्रद्धा एवं तप-साधना के बीज को खाद-पानी व आवश्यक पौषण मिला और एक आदर्श गृहिणी के रुप में वे परिजनों के लिए प्रेरणा की मिसाल बनीं। परिवार को कैसे संस्कारशाला के रुप में विकसित किया जा सकता है, इसके व्यवहाहिक उदाहण के साथ ऋषियुग्म ने प्रशिक्षण दिया।

आदर्श शिष्या, श्रद्धा-समर्पण की प्रतिमूर्ति वंदनीया माताजी पूर्व जन्मों में भी गुरुदेव के साथ रहीं थी। ऐसा हिमालयवासी दादागुरु ने गुरुदेव को हिमालय यात्रा के दौरान मिलन पर स्पष्ट कर दिया था और उनके युग निर्माण अभियान में विशेष सहायक होने का संकेत दिया था। वंदनीया माताजी के लिए गुरुदेव पति के साथ ईष्ट-अराध्य एवं गुरु सबकुछ थे। उनकी जोड़ी कुछ ऐसी ही थी, जैसी राम-सीता, शिव-पार्वती की। निसंदेह रुप में वंदनीया माताजी सम्पूर्ण समर्पण के विरल भाव के साथ एक आदर्श शिष्या थी।

त्याग का आदर्श, वंदनीया माताजी में मिशन के कार्य एवं समाज सेवा के लिए अपना सर्वस्व न्यौछावर का जज़्वा था। गायत्री तपोभूमि की स्थापना के समय आवश्यकता पड़ने पर वंदनीया माताजी ने अपने सारे गहने-जेबर गुरु कार्य़ में सहज ही लगा दिए थे, जो एक सामान्य गृहिणी के लिए एक कठिन कार्य हो सकता था।

मौन तपस्विनी, वंदनीया माताजी एक मौन तपस्विनी की भूमिका में गृहकार्य़ के साथ गुरुकार्य करती रही। इसके लिए वे कितना तप-त्याग कर रही थी, जिसका आगंतुकों को अहसास भी नहीं हो पाता था। क्या सुबह, क्या शाम, यहाँ तक कि रात्रि समय में भी परिजनों के आने पर माताजी उनके लिए भोजन की व्यवस्था करती। सामान्य गृहिणी के रुप में दिखते हुए भी वंदनीया माताजी का अंतर्मन साधनामय रहता और रात को सब कार्यों से फुरसत होने पर फिर साधना में बैठतीं।

गृहस्थ-तपोवन, वैदिक ऋषियुग्म की परम्परा में वंदनीया माताजी ने गृहस्थ को एक तपोवन की संज्ञा दी, जिसमें संयम, सेवा और सहिष्णु की साधना की जाती है। आश्चर्य़ नहीं कि माताजी सबसे पहले जागती और सबके बाद सोती थीं। इस युग को ऋषि युग्म की सबसे बड़ी देन में से एक यह रही कि घर-परिवार में रहते हुए भी अध्यात्म को जिया जा सकता है। पूरा जीवन ही साधना है, यह उनका एक प्रेरक वाक्य रहा।

सबकी माँ, वंदनीया माताजी अपने परिवार तक सीमित नहीं थीं, वे सभी परिजनों की माँ थी। इसी भाव के साथ वे सबकी सेवा-सुश्रुणा करती थीं। युगऋषि के शब्दों में, वंदनीया माताजी, माँ के रुप में ही पैदा हुई हैं, वे सबकी माता हैं, हमारी भी। निसंदेह रुप में गुरुदेव की साधना से लेकर लेखन एवं साहित्य सृजन में वंदनीया माताजी ही आवश्यक साधन-सामग्री की व्यवस्था करती थीं। हर परिजन दुःख-कष्ट में उनकी आंचल की छांव में शांति-शीतलता व समाधान पाता रहा।

नारी जागरण की सुत्रधार, वंदनीया माताजी नारी जागरण की मिसाल थी और अपनी संतानों को भी इस दिशा में प्रवृत कीं। 1971 में शांतिकुंज आने पर माताजी की देखरेख एवं मार्गदर्शन में देवकन्याओं का विधिवत प्रशिक्षण शुरु हुआ। क्षेत्रों में ब्रह्मवादिनी बहनों के रुप में फिर इनके धूम मचाते कार्यक्रम हुए। और समाज में भी संदेश गया कि नारी को भी गायत्री मंत्र साधना से लेकर यज्ञ करने व करवाने का अधिकार है। नारी भोग्य-रमणी से आगे सृजन, पोषक एवं संहार, सभी शक्तियों से युक्त शक्तिस्वरुपा है।

भारतीय नारी का आदर्श, वे सीता माता की तरह समर्पण सेवा एवं करुणा की प्रतिमूर्ति थी और आवश्यकता पड़ने पर लक्ष्मीवाई, रणचण्डी की तरह अप्रतिमय यौद्धा भी। जो सतत अपनी संतानों को अपनी शक्ति के जागरण के लिए प्रेरित करती रही और गायत्री परिवार को अखिल विश्व गायत्री परिवार रुप देते हुए इसका भाव-पोषण करती रही व इनमें श्रेष्ठ संस्कारों का बीजारोपण करती रहीं।

व्यवस्था बुद्धि की गरिमा, आचार्यश्री के साथ में माताजी घर-गृहस्थी की देखभाल के साथ मिशन के छोटे से बड़े कार्यों की संभाल करती रहीं। और आचार्यश्री के हिमालय गमन एवं क्षेत्रों में व्यस्त होने पर पूरी व्यवस्था का नेतृत्व स्वयं करती रहीं। और आचार्यश्री के महाप्रयाण के बाद मिशन का गुरुत्कर भार कंधों पर लेकर इसका कुशल संचालन करती रहीं।

कुशल संगठनकर्ता, आचार्यजी के हिमालय में प्रवास के दौरान मिशन की संभाल, आचार्यश्री के महाप्रयाण के पश्चात, मिशन की बागडोर को संभालना व मिशन के विश्वव्यापी विस्तार में, उनका एक कुशल संगठनकर्ता का स्वरुप सामने आता है। उनके एक इशारे पर परिजन एवं कार्यकर्ता बड़े से बड़ा तप-त्याग एवं सेवा के लिए तत्पर हो जाते थे। गुरुदेव के महाप्रयाण के बाद 1990 का विराट श्रद्धांजलि समारोह, जून 1992 का शपथ समारोह और इसके बाद देश-विदेश व्यापी देवसंस्कृति दिग्विजय अभियान की श्रृंखला उनके कुशल संगठन एवं नेतृत्व क्षमता की परिचायक थीं।                     

कुशल संपादक-लेखन, आचार्यश्री के हिमालय गमन पर अखण्ड ज्योति संपादन से लेकर पत्र लेखन का पूरा जिम्मा वंदनीया माताजी संभालती रहीं। एक ओर जहाँ पत्र लेखन के माध्यम से परिजनों की कुशल-क्षेम पूंछती व उनके सुख-दुख बांटती रही, वहीं अखण्ड ज्योति में अपनो से अपनी बात स्तम्भ के माध्यम से उनका जीवन एवं समाज के प्रति दायित्व का बोध कराती रही।

भावप्रवण संगीतज्ञ, वंदनीया माताजी द्वारा बनाए एवं गाए गए प्रज्ञा गीत आज भी श्रोताओं को झकझोरते हैं, प्रेरित करते हैं। उनके स्वरों में प्रातःकालीन एवं रात्रिकालीन प्रार्थना आत्म-बोध एवं तत्ब-बोध की साधना को और गाढ़ा करती हैं तथा उनके शब्द याद आते हैं, जब वें कहती थी कि मेरे गीतों में लोग जीवन की प्रेरणा पाएंगे।

प्रेरक वक्ता, वंदनीया माताजी के अधिकांश कार्य नींव के पत्थर की भांति पृष्ठभूमि में ही रहे। क्रमिक रुप से वे बड़े आयोजनों में सामने आईं। संभवतः 1958 के विराट आयोजन में पहली बार माताजी मंच पर बैठी थी। और 1984 में पहली वार मंच से उद्बोधन दीं थी, जब पूज्य गुरुदेव सूक्षमीकरण साधना के कारण गहन एकांत में रह रहे थे। गुरुदेव के शरीर छोड़ने के बाद तो वंदनीया माताजी नियमित रुप से बच्चों व कार्यकर्तांओं को प्रेरित, प्रोत्साहित करती रहीं, जिनका भावपूर्ण एवं प्रकाशपूर्ण मार्गदर्शन अमृतवाणी के रुप में सुरक्षित है।

व्यवहारिक जीवन दर्शन, संसार में, गृहस्थ में रहते हुए भी अध्यात्म कैसे जिया जाए। ऋषियुग्म की इस युग की यह एक अभूतपूर्व देन रही। गुरुदेव द्वारा प्रतिपादित वैज्ञानिक अध्यात्म को वंदनीया माताजी ने सरल सुत्रों के माध्यम से व्यवहारिक जीवन दर्शन के रुप में अपने गीतों, अमृतवाणी के माध्यम से संप्रेषित किया। जिसे अखण्ड ज्योति के पन्नों पर धारावाहिक के रुप में पढ़ा जा सकता है, रिकोर्ड किए गए प्रवचनों के माध्यम से सुना जा सकता है। शताब्दी वर्ष में वंदनीया माताजी के जीवन दर्शन, साधना एवं संस्मरणों पर आधारित पुस्तकों में भी इन्हें पढ़ा जा सकता है।

सेवा की मिसाल, माँ अन्नपूर्णा, गुरुदेव ने उपासना, साधना, आराधना के रुप में जीवन साधना की त्रिवेणी को दिया, वंदनीया माताजी का सेवामयी जीवन उनकी मिसाल थी। वंदनीया माताजी के आश्रम में आया कोई आंगुतक भूखा नहीं गया, वे रात को जागकर भी भोजन करवातीं, कुशल-क्षेम पूछती। आज भी शांतिकुंज में माताजी के चौके का बना भोजन भंडारे के रुप में दिन-रात आने वाले आगंतुकों को परोसा जाता है, जिसके सात्विक भोजन में छिपा अलौकिक स्वाद, हर व्यक्ति अनुभव करता है।

विश्वव्यापी संगठन की धुरी, इस तरह वंदनीया माताजी संगठन की धुरी रही, पहले परोक्ष रुप में, फिर सामने आकर। महाप्रयाण से पूर्व वे अश्वमेध यज्ञों की श्रृंखला के माध्यम से इसे नया मुकाम दे गईं। इनके माध्यम से देवसंस्कृति दिग्विजय अभियान की ऐतिहासिक श्रृंखला का शुभारम्भ कर राष्ट्र के सांस्कृतिक जागरण का सबल आधार प्रस्तुत करती हैं और स्वयं इंग्लैंड, कनाडा और अमेरिका की धरती पर इनमें भाग लेकर प्रखर दिशाबोध दे जाती हैं।

गुरुदेव से एकाकार, समर्थ गुरु, वंदनीया माताजी गुरुदेव से एकाकार रहीं। पूर्ण समर्पण की यह सहज परिणति थी, कोई चमत्कार नहीं। दोनों में कोई भेद नहीं रह गया था। वेदान्त दर्शन की अदैवत स्थिति को शिष्य अनुभव करते थे। साथ ही वे गुरुदेव की तरह अंतर्यामी भी थीं, जो शिष्यों के मन को बिना कहे ही पढ़ लेती थीं। गायत्री दीक्षा के क्रम में लाखों परिजनों को वंदनीया माताजी से दीक्षा का सौभाग्य मिला। ऋषियुग्म के सम्मिलित तप, साधना एवं पुण्य के परिणामस्वरुप आज शांतिकुंज गायत्री तीर्थ के रुप में स्थापित है और आध्यात्मिक सेनिटोरियम के रुप में नित्य हजारों लोगों के लिए श्रद्धा-आस्था, सेवा एवं साधना का केंद्र है।

नारी के आध्यात्मिक उत्कर्ष की मूर्तिमा प्रतिमा, नारी शक्ति के बारे में शास्त्रों में पढ़ी बातें, उनको देखकर जीवंत हो जाती हैं। सीता, लक्ष्मी, सरस्वती, काली के रुप में, नौदुर्गा के हर रुप में उनकी कल्पना की जा सकती है। वे श्रद्धामयी, करुणामयी, ममतामयी, शक्तिस्वरुपा, महातपा स्वरुपा थी, जिनका स्मरण अवगाहन शिष्यों को भावुक कर देता है, शक्ति के असज्र स्रोत से जोड़ देता है, पूज्य गुरुदेव के पास पहुँचा देता है। दोनों का ऋषि युग्म शिव-शक्ति, सीता-राम, लक्ष्मी-नारायण के रुप में सामने प्रत्यक्ष हो जाता है।

वंदनीया माताजी का अभूतपूर्व युग-दर्शन, जो व्यक्ति को जहाँ खड़ा है, वहाँ से आगे बढ़ने, ऊपर उठने और जीवन की अपरिमात संभावनाओं को साकार करने की दिशा में प्रेरित करता है। इस तरह वंदनीया माताजी अपने शिष्य, संतानों एवं मानवमात्र के लिए एक वेमिसाल आध्यात्मिक विरासत छोड़ जाती हैं।

वंदनीया माताजी की जन्म शताब्दी, अखण्ड दीपक के सौ वर्ष पुरा होने व पूज्य गुरुदेव की साधना शताब्दी का यह वर्ष उनसे जुड़ने तथा उनके आंचल में विताए सौभाग्य के सुमरण का पावन अवसर है, साथ ही जिम्मेदारियों के वरण का ऐतिहासिक अवसर भी है, जिसमें उनके बताए जीवन सूत्रों एवं सिद्धांतों को अमली जामा पहनाया जाना है और युग निर्माण की संकल्पना को अपने स्तर पर साकार करना है। 

चुनींदी पोस्ट

वेदमूर्ति तपोनिष्ठ युगऋषि पं. श्रीरामशर्मा आचार्य

युग के विश्वामित्र, जिसने दिया 21वीं सदी उज्जवल भविष्य का नारा 20 सितम्बर, 1911 को आंवलखेड़ा, आगरा में जन्में पं. श्रीराम शर्मा आचार्...